Headlines

कांग्रेस नेता ने 10 बार पैर पकड़ माफी मांगी,VIDEO:पानीपत में महिला से मोबाइल नंबर मांगने का आरोप, ग्रामीणों ने पकड़ा तो बोला- तू मेरी बहन

कांग्रेस नेता ने 10 बार पैर पकड़ माफी मांगी,VIDEO:पानीपत में महिला से मोबाइल नंबर मांगने का आरोप, ग्रामीणों ने पकड़ा तो बोला- तू मेरी बहन

पानीपत4 घंटे पहलेलेखक: अमन वर्मा
विरोध होने पर महिला के पैर पकड़कर व हाथ जोड़कर उसे बहन कहते हुए माफी मांगते सतपाल वाल्मीकि।

पानीपत बस स्टैंड का एक वीडियो सामने आया है जिसमे कांग्रेस के एक नेता की लोग जमकर क्लास ले रहे हैं। नेता बार-बार एक महिला के पैरों की तरफ झुककर फिर घुटनों पर बैठकर माफी मांगते दिख रहे हैं। बताया जा रहा है प्राइवेट बस में महिला का मोबाइल नंबर मांगने से उपजे विवाद के बाद ये सारा हंगामा हुआ।

मौके पर मौजूद लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल किया। हालांकि इस संबंध में महिला की ओर से किसी थाने में शिकायत देने की बात सामने नहीं आई है।

वीडियो में दिख रहे सतपाल वाल्मीकि इसराना हलके से कांग्रेस के टिकट के दावेदारों में शामिल रहे थे। दैनिक भास्कर एप की टीम ने बात करते हुए उन्होंने बताया कि महिला का बैंक अकाउंट हैक हो गया था, इसीलिए उनका नंबर मांगा था।

पूरे घटनाक्रम से जुड़े PHOTOS…

फोन पर महिला की शिकायत मिलने पर बस स्टैंड पहुंचे परिजन और बस के भीतर सतपाल और महिला को तलाशने जाते हुए।
बस से नीचे उतरती महिला। इसी महिला ने सतपाल वाल्मीकि पर मोबाइल नंबर मांगने का आरोप लगाया है।
सतपाल, महिला को कहते हुए कि मैंने तुझे बहन कह कर ही बात की थी।
ग्रामीणों के सिर पर हाथ रखकर कसम खाते हुए सतपाल कि मैंने बहन कह कर ही बात की थी।
चलती बात को बीच में ही छोड़कर तेज कदमों से पीछे मुड़कर जाते हुए सतपाल वाल्मीकि।

यहां पढ़िए, क्या है पूरा मामला…

  • चलती बस में नंबर मांगने का आरोप: मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय शुरू हुई जब सतपाल वाल्मीकि एक निजी बस में सवार थे। आरोप है कि बस में सफर कर रही एक महिला को देखकर उन्होंने उससे उसका मोबाइल नंबर मांगने की कोशिश की। महिला ने जब इसका विरोध किया। स्थिति को भांपते हुए महिला ने तुरंत अपने गांव में फोन कर परिजनों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दे दी।
  • बस स्टैंड पर ग्रामीणों का ‘शक्ति प्रदर्शन’: जैसे ही बस पानीपत बस स्टैंड पर पहुंची, वहां पहले से ही काफी संख्या में ग्रामीण और महिला के परिजन इकट्ठा थे। जैसे ही सतपाल वाल्मीकि बस से नीचे उतरे, ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। ग्रामीणों का गुस्सा देखकर नेताजी के हाथ-पांव फूल गए। भीड़ ने उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई और उनके इस कृत्य को शर्मनाक बताया।
  • 10 से ज्यादा बार पकड़े पैर, बोले- ‘बहन माफ कर दो’: खुद को ग्रामीणों के बीच घिरा देख और मामले को बढ़ता देख सतपाल वाल्मीकि ने अपना रसूख छोड़कर माफी मांगना ही बेहतर समझा। वीडियो में भी दिख रहा है कि सतपाल वाल्मीकि महिला के सामने बार-बार झुक रहे हैं। उन्होंने 10 से ज्यादा बार महिला के पैर पकड़े और उसे अपनी ‘बहन’ बताते हुए जान बख्शने की गुहार लगाई। वह बार-बार कहते नजर आए, “मुझसे गलती हो गई बहन, मुझे माफ कर दो।”
  • महिला बोली- मेरा नंबर क्या सरकारी है: सतपाल बार-बार भगवान कसम, बच्चों की कसम, अपनी कसम खाते नजर आए। इस दौरान महिला ने कहा कि मुझसे नंबर क्यों मांगा था। मेरा नंबर सरकारी है क्या। जिस पर सतपाल ने कहा कि तू मेरी बहन जैसी है। मेरे घर भी बहन-बेटी है। मुझे माफ कर दे।
  • मौका पाकर मौके से हुए निकले: माफी मांगने के बावजूद ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा था। बस स्टैंड पर काफी देर तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इसी गहमागहमी के बीच, जैसे ही भीड़ का ध्यान थोड़ा भटका, सतपाल वाल्मीकि चुपके से वहां से निकले। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे तब तक वहां से निकल चुके थे।

घटना पर कांग्रेस नेता की 2 बातें…

  1. महिला का अकाउंट हैक हुआ: कांग्रेस नेता सतपाल वाल्मीकि ने बताया कि जब वे बस में सफर कर रहे थे, उस दौरान 2 महिलाएं और एक जेंट्स उनकी सीट के पीछे बैठे थे। पास वाली सीट पर एक बुजुर्ग महिला भी बैठी थी। तभी अचानक पीछे बैठी महिला ने कहा कि उनका बैंक अकाउंट हैक कर लिया है।
  2. पुलिसकर्मी रहा हूं, इसीलिए नंबर मांगा: सतपाल वाल्मीकि ने बताया कि इसके बाद महिला को इसकी कंप्लेंट करने के लिए कहा। मैं एक्स पुलिसकर्मी रहा हूं, उनसे नंबर मांगकर उनकी शिकायत दर्ज करवाने के लिए कहा। इसके कुछ ही देर बाद पानीपत बस स्टैंड आ गया। जहां ये सब घटना हुई।

टिकट की दौड़ में थे शामिल सतपाल वाल्मीकि इसराना विधानसभा क्षेत्र से सक्रिय राजनीति में हैं और 2024 के चुनावों में कांग्रेस की ओर से टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे। इस घटना के बाद कांग्रेस पार्टी के लिए भी असहज स्थिति पैदा हो गई। वहीं स्थानीय विपक्ष अब इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर हमलावर है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर यूजर्स कमेंट कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024