हरियाणा की सिरसा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर के नाम से एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि गाड़ियों के काफिले पर लोगों की भीड़ पथराव और लाठी-डंडों से हमला कर रही है। इस दौरान सुरक्षाकर्मी लोगों की आक्रोशित भीड़ से गाड़ी को बचाते हुए भी नजर आ रहे हैं।
- दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो सिरसा का है। जहां लोगों की गुस्साई भीड़ ने वोट मांगने गए भाजपा प्रत्याशी अशोक तंवर पर हमला कर दिया।
- इस वीडियो को कई वेरिफाइड और नॉन वेरिफाइड यूजर्स ने एक्स पर शेयर किया। झारखंड कांग्रेस के ऑफिशियल अकाउंट से वीडियो शेयर किया गया। इसके कैप्शन में लिखा है- BJP प्रत्याशी अशोक तंवर को सिरसा वालों ने आज ही लोकसभा में भेज दिया।
झारखंड कांग्रेस के इस अकाउंट को एक्स पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता फॉलो करते हैं।
रविंद्र नधोरी नाम के वेरिफाइड यूजर ने लिखा- सिरसा में भाजपा के लोकसभा उम्मीदवार दलबदलू अशोक तंवर का किसानों ने जोरदार स्वागत किया।
कांग्रेस नेता हरीश मीना ने भी वायरल वीडियो को इसी दावे के साथ शेयर किया।
खुद को एक्स पर पत्रकार बताने वाले शिवम यादव ने लिखा- सिरसा लोकसभा से बीजेपी के प्रत्याशी अशोक तंवर का जनता ने कुछ इस अंदाज में स्वागत किया। बीजेपी नेताओं को जनता का खूब विरोध झेलना पड़ रहा है ,इससे साफ है बीजेपी 400 नहीं 40 सीट पर सिमटने वाली है।
