Headlines

कैप्टन बोले- सिद्धू दंपती पॉलिटिक्स में अनफिट:क्या बोलते हैं, इनको खुद समझ नहीं; नवजोत कहता है, मैं 2 घंटे भगवान से बात करता हूं

कैप्टन बोले- सिद्धू दंपती पॉलिटिक्स में अनफिट:क्या बोलते हैं, इनको खुद समझ नहीं; नवजोत कहता है, मैं 2 घंटे भगवान से बात करता हूं

जालंधर2 घंटे पहलेलेखक: जगमोहन शर्मा
एक न्यूज एजेंसी से बात करते कैप्टन अमरिंदर सिंह।

पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू के कांग्रेस में CM बनने के लिए ₹500 करोड़ की अटैची के बयान का बवाल थम नहीं रहा है। कांग्रेस पार्टी की सरकार में 2 बार CM रहे व अब भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सिद्धू दंपती को पॉलिटिक्स के लिए अनफिट करार दे दिया। कैप्टन ने कहा कि इनके पास तो इतनी भी समझ नहीं है कि जो आप कह रहे हैं, उसका दुनिया में क्या इम्पैक्ट होगा।

कैप्टन ने एक न्यूज एजेंसी को दिए इंटरव्यू में कहा कि बेशक डॉ. सिद्धू ने किसी पार्टी का नाम लिए बगैर ₹500 करोड़ की बात कही है, लेकिन इससे पूरी पॉलिटिक्स की बदनामी होती है। लोगों को लगता है कि सभी चोर हैं। जब ऐसे बयान आते हैं तो दुनिया में भारत की छवि खराब होती है। बिजनेसमैन इन्वेस्ट करने नहीं आते।

यही हाल नवजोत सिंह सिद्धू का है। जब उसे कांग्रेस में लाने की बात चली तो मिसेज सोनिया गांधी ने मुझसे पूछा कि कैसा आदमी है, ये जरा पता करो। मैंने उनको कहा कि मैं मिला नहीं हूं लंबे समय से। एक बार बात करके बताता हूं। मैंने इसे लंच पर बुलाया तो कहने लगा मैं दिन में 2 बार सुबह-शाम 1-1 घंटा भगवान से बातें करता हूं। इस पर मैंने मिसेज गांधी को कहा कि कमला आदमी है ये। राजनीति के लिए अनफिट है। बावजूद इसके इसे लाया गया। इसके बाद क्या हुआ। सबको पता चल गया।

बता दें कि 2021 में सिद्धू को पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनाए जाने के बाद ही कैप्टन अमरिंदर सिंह की CM कुर्सी छिन गई थी। इसके बाद कैप्टन ने कांग्रेस छोड़ दी और पहले अपनी पार्टी बनाई। इसके बाद BJP में शामिल हो गए।

नवजोत सिद्धू और उनकी पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू। – फाइल फोटो

कैप्टन ने सिद्धू दंपती के बारे में बताई अहम बातें

  • पहली मुलाकात में रिजेक्ट किया, मुद्दों से ज्यादा योग की बातें करता है: कैप्टन ने कहा कि जब नवजोत सिंह सिद्धू को राजनीति में लाने की बात चल रही थी तब मुझे इसके साथ बात करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। मैंने होटल में लंच का इंतजाम किया और नवजोत को बुलाया। मेरी इसके साथ लंबी बात हुई। ये इधर-उधर की बातें करता था। मुझे कहने लगा कि मैं तो जी दिन में 6 घंटे योग करता हूं। मैंने पूछा इतना योग करने की क्या जरूरत है। इस पर कहने लगा वो जी मैं 2 घंटे सुबह करता हूं, 2 घंटे शाम को करता हूं। इस बीच सुबह-शाम 1-1 घंटा भगवान से बातें करता हूं। मैं हैरान हुआ।
  • डॉ. नवजोत के पास अपने बयान को समझने की समझ नहींः कैप्टन ने कहा कि डॉ. नवजोत कौर सिद्धू इतनी पढ़ी-लिखी हैं। मगर राजनीति में ये भी अनफिट है। इसे लगता है कि 500 करोड़ की बात बताकर बहुत महान काम कर दिया है। इसे इसका इम्पैक्ट तक पता नहीं है। पूरी दुनिया के लोग हमारे बारे में ऐसे उल्टे-सीधे बयानों से राय बनाते हैं। उनको क्या लगेगा कि पूरे भारत की राजनीति में ऐसा ही चलता होगा।
  • BJP सहित जो भी पार्टी लेगी, उसकी बेइज्जती ही होगी: कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब की राजनीति में मुझे 60 साल हो गए हैं। मैं बचपन से नवजोत सिंह सिद्धू को जानता हूं। मेरी मां इसके पिता सरदार भगवंत सिंह को राजनीति में लेकर आई थीं। वो पार्लियामेंट चली गईं और नवजोत के पिता को पटियाला जिला कांग्रेस का प्रधान बनाया। मेरी मां से उन्होंने राजनीति सीखी। मैंने नवजोत के पिता से, लेकिन हैरानी होती है कि नवजोत की राजनीतिक समझ कुछ नहीं है।
  • पंजाब की प्रधानगी नहीं संभली, मंत्री था तो इस्तीफा देकर भागा: कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि नवजोत मेरी सरकार में मंत्री रहा। 7-7 महीने तक इससे फाइलें क्लियर नहीं होती थीं। एक दिन मैंने बुलाकर पूछा कि फाइलें क्लियर करने में इतना वक्त क्यों लगाते हो। इस पर कहने लगा कि मैं इधर चला गया था, उधर चला गया था।

