Headlines

देश की पहली स्लीपर वंदे भारत बिहार से, VIDEO:पटना से दिल्ली 8 घंटे में, लग्जरी होटल जैसी फीलिंग, 160KM की स्पीड से दौड़ेगी

देश की पहली स्लीपर वंदे भारत बिहार से, VIDEO:पटना से दिल्ली 8 घंटे में, लग्जरी होटल जैसी फीलिंग, 160KM की स्पीड से दौड़ेगी

पटना2 घंटे पहले

राजधानी सा आराम और वंदे भारत जैसी टेक्नोलॉजी, सबसे तेज रफ्तार, इसी महीने से पटना-नई दिल्ली के बीच वह ट्रेन चलने जा रही है, जिसका लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। यह है वंदे भारत स्लीपर ट्रेन।

ट्रेन 160km/h की रफ्तार से दौड़ रही हो तब भी कप में रखी चाय नहीं गिरेगी। यात्रियों को लग्जरी होटल सा आराम मिलेगा। नहाने के लिए गर्म पानी और टच फ्री टॉयलेट जैसी कई खास सुविधाएं होंगी।

दिसंबर में पटना-नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कितनी खास है? यात्रियों को कौन सी सुविधाएं देगी। कितनी सुरक्षित होगी? जानिए…

बाहर से कुछ ऐसी दिखती है वंदे भारत स्लीपर ट्रेन। पटना-दिल्ली के बीच चलेगी।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में होंगे 16 कोच

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 16 कोच होंगे। इनमें AC3 के 11, AC2 के 4 और AC1 का 1 कोच होगा। कुल 827 सीट होंगे, जिनमें से AC3 की 611, AC2 की 188 और AC1 की 24 सीट होंगी। मांग बढ़ने पर बोगियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। किराया राजधानी एक्सप्रेस के आसपास रखे जाने की उम्मीद है।

वंदे भारत एक्सप्रेस स्लीपर के दो रैक का निर्माण कार्य बेंगलुरु के BEML (Bharat Earth Movers Limited) फैक्ट्री में पूरा होने को है। 12 दिसंबर को पहला रैक भेजा जाएगा। इसके बाद दिल्ली-पटना रूट पर इस ट्रेन का ट्रायल रन कराया जाएगा। नए साल से पहले इसे चलाने की तैयारी है।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन अंदर से कुछ ऐसी दिखती है। इसमें 827 सीटें हैं।

किस समय चलेगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन?

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलने वाली है। पटना से दिल्ली के लिए शाम को खुलेगी और सुबह पहुंचेगी। इसी तरह दिल्ली से पटना के लिए शाम को चलेगी और सुबह पहुंचेगी। वंदे भारत स्लीपर को आराम, स्पीड और प्रीमियम यात्रा अनुभव देने के लिए डिजाइन किया गया है। यह ट्रेन 160 km/h की रफ्तार से दौड़ेगी। अधिकतम रफ्तार 180 km/h है।

इस ट्रेन की बड़ी खासियत तेजी से रफ्तार पकड़ना और जल्द रुकना है। इसे किसी स्टेशन पर रुकने और फिर से तेज रफ्तार पकड़ने में कम समय लगता है।

देश में चल रहीं 164 वंदे भारत ट्रेनें

वर्तमान में देशभर में चेयर कार वाली 164 वंदे भारत ट्रेनें चल रहीं हैं। इन्हें चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) में बनाया गया है। ये सेमी-हाई-स्पीड ट्रेनें लोगों को पसंद आईं हैं। लंबी दूरी की यात्रा के लिए स्लीपर वंदे भारत ट्रेनों की मांग की जा रही थी। पटना-दिल्ली रूट पर इसकी शुरुआत होने वाली है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 3 दिसंबर को लोकसभा में वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों के बारे में कहा था, ‘लंबी और मीडियम दूरी की रात भर की यात्रा के लिए, वंदे भारत ट्रेन का स्लीपर वेरिएंट देश में ही डिजाइन किया गया है। ऐसे दो रेक बनाए गए हैं। ये ट्रायल/कमीशनिंग में हैं।’

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में मिलेगी क्या सुविधाएं?

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का इंटीरियर यात्रियों को सुविधा और लग्जरी का एहसास दिलाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें फ्लाइट या प्रीमियम होटल के कमरे जैसी सुविधाएं मिलेंगी। जो हैं..

  1. USB-इंटीग्रेटेड रीडिंग लैंप: इससे आप रात में किताब या पत्रिका पढ़ सकते हैं। लैंप से निकलने वाली रोशनी पढ़ने के लिए पर्याप्त होगी। दूसरे यात्रियों को परेशानी नहीं होगी।
  2. रियल-टाइम पैसेंजर इन्फॉर्मेशन सिस्टम: ऑडियो और वीडियो से आपको ट्रेन के अंदर ही ट्रेन कहां है, अगला स्टेशन कौन सा है और दूसरी जरूरी जानकारियां मिलेंगी।
  3. Wi-Fi और इंफोटेनमेंट यूनिट: आप ट्रेन के अंदर तेज स्पीड इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकेंगे। यात्रियों के मनोरंजन की भी सुविधा है।
  4. ताजे ऑनबोर्ड खाने के लिए मॉड्यूलर पैंट्री यूनिट: ट्रेन में ताजा बना हुआ खाना मिलेगा।
  5. टच-फ्री बायो-वैक्यूम टॉयलेट: टॉयलेट इस्तेमाल करने में परेशानी नहीं होगी।
  6. फर्स्ट AC कोच में गर्म पानी के शावर: सर्दी के मौसम में स्नान करना या हाथ-मुंह धोना आरामदायक होगा।
  7. ऊपरी बर्थ के लिए एर्गोनोमिक सीढ़ियां: इससे यात्रियों के लिए अपनी सीट तक पहुंचना आसान होगा।
  8. PRM-फ्रेंडली टॉयलेट और बर्थ: दिव्यांगजनों और बुजुर्गों को सुविधा मिलेगी। वे आसानी से यात्रा कर पाएंगे।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के ऊपरी बर्थ तक जाने के लिए सीढ़ियां दी गईं हैं।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सुरक्षा के इंतजाम

