Headlines

2036 तक 7 में से 1 भारतीय सीनियर सिटीजन होगा:केंद्र बोला- देश की आबादी तेजी से बूढ़ी हो रही; इससे आर्थिक निर्भरता जैसी चुनौतियां बढ़ेगी

2036 तक 7 में से 1 भारतीय सीनियर सिटीजन होगा:केंद्र बोला- देश की आबादी तेजी से बूढ़ी हो रही; इससे आर्थिक निर्भरता जैसी चुनौतियां बढ़ेगी

नई दिल्ली8 मिनट पहले

भारत की आबादी तेजी से बूढ़ी हो रही है। 2011 में देश में 60 साल से ऊपर की आबादी 10.16 करोड़ थी, जो 2036 तक बढ़कर 22.74 करोड़ हो जाएगी। यानी बुजुर्गों की आबादी का हिस्सा कुल जनसंख्या में 8.4% से बढ़कर 14.9% हो जाएगा यानी हर 7 में 1 भारतीय सीनियर सिटीजन होगा। वहीं, 2036 तक अनुमानित जनसंख्या 153 करोड़ होगी।

ये जानकारी केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने मंगलवार को लोकसभा में दी। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे देश में बुजुर्गों की संख्या बढ़ रही है, उसके सामने स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक निर्भरता और डिजिटल सुविधाओं का उपयोग जैसी चुनौतियां भी बढ़ती जा रही हैं।

सरकार ने माना है कि देश में बुजुर्गों की संख्या बढ़ने से परिवारों का ढांचा और रिश्तों का तरीका भी बदल रहा है। पहले ज्यादातर लोग संयुक्त परिवार में रहते थे, जहां बुजुर्गों की देखभाल सब मिलकर करते थे। अब छोटे परिवार बढ़ रहे हैं, जिससे बुजुर्गों की देखभाल का तरीका भी बदल गया है और उनकी जिम्मेदारी कम लोगों पर आ गई है।

नई रिपोर्टों में इसे “विरोधाभास” कहा गया है, यानि बुजुर्गों की संख्या तो बढ़ रही है, लेकिन समाज की सोच, जिम्मेदारी और उनकी देखभाल को लेकर उम्मीदें पहले जैसी नहीं रहीं। इसका सीधा असर बुजुर्गों की देखभाल और उनके सम्मान पर पड़ रहा है।

गृह राज्य मंत्री बोले- नेशनल काउंसिल ऑफ सीनियर सिटीजन्स बनाई

गृह राज्य मंत्री ने बताया कि बुजुर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 1 अप्रैल 2021 से अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) लागू की है। इस योजना के तहत पूरे देश में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता और सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार ने नेशनल काउंसिल ऑफ सीनियर सिटीजन्स भी बनाई है, जिसकी अध्यक्षता सामाजिक न्याय-अधिकारिता मंत्री करते हैं। इस परिषद में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि शामिल हैं, जो बुजुर्गों से जुड़े मुद्दों पर सलाह देते हैं।

देश में सबसे ज्यादा बुजुर्ग केरल में

देश में सबसे ज्यादा बुजुर्ग केरल में रहते हैं। यहां कुल आबादी के 16.5% लोग बुजुर्ग (60 साल से अधिक उम्र के 56 लाख लोग) हैं। इनमें भी 11% लोग 80 साल या इससे अधिक उम्र के हैं। 2031 तक ये 25% होंगे। कई गांवों में सिर्फ बुजुर्ग बचे हैं।

इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ माइग्रेशन एंड डेवलपमेंट (आईआईएमडी) की केरला माइग्रेशन सर्वे रिपोर्ट बताती है कि राज्य की 3.43 करोड़ आबादी में हर पांच में से एक घर का कम से कम एक सदस्य बाहर है। 12 लाख से ज्यादा घरों में ताले पड़े हैं, तो 21 लाख से ज्यादा में सिर्फ बुजुर्ग हैं।

2023ः नीति आयोग ने कहा – 2050 तक हर पांचवा भारतीय बुजुर्ग होगा

इससे पहले 2023 में नीति आयोग ने बताया था कि दुनियाभर में 60 साल से अधिक उम्र के लोगों की आबादी बढ़ रही है। भारत में भी जन्मदर गिरने से बुजुर्गों की संख्या बढ़ रही है। 2050 तक कुल जनसंख्या के 19.5% बुजुर्ग होंगे, जो फिलहाल 10% हैं। अभी कुल आबादी में 10.40 करोड़ लोग बुजुर्ग हैं। अनुमान है कि 2050 तक हर पांचवा भारतीय बुजुर्ग होगा।

‘भारत में वरिष्ठ नागरिक देखभाल सुधार: वरिष्ठ नागरिक देखभाल प्रतिमान की पुनर्कल्पना’ शीर्षक से जारी रिपोर्ट में नीति आयोगन ने बुजुर्गों के लिए लिक्विडिटी बढ़ाने, अनिवार्य बचत के लिए रिवर्स मॉर्टगेज सिस्टम शुरू करके बुजुर्ग देखभाल सेवाओं को विकसित करने का आह्वान किया था।

नीति आयोग के सुझाव

  1. बुजुर्गों की देखभाल के लिए प्रौद्योगिकी और एआई के इस्तेमाल को प्राथमिकता दी जाए। स्वास्थ्य बीमा उत्पादों को डिजाइन करने के लिए निजी क्षेत्र को प्रोत्साहित किया जाए।
  2. बुजुर्गों को वित्तीय धोखाधड़ी से सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत। वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल उपकरणों तक पहुंच में सुधार हो।

बुजुर्गों की देखभाल का 60 हजार करोड़ का कारोबार

आयोग ने बताया था, भारत में वरिष्ठ नागरिक देखभाल उद्योग करीब 60 हजार करोड़ रु. है। इसके तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। आयोग ने कहा कि घरों पर ही बुजुर्ग की देखभाल और मोबाइल अस्पताल बनाने के लिए सार्वजनिक निजी भागीदारी मॉडल और कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी के जरिए निजी क्षेत्र के सहयोग को बढ़ाना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024