कांग्रेस नेता श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन:81 साल के थे, मेयर से कोयला-गृह राज्य मंत्री तक रहे; कानपुर में ली अंतिम सांस
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन हो गया। वे 81 साल के थे। जायसवाल लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
शुक्रवार शाम अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें कानपुर के कार्डियोलॉजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे हार्ट की बीमारी से परेशान थे
श्रीप्रकाश के निधन की पुष्टि कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की। पूर्व मंत्री का पार्थिव शरीर लालबंगला पोखरपुर स्थित आवास पर लाया गया है। निधन की खबर पाकर लोग उनके आवास पहुंच रहे हैं। श्री प्रकाश जायसवाल की निधन की खबर मिलने पर कल होने वाले नगर निगम के सदन को स्थगित कर दिया गया है।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया- शुक्रवार शाम श्रीप्रकाश जायसवाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें किदवई नगर स्थित नर्सिंग होम लाया गया था। यहां से कार्डियोलॉजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो चुकी थी।
श्रीप्रकाश जायसवाल यूपी में कानपुर लोकसभा क्षेत्र से 3 बार सांसद रहे। 2009 से 2014 के बीच वह केंद्रीय कोयला मंत्री थे, जबकि 2004 से 2009 तक गृह राज्यमंत्री रहे।


पल-पल की अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
श्रीप्रकाश जायसवाल के पार्थिव शरीर को लाया गया घर
रविवार को होगा अंतिम संस्कार- श्री प्रकाश के भाई प्रमोद जायसवाल
श्री प्रकाश के भाई प्रमोद जायसवाल ने कहा- बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि हमारे बड़े भाई का निधन हो गया है। उनका पार्थिव शरीर घर पर लाया गया है। बड़ा बेटा सिद्धार्थ बिजनेस के सिलसिले में इस टाइम कनाडा में है। उसके आने का इंतजार है। इस लिए रविवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।
श्री प्रकाश के PRO रहे दिलीप शुक्ला ने कहा- कानपुर के लिए बहुत बड़ी क्षति
श्री प्रकाश के PRO रहे दिलीप शुक्ला ने कहा- कानपुर के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कानपुर के लिए बहुत विकास किया है। मुझे अपने बेटे की तरह मानते थे।
श्रीप्रकाश जायसवाल के आवास पर लोगों की भीड़
सीएम योगी ने X पर दी श्रद्धांजलि
