प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तेलंगाना के अदिलाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मेरे परिवार को लेकर मुझ पर निशाना साधा गया। मैं परिवारवाद की बात करता हूं तो विपक्ष के लोग कहते हैं कि मोदी का कोई परिवार नहीं है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि मेरा देश, 140 करोड़ देशवासी मेरा परिवार हैं। अब पूरा देश बोल रहा है कि मैं हूं मोदी का परिवार। उन्होंने कहा कि परिवारवादी पार्टी के चेहरे अलग हो सकते हैं, लेकिन चरित्र एक ही होता है। दो पक्की चीजें हैं इनके चरित्र में एक झूठ और दूसरा लूट।
दरअसल, 2 मार्च को बिहार के पटना में महागठबंधन रैली में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री मोदी के परिवार को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसी के जवाब में पीएम ने यह बात कही। पीएम के इसी बयान के चलते इस समय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ‘मैं हूं मोदी का परिवार’ ट्रेंड कर रहा है। इसी के चलते पीएम मोदी के परिवार की बातें भी हो रही हैं। तो आइए जानते हैं पीएम के परिवार में कौन-कौन है और वे क्या करते हैं…
प्रधानमंत्री का परिवार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दादा का नाम मूलचंद मगनलाल मोदी था। उनके छह बेटे थे दामोदरदास मोदी, नरसिंहदास मोदी, नरोत्तमभाई मोदी, जगजीवनदास मोदी, कांतिलाल और जयंतीलाल मोदी। नरेंद्र मोदी के पिता का नाम दामोदरदास मूलचंद मोदी है। दामोदरदास वडनगर के रेलवे स्टेशन पर चाय बेचते थे। दामोदरदास और हीराबेन मोदी के 6 बच्चे हैं। इन्हीं छह भाई-बहनों में नरेंद्र मोदी तीसरे नंबर पर हैं।
पीएम मोदी सोमाभाई और अमृतभाई से छोटे हैं और प्रह्लादभाई और पंकजभाई से बड़े हैं। नरेंद्र मोदी की एक बहन भी हैं। इनका नाम वसंतीबेन है। मोदी का परिवार आज भी एक मध्यम वर्गीय परिवार की तरह ही साधारण जीवन जी रहा है। मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब भी उनका परिवार सुर्खियों से दूर ही रहा।
