पटना के गांधी मैदान में RJD सुप्रीमो लालू यादव ने पीएम मोदी और नीतीश कुमार को निशाने पर लिया। बारिश के बीच महागठबंधन के कार्यकर्ता डटे रहे। लालू ने 25 मिनट तक भाषण दिया।
आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव ने कहा कि मोदी परिवारवाद पर बोलते हैं, उनके पास परिवार ही नहीं हैं। वो हिंदू नहीं। मां की मौत के बाद उन्होंने दाढ़ी, बाल क्यों नहीं बनवाया। मोदी देश में नफरत फैला रहे हैं।
नीतीश पर लालू ने कहा कि हमने कोई गाली गलौज नहीं किया। पहली बार जब यहां से निकले तब कोई गाली नहीं दिया। यही कहा कि पलटू राम हैं। नहीं पलटना चाहिए, लेकिन दोबारा गलती हो गई।
रैली में राहुल गांधी ने कहा कि देश में जब भी बदलाव आता है, तो बिहार में तूफान शुरू होता है। बिहार देश की राजनीति का नर्व सेंटर है। पीएम 2-3 लोगों के लिए ही काम करते हैं। आगे कहा कि ज्यादा नहीं बोलूंगा, लालू जी को बोलना है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मोदी झूठे हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि ये वही गांधी मैदान है, जहां से हमने 2 लाख नौकरियां बांटी। आज सरकार अपने नाम पर पोस्टर लगवा रही है। नीतीश कुमार पलटीमार हैं। नीतीश कुमार के लिए ऋतिक रोशन का एक गाना है। इधर चला मैं, उधर चला। तेजस्वी ने पीएम मोदी को भी जवाब दिया। पिता के काम का जिक्र नहीं करने वाले बयान पर कहा कि लालू यादव ने रेलवे को मुनाफा पहुंचाया, आपने निजीकरण किया।
