Headlines

MP में बच्ची से रेप के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर:पुलिस की पंक्चर गाड़ी से कूदकर भाग रहा था; पैर में गोली मारकर पकड़ा

MP में बच्ची से रेप के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर:पुलिस की पंक्चर गाड़ी से कूदकर भाग रहा था; पैर में गोली मारकर पकड़ा

भोपाल/रायसेन1 घंटे पहले
रेप के आरोपी सलमान को भोपाल के हमीदिया हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

मध्य प्रदेश के रायसेन में 6 साल की बच्ची से रेप करने का आरोपी सलमान गुरुवार देर रात शॉर्ट एनकाउंटर में घायल हो गया। पुलिस जब उसे गौहरगंज ले जा रही थी, तभी उसने भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस को उसे पैर में गोली मारना पड़ी। आरोपी का भोपाल के हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर है।

सलमान पर आरोप है कि 21 नवंबर को वह बच्ची को चॉकलेट का लालच देकर जंगल में ले गया। वहां उसके साथ रेप कर फरार हो गया। इलाके में तब से ही घटना के विरोध में धरना-प्रदर्शन चल रहा था। लोग आरोपी के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे के मुताबिक,

QuoteImage

रायसेन जिले के गौहरगंज में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी सलमान को गुरुवार रात भोपाल से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद जब उसे गौहरगंज ले जाया जा रहा था, तब पुलिस की गाड़ी औबेदुल्लागंज क्षेत्र के जंगल में पंक्चर हो गई।

QuoteImage

खरपुसे ने बताया, घटना रात करीब 3-4 बजे के बीच की है। आरोपी को गाड़ी में लेकर जा रहे थे। रास्ते में कील के कारण गाड़ी पंक्चर हो गई। बैकअप में एक और गाड़ी थी। उसे दूसरी गाड़ी में शिफ्ट करना था। उसी दौरान आरोपी ने सुल्तानगंज के थाना प्रभारी श्याम राज की पिस्टल को निकाल लिया। उनके ऊपर पिस्टल चलाने की कोशिश की।

उन्होंने अपने बचाव में आरोपी का हाथ पकड़कर पिस्टल ऊपर कर दी। इस दौरान दो फायर हुए। इसके बाद दूसरी टीम ने क्रॉस फायरिंग कर उसे पकड़ा। वह भागने का प्रयास कर रहा था। उसे पैर में गोली लगी है। वहीं थाना प्रभारी को भी चोट आई है। उनका बैच गिर गया।

घटना के बाद भोपाल फॉरेंसिक साइंस लैब के इंचार्ज डॉक्टर एके बड़ोने ने अपनी टीम के साथ मौके का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि पुलिस के साथ जो संघर्ष हुआ है। उसके साक्ष्य मिले हैं। इसका हम परीक्षण कर रिपोर्ट देंगे।

इसके अलावा रायसेन पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर किसी धर्म, जाति या समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाली, भड़काऊ या हिंसा को उकसाने वाली सामग्री, पोस्ट साझा नहीं करने की चेतावनी दी।

आरोपी सलमान को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

6 दिन बाद भोपाल से पकड़ा गया आरोपी पुलिस ने घटना के 6 दिन बाद गुरुवार रात आरोपी सलमान को गांधी नगर इलाके में एक चाय की दुकान से हिरासत में लिया। इसके बाद उसे गौहरगंज पुलिस के हवाले किया गया। गौहरगंज पुलिस उसे लेकर रात में ही रवाना हो गई थी।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह जंगलों के रास्ते पैदल ही भोपाल में दाखिल हुआ था और गांधीनगर इलाके में छिपा हुआ था। सलमान के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही जय मां भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ता थाने पहुंचे थे, लेकिन उससे पहले ही आरोपी को गौहरगंज पुलिस को सौंपा जा चुका था।

इस गाड़ी से पुलिस आरोपी को ले जा रही थी।

अब्दुल, रिजवान और आसिफ की मदद से पकड़ा आरोपी समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, आरोपी को पकड़वाने में नई बस्ती में रहने वाले अब्दुल, रिजवान और आसिफ नाम के युवकों की अहम भूमिका थी। अब्दुल के मुताबिक, हम लोग बस स्टैंड पर थे। आसिफ भाई का फोन आया कि एक व्यक्ति किराए से कमरा मांग रहा है। उसने फोटो भेजा। मैं सोशल मीडिया पर एक्टिव हूं। मुझे ये रायसेन के आरोपी जैसा लगा। मैंने आसिफ से कहा- इसे रोक कर रखो। हम लोग आ रहे हैं।

हमारे रिजवान भाई ने राहुल भाई गुरुजी पुलिस वाले हैं। उन्हें फोटो सेंड किया। उन्होंने कहा, उसे वहीं रोक कर रखो। तीनों युवकों का कहना था कि हमें इनाम के पैसे नहीं चाहिए। हम चाहते हैं कि वो पैसा पीड़ित लड़की को दिया जाए। दरिंदे को फांसी होनी चाहिए।

