देश के सबसे बड़े कारोबारी मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट का प्री-वेडिंग फंक्शन 1 से 3 मार्च तक जामनगर में होना है। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए अंबानी परिवार जामनगर पहुंच गया है।
मंगलवार की रात परिवार ने जामनगर के आसपास के गांवों में लोक डायरा (भजन-लोकगीत) और भोज का आयोजन किया। कार्यक्रम में अनंत अंबानी भी शामिल हुए। इस मौके पर गागवा गांव के लोगों ने हालारी पगड़ी पहनाकर तो नवानिया गांव में महिलाओं ने आरती उतारकर उनका स्वागत किया।
रिलायंस रिफायनरी के गांवों में हुए कार्यक्रम
जामनगर में खावड़ी के पास रिलायंस रिफाइनरी है। इसी के चलते अंबानी परिवार ने आसपास के कई गांवों में यह कार्यक्रम रखा था। गांव वालों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोक डायरा और भोज का कार्यक्रम कई गांवों में रखा गया था। खुद अनंत अंबानी ने कुछ गांवों में शिरकत की। इस दौरान गांववालों ने उनका जगह-जगह भव्य स्वागत किया।
