Headlines

भारतीय सेना को मिले 491 युवा अफसर:आर्मी चीफ जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने ली सलामी, नए अधिकारियों के साथ 12 सेकेंड में मारे 18 पुशअप्स, VIDEO

भारतीय सेना को मिले 491 युवा अफसर:आर्मी चीफ जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने ली सलामी, नए अधिकारियों के साथ 12 सेकेंड में मारे 18 पुशअप्स, VIDEO

आदर्श शर्मा, देहरादून2 घंटे पहले
परेड के बाद नए अधिकारियों के साथ पुशअप्स लगाते जनरल उपेन्द्र द्विवेदी।

देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) के ऐतिहासिक ड्रिल स्क्वायर में शनिवार को 157वीं पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन हुआ। परेड में परंपरा, अनुशासन और सैन्य गरिमा का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला।

इस अवसर पर कठोर प्रशिक्षण पूरा कर चुके अधिकारी कैडेट्स को भारतीय सेना में कमीशन प्रदान किया गया। समारोह अकादमी के आदर्श वाक्य “वीरता और विवेक” तथा कैडेट्स के साहस, नेतृत्व और मानसिक दृढ़ता का प्रतीक रहा।

परेड की समीक्षा थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने की। उन्होंने नव-नियुक्त अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सेना में कमीशन मिलना केवल प्रशिक्षण का समापन नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति आजीवन दायित्व और निस्वार्थ सेवा की शुरुआत है। परेड के बाद उपेन्द्र द्विवेदी ने नए अधिकारियों संग पुशअप्स भी लगाए। जिसका एक वीडियो भी सामने आया है, इसमें वह 12 सेकेंड में 18 पुशअप्स मारते हुए नजर आ रहे हैं।

491 कैडेट भारतीय सेना में शामिल हुए।
स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और स्वर्ण पदक (मेरिट में प्रथम) एसीए निश्कल द्विवेदी को प्रदान किया गया।
विदेशी कैडेट्स में मोहम्मद सफीन अशरफ को पदक से सम्मानित करते थल सेना प्रमुख।
कैडेट्स को सेना में कमीशन दिया गया।
कैडेट्स को शुभकामनाएं देते आर्मी चीफ।
आर्मी की ड्रेस में पहुंचे नन्हें बच्चों के साथ थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी।
पुशअप्स मारने के बाद खड़े होते जनरल उपेन्द्र द्विवेदी।

525 भारतीय और 34 विदेशी कैडेट्स को मिला कमीशन

157वें रेगुलर कोर्स, 46वें टेक्निकल एंट्री स्कीम, 140वें टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स, 55वें स्पेशल कमीशंड ऑफिसर्स कोर्स और टेरिटोरियल आर्मी ऑनलाइन एंट्रेंस एग्जाम 2023 कोर्स के कुल 525 अधिकारी कैडेट्स सेना में कमीशंड हुए।

14 मित्र राष्ट्रों के 34 विदेशी अधिकारी कैडेट्स को भी कमीशन प्रदान किया गया। यह समारोह भारत और मित्र देशों के बीच दीर्घकालिक सैन्य सहयोग को और मजबूती देता है।

थल सेना प्रमुख का संदेश– परंपरा, निष्ठा और नेतृत्व निभाएं

थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने परेड के दौरान कैडेट्स के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सहनशक्ति की सराहना की।

उन्होंने कहा कि युवा अधिकारी भारतीय सेना की गौरवशाली परंपराओं का पालन करें और निष्ठा, प्रतिबद्धता व सम्मान के साथ राष्ट्र सेवा करें। सेना का हर अधिकारी देश की संप्रभुता और मूल्यों की रक्षा का प्रहरी होता है।

पारंपरिक ‘अंतिम पग’ के साथ परेड का समापन

समारोह के दौरान गर्वित अभिभावक, परिजन, वरिष्ठ सैन्य अधिकारी और विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

परेड का समापन पारंपरिक ‘अंतिम पग’ के साथ हुआ, जब नव-नियुक्त अधिकारियों ने राष्ट्र की सुरक्षा, सम्मान और अखंडता की रक्षा का संकल्प लेकर सैन्य जीवन की नई यात्रा शुरू की।

परेड से जुड़े पल-पल के अपडेट्स के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

अपडेट्स

12:35 PM13 दिसम्बर 2025

कैडेट्स ने देश की रक्षा और सेवा की शपथ ली

भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) में युवा अधिकारियों ने कठिन प्रशिक्षण के बाद देश के प्रति निष्ठा और बलिदान की प्रतिज्ञा की।

