नेपाल हिंसा में मरने वालों का आंकड़ा 51 पहुंचा:इनमें एक भारतीय महिला भी; सुशीला कार्की का पीएम बनना लगभग तय
नेपाल में हिंसा में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 51 पहुंच गया है। विरोध प्रदर्शन के 5वें दिन 17 मौतों की पुष्टि हुई है। इनमें गाजियाबाद की रहने वाली एक भारतीय महिला भी शामिल है।
केपी शर्मा ओली के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे को 48 घंटे हो गए हैं, लेकिन अभी तक अंतरिम प्रधानमंत्री तय नहीं हो सका है। इसपर बातचीत आज सुबह 9 बजे फिर से शुरू हो गई है।
कल दिनभर चली चर्चा किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुशीला कार्की को अंतरिम पीएम बनाने पर लगभग सहमति बन गई है, लेकिन मौजूदा संसद को भंग करने या न करने पर चर्चा रुकी हुई है।
बातचीत में भाग लेने वाले एक अधिकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति पौडेल संसद भंग करने को तैयार नहीं। हालांकि, कार्की ने तर्क दिया है कि पहले संसद को भंग किया जाना चाहिए। क्योंकि संविधान के अनुसार संसद कायम रहते हुए किसी गैर-सांसद (जो संसद का सदस्य न हो) को प्रधानमंत्री नहीं बनाया जा सकता।
सुशीला पर भारत समर्थक होने का आरोप लगा आपस में भिड़े Gen-Z
सुशीला कार्की के नाम पर आंदोलनकारी Gen-Z युवा कल आपस में ही भिड़ गए और मारपीट करने लगे। एक गुट का आरोप है कि सुशीला कार्की भारत समर्थक हैं और उन्हें यह स्वीकार नहीं हैं।
दूसरी तरफ, आर्मी ने एहतियातन राजधानी और उससे सटे इलाकों में चौथे दिन भी कर्फ्यू जारी रखा है।
नेपाल आंदोलन से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
नेपाल में मरने वालों में तीन पुलिस कर्मी भी शामिल
नेपाल पुलिस के मुताबिक मारे गए लोगों में तीन पुलिसकर्मी और एक भारतीय महिला भी शामिल है। नेपाल में मरने वालों की संख्या 51 हो गई है।
मृतकों में से 36 के शव महाराजगंज स्थित त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में हैं, जहां शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम शुरू किया गया।
नेपाली सेना ने सोशल मीडिया पर सेना से जुड़ी खबरों पर भरोसा न करने की अपील की
नेपाली सेना ने शुक्रवार सुबह एक बयान जारी कर लोगों से सोशल मीडिया पर सेना से जुड़ी भ्रामक और झूठी खबरों पर भरोसा न करने की अपील की है। सेना ने कहा कि वर्तमान स्थिति को लेकर सोशल मीडिया पर कई टिप्पणियां, राय और विश्लेषण साझा किए जा रहे हैं, लेकिन सेना की आधिकारिक जानकारी केवल प्रेस विज्ञप्ति, प्रेस नोट और इसके आधिकारिक सोशल मीडिया चैनलों के माध्यम से दी जाती है।
सेना ने लोगों से ऐसी भ्रामक खबरों पर विश्वास न करने और सूचना के लिए डिवीजन मुख्यालय के संपर्क नंबरों का उपयोग करने को कहा है। गुरुवार शाम से देर रात तक सोशल मीडिया पर सेना की गतिविधियों को लेकर कई अफवाहें फैली थीं।
सेना प्रमुख राष्ट्रपति भवन पहुंचे
नेपाल के सेना प्रमुख अशोक राज सिगडेल, मुख्य न्यायाधीश प्रकाश मान सिंह राउत और सीपीएन (माओवादी सेंटर) के बीच उच्च स्तरीय बैठक से पहले राष्ट्रपति भवन शीतल निवास पहुंच चुके हैं।
स्पीकर और नेशनल असेंबली अध्यक्ष बोले- संविधान के दायरे में रहकर समाधान निकालें
स्पीकर देवराज घिमिरे और नेशनल असेंबली के अध्यक्ष नारायण दहल ने देश के मौजूदा संकट को संविधान के दायरे में रहकर हल करने की अपील की है।
शुक्रवार को एक संयुक्त बयान में उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल जनता की संप्रभुता, नागरिक स्वतंत्रता, क्षेत्रीय अखंडता, राष्ट्रीय एकता और स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए स्थिति को संबोधित करने के लिए पहल कर रहे हैं। उन्होंने जोर दिया कि कानून का शासन और संवैधानिकता को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
नेपाल के नक्खू जेल प्रशासन ने भागे कैदियों से आत्मसमर्पण करने को कहा
नेपाल के नक्खू जेल प्रशासन ने सहकारी घोटाले के मामले में बंद राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के अध्यक्ष रवि लामिछाने सहित दूसरे कैदियों से जल्द से जल्द आत्मसमर्पण करने को कहा है।
जेल के सूचना अधिकारी ने गुरुवार को इसके लिए एक नोटिस जारी किया।
कार्की राष्ट्रपति पौडेल से मुताकात करेंगी, संसद भंग करने पर सहमति नहीं
सुशीला कार्की के साथ समन्वय कर रहे ओम प्रकाश आर्यल ने बताया कि कार्की पहले राष्ट्रपति के कानूनी सलाहकार वरिष्ठ अधिवक्ता बाबूराम कुंवर से मुलाकात करेंगी, इसके बाद राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल के साथ निर्णायक बातचीत होगी। यदि सहमति बनती है, तो कार्की आज ही अंतरिम मंत्रिमंडल के प्रमुख के रूप में शपथ ले सकती हैं।
अधिकांश मुद्दों पर सहमति हो चुकी है, लेकिन कुछ बिंदुओं पर अभी चर्चा चल रही है। राष्ट्रपति पौडेल ने गुरुवार को कार्की और संवैधानिक विशेषज्ञों के साथ दिनभर और रात में बातचीत की।
बैठक में संसद भंग करने पर सहमति नहीं बन पाई। जेन जी आंदोलन के प्रतिनिधियों सहित कुछ पक्षों ने कानूनी आधार पर संसद भंग करने की वकालत की, जबकि अन्य ने संवैधानिक प्रावधानों का हवाला देते हुए कार्यरत संसद की आवश्यकता पर जोर दिया।
काठमांडू से अधिक जानकारी दे रहे रिपोर्टर वैभव
नेपाल से रेस्क्यू हुई दिल्ली की उपासना गिल
दिल्ली से नेपाल में वॉलीबॉल लीग इवेंट होस्ट करने गई उपासना गिल और उनके साथ वहां मौजूद सभी भारतीयों को रेस्क्यू कर लिया गया है। उनकी टीम में हरियाणा के फरीदाबाद की महिला खिलाड़ी भी शामिल थीं। उपासना गिल ने VIDEO जारी करते हुए इसकी जानकारी दी
