Headlines

दिल्ली में यमुना का पानी घरों में घुसा:10 हजार लोगों को हटाया; पूरे पंजाब में बाढ़, जयपुर में सरकारी अस्पताल में पानी भरा

मानसून Live

दिल्ली में यमुना का पानी घरों में घुसा:10 हजार लोगों को हटाया; पूरे पंजाब में बाढ़, जयपुर में सरकारी अस्पताल में पानी भरा

नई दिल्ली/चंडीगढ़/शिमला20 मिनट पहले

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में तेज बारिश का दौर जारी है। पंजाब के सभी 23 जिलों में बुधवार को भी बाढ़ जैसे हालात हैं।

1200 से ज्यादा गांवों में पानी भरा है। अब तक 30 लोगों की मौत हुई है। 3 लोग लापता हैं। सभी स्कूल-कॉलेज की 7 सितंबर तक बंद करने का फैसला लिया गया है।

हरियाणा में झज्जर, हिसार, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और पंचकूला के कई हिस्सों में 3-5 फीट तक पानी भरा है। यहां के 200 से ज्यादा स्कूल बंद हैं। अंबाला के सैकड़ों घरों में 2-4 फीट पानी भरा हुआ है।

हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से 67 घंटे से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। इसके कारण दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान (205 मीटर) के ऊपर 206.80 मीटर पर बह रही है।

नदी के पास बना लोहे का पुल बंद किया गया है। यमुना बाजार-तिब्बती बाजार, मोनेस्ट्री मार्केट में पानी भरा है। निचले इलाकों से 10 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया है। दिल्ली में स्कूल बंद रखे गए हैं।

राजस्थान के जयपुर में तेज बारिश जारी है। यहां के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एसएमएस में बारिश का पानी भर गया है। कोटा के दरा रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर लैंडस्लाइड हुई।

हरियाणा: अंबाला में निचले इलाकों में बने घरों में बारिश का पानी भर गया है।
पंजाब: जालंधर के बस्ती शेख इलाके में मकान ढहने से एक शख्स की मौत हो गई।

हिमाचल में 1300 सड़कें बंद, यूपी के 20 शहरों में तेज बारिश

  • उत्तर प्रदेश के नोएडा में यमुना के जलस्तर के बढ़ने से 1000 फार्महाउस में पानी भर गया है। यहां पानी में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर बचाया गया। मथुरा में बाढ़ से करीब 900 परिवार प्रभावित हैं। आगरा में यमुना का पानी ताजमहल की बाउंड्री तक पहुंच गया। शहर के कई घाट और 8 श्मशान घाट पानी में डूब गए।
  • हिमाचल प्रदेश में 1300 से ज्यादा सड़कें बंद हैं। पिछले 24 घंटे में 11 लोगों की मकान गिरने और लैंडस्लाइड में मौत हुई। आज सुबह कुल्लू में लैंडस्लाइड में 2 लोगों की मौत हो गई। कल शाम मंडी के सुंदरनगर में दो घरों पर लैंडस्लाइड हुई थी। हादसे में मरने वालों की संख्या 7 हो गई है। मलबे से 4 शव आज निकाले गए हैं। राज्य के 7 जिलों में स्कूल-कॉलेजों को बंद रखा गया है।
  • मध्य प्रदेश में अब तक 970.28mm बारिश हो चुकी है, जो सीजन की 104% है, जबकि अब तक 800.1mm बारिश होनी थी। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 939.8mm है। पिछले मानसूनी सीजन में औसत 1117.6mm बारिश हुई थी।
हिमाचल प्रदेश: बुधवार सुबह कुल्लू में घरों पर लैंडस्लाइड हुई। घटना में दो लोगों की मौत हुई है।
जम्मू-कश्मीर: बुधवार को अखनूर में चिनाब नदी उफान पर हैं। कई घाट और मंदिर पानी में डूबे हैं।
दिल्ली: बुधवार को यमुना नदी का पानी मजनूं का टीला इलाके में भर गया। यहां का ड्रोन शॉट।

देशभर के राज्यों में बारिश का डेटा, मैप से समझें…

मौसम से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

लाइव अपडेट्स

20 मिनट पहले

मध्य प्रदेश: उमरिया में संजय गांधी डैम के तीन गेट खुले

उमरिया में लगातार हो रही बारिश से संजय गांधी ताप विद्युत केंद्र के जोहिला डैम में पानी की आवक बढ़ गई है। इसके मद्देनजर बांध के तीन गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है।

29 मिनट पहले

हरियाणा: पंचकूला में स्कूल वाहन पर पेड़ गिरा

हरियाणा में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच पंचकूला में एक पेड़ सड़क किनारे खड़े स्कूल बच्चों को ले जा रहे वाहन पर गिर गया। हादसे में कई बच्चों के घायल होने की खबर है।

34 मिनट पहले

जम्मू-कश्मीर: ऊधमपुर जिले में लैंडस्लाइड, जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में लैंडस्लाइड के कारण जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे को बंद करना पड़ा। इसके बाद कश्मीर घाटी से संपर्क टूट गया है।

55 मिनट पहले

पंजाब: डैमों की स्थिति जानिए

  • पोंग डैम: बुधवार सुबह 6 बजे पोंग डैम का जलस्तर 1393.19 फीट दर्ज किया गया। डैम में पानी की आवक 1,60,183 क्यूसेक है, जबकि पानी का निकास 79,837 क्यूसेक किया जा रहा है। वर्तमान में डैम में पानी आने की गति, निकासी की तुलना में लगभग दोगुनी है। इससे डैम में लगातार जलस्तर बढ़ने की स्थिति बनी हुई है।
  • भाखड़ा डैम: बुधवार सुबह 6 बजे भाखड़ा डैम का जलस्तर 1677.84 फीट दर्ज किया गया। डैम में पानी की आवक 86,822 क्यूसेक है, जबकि निकास 65,042 क्यूसेक किया जा रहा है। आवक और निकासी में अंतर होने से जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना बनी हुई है, हालांकि फिलहाल यह खतरे के निशान से कुछ फीट नीचे है।
  • हरिके हेडवर्क्स: बुधवार सुबह 6 बजे हरिके हेडवर्क्स पर तालाब (पॉन्ड) का जलस्तर 686.50 फीट रहा। यहां ऊपर से आने वाला पानी 3,35,030 क्यूसेक दर्ज किया गया। इनमें से 4,930 क्यूसेक पानी फिरोजपुर फीडर में, 11,791 क्यूसेक राजस्थान फीडर में और 150 क्यूसेक माखू नहर में छोड़ा गया। शेष 3,18,159 क्यूसेक पानी डाउनस्ट्रीम की ओर बहा। इससे संकेत मिलता है कि अधिकांश पानी सीधे आगे की ओर प्रवाहित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024