इंडियन रेलवे ने वंदे भारत स्लीपर में यात्रियों की सुरक्षा का खास ध्यान रखा है। इसके लिए एडवांस सेफ्टी सिस्टम दिए गए हैं। जैसे..

  • KAVACH: यह एंटी-कोलिजन टेक्नोलॉजी है। इससे दो ट्रेनों के बीच होने वाली टक्कर रोकने में मदद मिलती है। कवच सिस्टम हादसे की संभावना होने पर खुद ट्रेन रोक देता है।
  • इंटीग्रेटेड इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट्स: इससे आप ट्रेन क्रू से बात कर सकते हैं। कोई आपात स्थिति है तो मदद मिलेगी।
  • पूरी तरह से सील गैंगवे: ट्रेन के दो डिब्बों को जोड़ने वाला गैंगवे पूरी तरह सील है। इससे बाहर से धूल नहीं आता। यात्रियों की सुरक्षा भी रहती है।
  • ऑटोमैटिक प्लग डोर: ट्रेन के डिब्बे खुद खुलते-बंद होते हैं। ट्रेन चलने से 10 सेकेंड पहले ये बंद हो जाते हैं। इससे चोरी और छीना-झपटी की घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।
  • CCTV सर्विलांस: हर कोच की CCTV कैमरे से निगरानी होगी। इससे बिना टिकट यात्रा करने। दूसरे की सीट पर बैठने और चोरी जैसी समस्याओं से निपटने में मदद मिलेगी।

पटना-दिल्ली के बीच चल रहीं ये प्रीमियम ट्रेन

राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12309): यह ट्रेन शाम को 7:35 बजे पटना से चलती है और अगले दिन सुबह 7:40 बजे दिल्ली पहुंचती है। करीब 1000 km दूरी तय करने में इसे 12 घंटे लगते हैं।

कितना है किराया?

AC1-4135 रुपए

AC2- 3375 रुपए

AC3-2445 रुपए

राजधानी एक्सप्रेस (12423): यह ट्रेन पटना से रात के 9:50 बजे चलती है और अगले दिन सुबह 10:30 बजे दिल्ली पहुंचती है। यात्रा पूरी करने में 12 घंटे 40 मिनट लगते हैं।

कितना है किराया?

AC1-4075 रुपए

AC2- 3310 रुपए

AC3-2430 रुपए

राजधानी एक्सप्रेस (12305): यह ट्रेन रविवार को चलती है। रात में 9.40 बजे पटना से शुरू होती है और सुबह 10.05 बजे दिल्ली पहुंचती है। यात्रा 12 घंटा 25 मिनट में पूरी करती है।

कितना है किराया?

AC1-4100 रुपए

AC2- 3335 रुपए

AC3-2450 रुपए

राजधानी एक्सप्रेस (20507): यह ट्रेन शनिवार को चलती है। रात में 10:10 बजे पटना से शुरू होगी और सुबह 10:50 बजे दिल्ली पहुंचती है। इस ट्रेन से दिल्ली जाने में 12 घंटे 40 मिनट लगते हैं।

कितना है किराया?

AC1-3830 रुपए

AC2- 3125 रुपए

AC3- 2245 रुपए

अगरतला से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली तेजस एक्सप्रेस 20501 पटना में रुकती है।

तेजस एक्सप्रेस (20501): मंगलवार को यह ट्रेन रात में 10:10 बजे पटना से शुरू होती है और सुबह 10:50 बजे दिल्ली पहुंचती है। 12 घंटे 40 मिनट में यात्रा पूरी करती है।

कितना है किराया?

AC1-3985 रुपए

AC2- 3235 रुपए

AC3- 2345 रुपए

हमसफर एक्सप्रेस (12235): शुक्रवार को यह ट्रेन रात के 9:40 बजे पटना से शुरू है और अगले दिन सुबह 10:50 बजे दिल्ली पहुंचती है। इससे दिल्ली जाने में 13 घंटे 10 मिनट लगते हैं।

कितना है किराया?

AC3 (3A)-1550 रुपए

AC3 (3E)- 1270 रुपए

स्लीपर- 590 रुपए

हमसफर एक्सप्रेस (22459): मंगलवार को यह ट्रेन शाम को 4:10 बजे पटना से शुरू होती है और अगले दिन सुबह 06:30 बजे दिल्ली पहुंचती है। इसे यात्रा पूरी करने में 14 घंटे 20 मिनट लगते हैं।

कितना है किराया?

AC3 (3A)-1550 रुपए

AC3 (3E)- 1270 रुपए

स्लीपर- 590 रुपए

गरीब रथ एक्सप्रेस (12435): सोमवार और शुक्रवार को चलने वाली यह ट्रेन शाम को 6:20 बजे शुरू होती है। सुबह 9 बजे दिल्ली पहुंचती है। इसे यात्रा पूरी करने में 14 घंटे 40 मिनट लगते हैं।

कितना है किराया?

AC3 (3A)-945 रुपए

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024