दिल्ली से जयपुर पहुंची एअर इंडिया की फ्लाइट AI – 1719 की लैंडिंग फेल होने से दहशत फैल गई। बुधवार दोपहर को विमान रनवे को टच करते ही वापस उड़ गया।
जानकारी के अनुसार फ्लाइट में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी थे। रंधावा पंजाब के पूर्व डिप्टी CM व गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद हैं। हालांकि करीब 10 मिनट बाद दूसरे प्रयास में विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहले भी लैंडिंग फेल होने की घटनाएं सामने आई हैं।
पायलट ने आखिरी मिनटों में क्यों बदला फैसला?
दरअसल, फ्लाइट AI – 1719 ने दोपहर करीब 1 बजकर 5 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग का प्रयास किया था। इस दौरान पायलट ने रनवे को छूते ही विमान को दोबारा हवा में उठा लिया।
अस्थिर अप्रोच के कारण पायलट ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ‘गो-अराउंड’ का फैसला लिया। पहले प्रयास के बाद विमान ने एयरपोर्ट के ऊपर कुछ देर तक गोल चक्कर लगाया।
करीब 10 मिनट बाद पायलट ने सफल लैंडिंग की। इस फ्लाइट में 135 पैसेंजर्स थे।
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सवार थे
सूत्रों के मुताबिक, इस फ्लाइट में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा भी सवार थे। घटना के दौरान विमान में मौजूद यात्रियों में कुछ समय के लिए चिंता जरूर रही।
एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि उड़ानों के संचालन में इस तरह की स्थिति पूरी तरह सुरक्षा मानकों के तहत आती है। ऐसे में पायलट को किसी भी स्तर पर लैंडिंग सुरक्षित नहीं लगती, तो वह विमान को दोबारा हवा में उठाने का निर्णय ले सकता है।
