Headlines

एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र:सेना के 3 अफसरों को कीर्ति चक्र, 13 को शौर्य चक्र; 982 पुलिस कर्मियों को सेवा मेडल

एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र:सेना के 3 अफसरों को कीर्ति चक्र, 13 को शौर्य चक्र; 982 पुलिस कर्मियों को सेवा मेडल

नई दिल्ली1 घंटे पहले
शुभांशु शुक्ला एयरफोर्स में ग्रुप कैप्टन हैं। वह पिछले साल अंतरिक्ष में गए थे।

गणतंत्र दिवस के एक दिन पहले रविवार को केंद्र सरकार ने गैलेंट्री अवॉर्ड्स और सर्विस मेडल की घोषणा की। एस्ट्रोनॉट और एयरफोर्स में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र से सम्मानित किया जाएगा। वहीं तीन अधिकारियों को कीर्ति चक्र और 13 को शौर्य चक्र दिया जाएगा।

इस बार पुलिस, फायर ब्रिगेड, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और करेक्शनल सर्विस से जुड़े 982 कर्मियों को बेहतरीन (उत्कृष्ट) सेवा के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें 125 वीरता पदक (गैलेंट्री मेडल्स) भी शामिल हैं।

जम्मू-कश्मीर ऑपरेशन थिएटर में 45 वीरता पदक

सबसे ज्यादा 45 वीरता पदक जम्मू और कश्मीर ऑपरेशन थिएटर में तैनात कर्मियों को दिए गए हैं। यहां ऑपरेशन थिएटर का मतलब वह जगह या इलाका, जहां लंबे समय तक आतंकवाद, घुसपैठ के खिलाफ और कानून-व्यवस्था से जुड़े ऑपरेशन चलते रहते हैं।

नक्सल हिंसा प्रभावित क्षेत्रों के 35 और पूर्वोत्तर क्षेत्र में तैनात 5 कर्मियों को इन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। फायर ब्रिगेड सर्विस के 4 बचावकर्मियों को भी वीरता पदक के लिए चुना गया।

प.बंगाल: आरजी कर केस की जांच में शामिल CBI अधिकारी को वीरता पदक

वी चंद्रशेखर वर्तमान में दिल्ली जोन में CBI हेड के पद पर कार्यरत हैं।

कैटेगरीज वाइज अवॉर्ड:101 प्रेसिडेंट मेडल

  • 125 गैलेंट्री मेडल: 121 पुलिसकर्मी और 4 फायर ब्रिगेड कर्मी
  • 101 प्रेसिडेंट मेडल (PSM): 89 पुलिस, 5 फायर ब्रिगेड, 3 सिविल डिफेंस/होम गार्ड और 4 करेक्शनल सर्विस कर्मी
  • 756 मेरिटोरियस सर्विस मेडल (MSM): 664 पुलिस, 34 फायर ब्रिगेड, 33 सिविल डिफेंस/होम गार्ड और 25 करेक्शनल सर्विसकर्मी।

केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में CRPF एकमात्र फोर्स है जिसे 12 पदकों के साथ वीरता पुरस्कार मिले हैं। CBI के 31 अधिकारियों को प्रेसिडेंट मेडल और मेरिटोरियस मेडल मिले हैं।

इनमें आरजी कर रेप-मर्डर केस की जांच करने वाले CBI के जॉइंट डायरेक्टर वी चंद्रशेखर भी शामिल हैं। चंद्रशेखर ने कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर के रेप-मर्डर केस की जांच की थी।

दिल्ली पुलिस को 14 अवॉर्ड

जम्मू-कश्मीर पुलिस को सबसे ज्यादा 33 वीरता पदक मिले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस (31), उत्तर प्रदेश पुलिस (18) और दिल्ली पुलिस (14) का स्थान है।

जानिए इन अवॉर्ड्स के बारे में…

  • वीरता पदक: किसी व्यक्ति को वीरता के दुर्लभ असाधारण कार्य, जीवन-संपत्ति बचाने, अपराध को रोकने, अपराधियों को गिरफ्तार करने में असाधारण वीरता के लिए दिया जाता है। संबंधित अधिकारी के दायित्व-कर्तव्य को ध्यान में रखकर जोखिम का अनुमान लगाया जाता है।
  • प्रेसिडेंट सेवा मेडल: PSM सेवा में विशेष विशिष्ट रिकॉर्ड के लिए दिया जाता है।
  • मेधावी सेवा मेडल: यह मेडल सेवा संसाधन और कर्तव्यनिष्ठा से की जाने वाली मूल्यवान सेवा के लिए दिया जाता है।

शुभांशु शुक्ला- ISS की यात्रा करने वाले पहले भारतीय

शुभांशु ने 25 जून, 2025 को नासा के एक्सियम मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) की यात्रा की थी।

शुभांशु शुक्ला भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन, टेस्ट पायलट और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अंतरिक्ष यात्री हैं। उन्होंने 25 जून, 2025 को नासा के एक्सियम मिशन के तहत इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) की यात्रा की थी। वे ISS पर 18 दिन रहे। वह 1984 में राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय हैं। वे गगनयान मिशन में भी शामिल हैं।

शुभांशु शुक्ला मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले हैं। इनकी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई अलीगंज, लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में हुई। 12वीं के बाद उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) का एंट्रेंस एग्जाम क्लियर किया और यहीं से ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024