12:04 PM13 दिसम्बर 2025

नए अधिकारी सेना में शामिल

पासिंग आउट परेड (POP) में कैडेट्स को सेना में कमीशन दिया गया।

11:14 AM13 दिसम्बर 2025

विदेशी कैडेट्स में मोहम्मद सफीन अशरफ को मिला पदक

विदेशी कैडेट्स में मेरिट में प्रथम स्थान का पदक बांग्लादेश के जेयूओ मोहम्मद सफीन अशरफ को मिला। ऑटम टर्म 2025 में समग्र रूप से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए इम्फाल कंपनी को थल सेना प्रमुख बैनर प्रदान किया गया।

10:54 AM13 दिसम्बर 2025

जाधव सुजीत संपत और अभिनव मेहरोत्रा को रजत पदक

टेक्निकल ग्रेजुएट कोर्स में मेरिट में प्रथम स्थान के लिए ऑफिसर कैडेट जाधव सुजीत संपत और टेक्निकल एंट्री स्कीम–46 में प्रथम स्थान के लिए डब्ल्यूसीसी अभिनव मेहरोत्रा को रजत पदक प्रदान किया गया। स्पेशल कमीशन ऑफिसर कोर्स का रजत पदक ऑफिसर कैडेट सुनील कुमार छेत्री को दिया गया।

10:20 AM13 दिसम्बर 2025

निष्कल द्विवेदी को मिला स्वॉर्ड ऑफ ऑनर अवॉर्ड

IMA का सर्वोच्च सम्मान सर्वोत्तम स्वॉर्ड ऑफ ऑनर अवॉर्ड निष्कल द्विवेदी को दिया गया है। सिल्वर मेडल से बादल यादव और ब्रॉन्ज मेडल से कमलजीत सिंह को सम्मानित किया गया।

09:47 AM13 दिसम्बर 2025

परेड का निरीक्षण करते सेनाध्यक्ष

09:37 AM13 दिसम्बर 2025

मुख्य अतिथि चीफ ऑफ द आर्मी स्टॉफ उपेंद्र द्विवेदी पहुंचे

09:26 AM13 दिसम्बर 2025

लेफ्टिनेंट जनरल नागेंद्र सिंह पहुंचे

08:47 AM13 दिसम्बर 2025

परेड से पहले कैडेट्स रिहर्सल करते हुए

08:38 AM13 दिसम्बर 2025

डायवर्जन और सुरक्षा इंतजाम

आज सुबह 5:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक IMA की ओर सभी आम यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और पूरा क्षेत्र जीरो जोन घोषित किया गया है। इस दौरान बल्लूपुर से प्रेमनगर जाने वाले वाहनों को रांघड़वाला-मीठी बेरी के मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। छोटे वाहन प्रेमनगर चौक से एमटी गेट, मीठी बेरी गेट और रांघड़वाला होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। वहीं, भारी वाहन धूलकोट तिराहा, सिंघनीवाला और नया गांव मार्ग से शहर की ओर जाएंगे। देहरादून से विकासनगर जाने वाले वाहन शिमला बाईपास होकर डायवर्ट होंगे।

08:37 AM13 दिसम्बर 2025

क्या है IMA की पासिंग आउट परेड?

IMA की पासिंग आउट परेड भारतीय सेना की सबसे भव्य सैन्य परंपराओं में गिनी जाती है। परेड चेटवुड ड्रिल स्क्वायर में होती है, जिसे ‘टेम्पल ऑफ मार्शल लर्निंग’ भी कहा जाता है। सभी कैडेट्स कदमताल के साथ अंतिम मार्च करते हैं।

मुख्य अतिथि द्वारा सलामी लेने के बाद कैडेट्स अंतिम पग पर अकादमी की ओर देखकर अपनी नई जिम्मेदारी संभालते हैं। पिपिंग और ओथ टेकिंग के दौरान कैडेट्स के कंधों पर रैंक के सितारे लगते हैं, जिससे वे ‘कैडेट’ से ‘सैन्य अधिकारी’ बन जाते हैं। इसके बाद नए अधिकारी राष्ट्र सेवा की शपथ लेते हैं।

शारीरिक ट्रेनिंग के साथ ही कैडेट्स को शस्त्रों का इस्तेमाल और युद्ध में सेना की टेक्निक्स सिखाई जाती हैं।
08:35 AM13 दिसम्बर 2025

IMA क्यों है खास? 93 साल पुरानी गौरवशाली परंपरा

IMA की स्थापना 1 अक्टूबर 1932 को जनरल सर फिलिप चेटवुड ने की थी। शुरू में 40 कैडेट्स के साथ शुरू हुई यह अकादमी अब 1660 कैडेट्स की सुविधा प्रदान करती है। अब तक 66,000 से अधिक कैडेट्स पास आउट हो चुके हैं, जिनमें 3,000 विदेशी कैडेट्स भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024