तेलंगाना के पूर्व CM के चंद्रशेखर राव की बेटी और भारत राष्ट्र समिति (BRS) नेता के. कविता की जमानत याचिका पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई हुई। जज कावेरी बावेजा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है। कोर्ट 8 अप्रैल को फैसला सुनाएगी।
ED ने दिल्ली शराब नीति केस से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कविता को 15 मार्च को गिरफ्तार किया था। वह 23 मार्च तक ED की हिरासत में थीं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने 26 मार्च को उन्हें 9 अप्रैल तक ज्यूडिशियल कस्टडी में भेजा था। तब से कविता तिहाड़ जेल में हैं। उन्होंने अपने नाबालिग बेटे की परीक्षा को लेकर अंतरिम जमानत की मांग की थी।