विधायक बोले- दरिंदे को फांसी मिलनी चाहिए रेप के आरोपी सलमान के शॉर्ट एनकाउंटर पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, मैंने पहले ही कहा था। अपराधी जमीन में छिपा हो या आसमान में। उसे ढूंढ लिया जाएगा। दरिंदे सलमान ने बेटी के साथ जो दुराचार किया है। उसे फांसी मिलनी चाहिए। हिंदू समाज में इस घटना के बाद गुस्सा है। हम न्यायालय से मांग करते हैं कि दरिंदे सलमान को फांसी दी जाए। इस तरह के अपराधियों को सार्वजनिक कुचलने की जरूरत है, जिससे ऐसा अपराध करने से पहले कोई 100 बार सोचे।

हमीदिया अस्पताल के बाहर हिन्दू संगठनों का प्रदर्शन रेप केस के आरोपी सलमान की गिरफ्तारी के बाद हिंदू संगठनों ने गोली मारने की मांग की है। शुक्रवार सुबह हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के पदाधिकारी हमीदिया अस्पताल पहुंचे और नारेबाजी की। अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने आरोपी के भोपाल में होने और जिम्मेदारों के सूचना तंत्र को कमजोर बताते हुए कहा कि आरोपी को गोली मार देना चाहिए।

हमीदिया अस्पताल के बाहर हिंदू संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा- रेप के आरोपी का कोई धर्म नहीं भोपाल में कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने कहा कि मुस्लिम युवकों ने रेप के आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है। आरोपी पर घोषित इनाम इन युवकों को सम्मानपूर्वक दिया जाना चाहिए। साथ ही जिन संगठनों ने इस घटना को हिंदू-मुस्लिम रंग देने की कोशिश करते हुए इनाम की घोषणा की थी, उन्हें भी अपना वादा निभाना चाहिए। रेप के आरोपी का कोई धर्म नहीं होता। अपराधी सिर्फ अपराधी होता है।

हमीदिया अस्पताल के बाहर एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

करणी सेना ने 30 दिन में बीच चौराहे पर फांसी देने की मांग की करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष इंदल सिंह राणा शुक्रवार को रायसेन एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर दुष्कर्म के आरोपी सलमान को 30 दिन के अंदर बीच चौराहे पर फांसी देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इससे पहले डेढ़ साल की बच्ची से ऐसी घटना हुई थी उसे समय 40 दिन में कोर्ट ने आरोपी को फांसी की सजा सुनाई थी। इसी तरह इस आरोपी को भी 30 दिन में फांसी की सजा होना चाहिए।

जहां शॉर्ट एनकाउंटर हुआ उस जगह की 3 तस्वीरें

भोजपुर से 2 किमी पहले कीरत नगर के पास सलमान ने भागने की कोशिश की, यहीं पर पुलिस ने उसे पैर में गोली मारी।
जिस जगह शॉर्ट एनकाउंटर हुआ, वहां से गोली के खोखे मिले।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है।

21 नवंबरः बच्ची को चॉकलेट के बहाने जंगल ले गया, दुष्कर्म किया 21 नवंबर की शाम 6 साल की बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। 23 वर्षीय आरोपी सलमान उसे चॉकलेट दिलाने के बहाने जंगल की ओर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर मौके से फरार हो गया था। बच्ची बाद में रोती हुई जंगल में मिली थी। बच्ची को इलाज के लिए भोपाल एम्स में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार हो रहा है। पुलिस ने आरोपी पर 30 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था।

सीएम ने रायसेन एसपी को पद से हटाया था मासूम से रेप के आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हो रहे धरना प्रदर्शनों पर सरकार ने कड़ा रुख अपनाया था। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 26 नवंबर को पीएचक्यू में सीएस, डीजीपी, एडीजी इंटेलिजेंस, पुलिस कमिश्नर भोपाल समेत उच्च अधिकारियों की बैठक ली थी।

सीएम ने आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर नाखुशी जताई थी। साथ ही चक्काजाम पर पुलिस की ढीली कार्रवाई से भी नाराजगी जताई थी। सीएम ने रायसेन एसपी पंकज पांडेय को तत्काल प्रभाव से हटाकर पुलिस हेडक्वार्टर अटैच करने का निर्देश दिया था। उनकी जगह आशुतोष गुप्ता को रायसेन का नया एसपी बनाया गया है।

आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर लोगों ने हाईवे पर चक्काजाम किया था।