मैंने कांग्रेस छोड़ने के बावजूद मीडिया को बयान नहीं दिया कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि जब पंजाब में दरबार साहिब पर हमला हुआ तो मैंने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। मैं कई बार श्री अकाल तख्त साहिब गया। कई लोगों से मिला था। कई चीजें मुझे पता थीं और आज भी हैं। तब के कई बड़े पत्रकार मेरे दोस्त थे, मेरे करीब थे। तब वह मेरा बयान लेना चाहते थे, लेकिन मैंने मना कर दिया था। मुझसे हर तरह से मीडिया ने पूछने की कोशिश की लेकिन मैं नहीं बोला। कई मुद्दों पर नहीं बोलना चाहिए। राजनीति में सीरियसनेस होनी चाहिए। ये नहीं कि आपने पार्टी छोड़ दी तो उसे पार्टी के खिलाफ हो गए।

पंजाब को सिसोदिया-केजरीवाल चलाते हैं, ऐसे CM किस काम के कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब को एक स्टेबल सरकार की जरूरत है। ऐसी सरकार की जरूरत है जो पंजाब के मुद्दों को समझे। हमारा CM तो टीवी पर आने के लिए ही बातें करता है। दिल्ली से आकर सिसोदिया यहां बैठ गया है। वो जो कहता है कि ये वही करता है।

एक आदमी और है, जिसने महिला एमपी को थप्पड़ मार दिया था ,वो भी यहां फाइलें देख रहा है। बड़े मुद्दों पर अरविंद केजरीवाल खुद फाइलें देखता है। ये बात ठीक है कि आप राजनीतिक पार्टी बन गई है। राजनीतिक समझ भी है, लेकिन ऐसे CM किस काम के जिनको काम ही नहीं आता है।

चंडीगढ़-पंजाब यूनिवर्सिटी को कोई नहीं छेड़ सकता, PM पंजाब को लेकर पॉजिटिव कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी के मुद्दे का तो केंद्र सरकार को पता भी नहीं दिया। हर मुद्दा केंद्र की लीडरशिप को पता नहीं होता। ये बातें कहां से कैसे उठी, किसने फैसला लिया पता नहीं। चंडीगढ़ और पंजाब यूनिवर्सिटी पंजाब के हैं, इसे कोई नहीं छेड़ सकता।

राजा वड़िंग फालतू बातें करता है, मैंने इसे बचाया था…पूछ लेना राजा वड़िंग के कैप्टन के कांग्रेस में आने की इच्छा जताने के बयान पर कैप्टन ने कहा कि मैंने तो उससे कभी संपर्क नहीं किया। इस लड़के को मैं जानता हूं। अच्छी तरह से जानता हूं। पूछ लेना इसको, मैंने इसको बचाया था। बहुत बुरा फंसा हुआ था ये। ये फालतू बातें करता है। रजिंदर कौर भट्ठल भी CM के काबिल नहीं रजिंदर कौर भट्ठल पर कैप्टन ने कहा कि वो भी मुझे CM बनते नहीं देखना चाहती थी। मुझे हटाने के लिए वो दिल्ली में जत्था लेकर कांग्रेस हाईकमान के पास पहुंच गई थीं। वो CM बनने के काबिल नहीं हैं। वो तो डिप्टी सीएम भी बनने के काबिल नहीं थी, लेकिन कांग्रेस ने उसे बना दिया था। इसके बाद वे बोलना बंद हो गईं और चुपचाप काम करने लगीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024