बोकारो स्टील प्लांट में शनिवार सुबह 10 बजे गैस रिसाव होने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार प्लांट में मीथेन गैस का रिसाव हुआ है। हादसा हॉट स्ट्रिप मिल में हुआ, जहां काम कर रहे मजदूरों ने भागकर अपनी जान बचाई।
गैस रिसाव होते ही वहां काम कर रहे मजदूरों की आंखों में जलन होने लगी। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, अब स्थिति पर काबू पा लिया गया है। 21 कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, डीसी ऑफिस की ओर से प्रेस रिलीज जारी कर कहा गया है कि बीएसएल प्लांट में गैस रिसाव की सूचना के बाद जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है। कुछ लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। एंबुलेंस और फायर बिग्रेड टीम भी राहत–बचाव कार्य में जुटी हुई है।
गैस रिसाव की घटना प्लांट के एचआर सेक्शन क्षेत्र की ओर हुआ है। यहीं हॉट स्ट्रिप मिल है। सभी मजदूर आनन-फानन में बदहवास स्थिति में मेन गेट से निकलकर भागने लगे। इसमें ज्यादातर ठेका मजदूर हैं।
हादसे के बाद की कुछ तस्वीरें देखिए…
जान बचाकर भागे मजदूर
घटना के संबंध में कर्मचारी मुकेश सिंह ने कहा कि हॉट स्ट्रिप मिल में गैस लीक हुई है। इससे आंखों में जलन होने लगी। जिसके बाद कर्मचारी भाग खड़े हुए। वहीं कर्मचारी प्रह्लाद यादव ने कहा कि आंख में जलन होने लगी। तेज बदबू की वजह से परेशान हो गए तो हम लोग काम छोड़ बाहर निकल आए।
रेसिडेंशियल कॉलोनी तक पहुंच गई थी बदबू
जानकारी के अनुसार प्लांट में गैस रिसाव की बदबू आवासीय कॉलोनी तक पहुंच गई। आवासीय परिसर के लोगों ने भी कहा कि गैस की बदबू यहां भी आ रही थी, लेकिन धीरे-धीरे बदबू कम हो गई।
प्रबंधन बोला-गैस लीक नहीं हुई
प्लांट के अधिकारी मणिकांत धान ने बताया कि बोकारो स्टील प्लांट के मिक्स्ड गैस पाइप लाइन, जिससे हॉट स्ट्रिप मिल के री हीटिंग फर्नेंस में गैस सप्लाई की जाती है, उसमें आज सुबह पहले से ही तय प्रोग्राम के अनुसार मेंटेनेंस का काम चल रहा था। पाइप लाइन बंद थी और इसमें कोई गैस नहीं थी। मेंटेनेंस के तहत एक कंपेंसेटर ( compensator) भी चेंज किया जाना था। जिसके लिए पाइप लाइन में कटिंग और वेल्डिंग का काम हो रहा था।
वेल्डिंग से निकलने वाले चिंगारी से पाइप लाइन के अंदर जमा नेप्था, सल्फर( naptha, sulphur) जो ज्वलनशील होते हैं उसमें आग पकड़ ली। इस वजह से काफी धुआं निकला जो पाइप लाइन के माध्यम से हॉट स्ट्रिप मिल तक फैल गया। इस कारण थोड़े समय के लिए अफरा तफरी हुई।
पाइप लाइन से किसी प्रकार के गैस की लीकेज नहीं हुई है। कोई घबराने की बात नहीं है। आग बुझा दी गई है। हमारे वरीय अधिकारी साइट पर हैं। कोई कर्मचारी हताहत नहीं हुआ है। गैस एनालाइजर मशीन द्वारा भी जांच की गई। जिसमें भी कोई गैस लीकेज नहीं मिला है।
बोकारो जनरल अस्पताल में 21 भर्ती
बोकारो जनरल अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में कहा गया कि आज बोकारो इस्पात संयंत्र में धुएं के संपर्क में आने के बाद कुल 21 कर्मचारी इलाज के लिए आए। जिनमें कुछ संविदा कर्मी भी शामिल हैं। उन्हें एहतियात के तौर पर अंडर ऑब्जर्वेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति सामान्य और स्टेबल है। डॉक्टर्स लगातार इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