​​​​मां का दर्द, मेरी बच्ची के गाल थप्पड़ों से सूज गए थे जब भास्कर ने पीड़िता की मां से बात की, तो उनका गला रुंध गया था। उन्होंने रोते हुए बताया था कि उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं, और पीड़िता उनकी सबसे छोटी और लाड़ली बेटी है, जो दूसरी कक्षा में पढ़ती है। उन्होंने बताया कि आरोपी सलमान को उनके बच्चे पहले से जानते थे, क्योंकि वह अक्सर घर के पास आता-जाता था और टॉफियां लाता था।

उस रात का खौफनाक मंजर याद करते हुए मां ने बताया,

QuoteImage

बच्ची के साथ बहुत मारपीट भी की गई थी। उसके दोनों गाल इतने लाल और सूज गए थे, मानो किसी ने उसे बार-बार और बहुत जोर से थप्पड़ मारे हों। उसके दोनों घुटनों और हाथों पर गहरे चोट और छिलने के निशान थे। यहां तक कि उसकी कमर भी बुरी तरह छिल गई थी।

QuoteImage

मां ने बताया कि सबसे भयानक चोटें उसके निजी अंगों पर थीं, जो इतनी गंभीर थीं कि डॉक्टरों को तुरंत कई सर्जरी करनी पड़ीं। उन्होंने कहा, ‘जब उसे एम्स लाया गया, तब तक वह बेहोश थी, पर अब सर्जरी के बाद उसे होश आ गया है, वो बात कर पा रही है। पर अभी भी उसे कई दिन तक अस्पताल में रखा जाएगा।’

बच्ची के साथ हुई दरिंदगी का विरोध करते हुए लोग सड़क पर उतर पड़े।

बच्ची फिलहाल आईसीयू में भर्ती

शनिवार को डॉक्टरों ने लड़की की सर्जरी की। उसका इलाज करने वाले डॉक्टर्स ने बताया कि उसके प्राइवेट पार्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त थे। डॉक्टरों को मजबूरन प्राइवेट पार्ट तक जाने वाली नसों को बायपास करके नई व्यवस्था तैयार करनी पड़ी, ताकि मोशन पास हो सके, प्राइवेट पार्ट की हीलिंग शुरू हो सके।

बच्ची फिलहाल आईसीयू में है और बातचीत कर पा रही है। पूरी हीलिंग के बाद उसकी एक और सर्जरी होगी। डॉक्टरों का कहना है कि वह उसे अभी तक इसलिए डिस्चार्ज नहीं कर रहे है क्योंकि इन्फेक्शन फैलने का डर है। पूरी रिकवरी में कम से कम छह महीने लगेंगे। इसके बाद भी उसके पूरी तरह सामान्य होने को लेकर डॉक्टर आशंकित हैं।

बुदनी के शाहगंज थाने का स्थायी वारंटी है सलमान बताया जाता है कि गौहरगंज दुष्कर्म का आरोपी सलमान बुदनी स्थायी वारंटी है। यह वारंट उसके खिलाफ 2019 में दर्ज घर में घुसकर मोबाइल चोरी के मामले में जारी हुआ था। यह मामला शाहगंज का है, जिसमें फरियादी आबिद खान (वार्ड शाहगंज निवासी) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

आरोप है कि सलमान फरियादी के घर में घुसकर एक मोबाइल चुरा ले गया था। शाहगंज पुलिस ने उसे इस मामले में 28 अप्रैल 2019 को गिरफ्तार किया था। यह प्रकरण बुदनी न्यायालय में विचाराधीन था, लेकिन सलमान लगातार सुनवाई में अनुपस्थित रहता था। इसी वजह से बुदनी कोर्ट ने 2023 में उसे स्थायी वारंटी घोषित कर दिया था।

लंदन के बिजनेसमैन उठाएंगे बच्ची की पढ़ाई का पूरा जिम्मा

बच्ची से रेप के आरोपी सलमान की गिरफ्तारी पर रायसेन जिले के सुल्तानपुर निवासी रविराज सिंह (रॉबी) ने एक लाख रुपए देने की घोषणा की थी। उन्होंने बच्ची की पढ़ाई का पूरा जिम्मा लेने की बात भी कही थी। इस पर दैनिक भास्कर ने रविराज सिंह से बात की। वे मूलत: सुल्तानपुर के निवासी हैं। 16 साल से लंदन में बिजनेस कर रहे हैं।

उन्होंने बताया- हाल ही में शॉर्ट ट्रिप पर देश लौटा हूं। लंदन से आने के बाद अमृतसर गया था। फिर सड़क मार्ग से सुल्तानपुर जाने लगा। पहले दिन जब मंडीदीप में जाम लगा, उसमें मैं 7 से 8 घंटे फंसा रहा। प्रदर्शनकारी जाम क्यों लगा रहे हैं? जब इसकी जानकारी ली तो घटना ने दिल हिलाकर रख दिया, तभी आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपए देने की घोषणा की थी। मैं अपनी बात पर कायम हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024