जम्मू-कश्मीर के कठुआ में 3 जगह बादल फटा:7 लोगों की मौत, कई घायल; हिमाचल के कुल्लू में भी बादल फटने से तबाही
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में रविवार सुबह बादल फटा है। जम्मू-कश्मीर में बादल फटने की ये बीते 3 दिन में दूसरी घटना है। आज कठुआ जिले में बॉर्डर से सटे इलाके में 3 जगह बादल फटा।
जोद घाटी इलाके में 7 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हैं। जोद के अलावा मथरे चक, बगार्ड-चंगड़ा और दिलवान-हुटली में भी लैंडस्लाइड हुई। 14 अगस्त को भी जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ के चसोटी में भी ऐसी ही घटना हुई थी।
लैंडस्लाइड के बाद जोद गांव का शहर से संपर्क टूटा गया था, काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम गांव पहुंची। घरों में कई फीट तक पानी-मलबा भरा है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कठुआ डिप्टी एसपी राजेश शर्मा ने कहा- लैंडस्लाइड में 2 से 3 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। 6 लोगों के फंसे होने की सूचना है। जांगलोट समेत नेशनल हाईवे पर कई जगह पर सड़क को नुकसान पहुंचा है। रेलवे ट्रैक भी बाधित है।
हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश में तबाही नहीं थम रही। आज सुबह 4 बजे के करीब कुल्लू के टकोली में बादल फटा। कुल्लू के पनारसा, नगवाई में भी फ्लैश फ्लड के बाद चारों तरफ मलबा बिखरा है।
बादल फटने के बाद की 4 तस्वीरें…
जम्मू-कश्मीर में 17-19 अगस्त तक तेज बारिश की संभावना
वहीं, मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में 17-19 अगस्त तक तेज बारिश की संभावना जताई है। 11 जिलों जम्मू, रियासी, उधमपुर, राजौरी, पुंछ, सांबा, कठुआ, डोडा, किश्तवाड़, रामबन और कश्मीर के कुछ हिस्सों में बादल फटने और लैंडस्लाइड की भी चेतावनी है।
हिमाचल प्रदेश: कुल्लू में बादल फटा-मंडी में फ्लैश फ्लड; चंडीगढ़-मनाली फोरलेन बंद
रविवार सुबह करीब 4 बजे के करीब कुल्लू के शालानाला में बादल फटा। इससे कुल्लू और मंडी के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। टकोली सब्जी और टकोली फोरलेन पर फ्लड के कारण मलबा आ गया। कुल्लू-मंडी के अलग-अलग इलाकों में 10 से ज्यादा घरों को नुकसान हुआ है। कई घरों में अंदर मलबा भर गया है।
शालानाल खड्ड में आई बाढ़ से एफकॉन कंपनी के ऑफिस और कॉलोनी की दीवार टूट गई। यहां पर कर्मचारियों ने भाग कर बचाई जान, स्थानीय लोगों के घरों को भी काफी नुकसान हुआ। टकोली, पनारसा और नगवाई में 10 से अधिक गाड़ियों को भी नुकसान हुआ है।
चंडीगढ़-मनाली फोरलेन मंडी और कुल्लू में जगह-जगह बंद हो गई है। मंडी जिला के बागी पराशर में भी फ्लैश फ्लड से नुकसान की सूचना है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में बारिश का यलो अलर्ट है। प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक 261 लोगों की मौत हो चुकी है।
किश्तवाड़ में अब तक 65 लोगों की मौत हो
जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के चसोटी गांव में 14 अगस्त की दोपहर 12.25 बजे यहां बादल फटा था। इस कारण मलबे में दबने से अब तक 65 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 34 शवों की पहचान की जा चुकी है। 500 से ज्यादा लोग रेस्क्यू किए गए हैं, जबकि 200 लोग अब भी लापता हैं।
घायलों की संख्या 180 है, जिनमें से 40 की हालत गंभीर है। सभी घायलों को किश्तवाड़-जम्मू के अस्पतालों में भर्ती किया गया है। 75 लोगों की डिटेल उनके परिजन ने प्रशासन को दी है। रेस्क्यू में NDRF की 3 टीमें, सेना (300+ जवान), व्हाइट नाइट कोर मेडिकल टीम, पुलिस, SDRF और अन्य एजेंसियां रेस्क्यू में जुटी हैं।
जम्मू-कश्मीर के CM उमर अब्दुल्ला शनिवार को चसोटी पहुंचे थे। उन्होंने आपदा पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस पर एक शख्स ने उनसे कहा- हमें कुछ नहीं चाहिए, आप सब अपने घर ले जाओ, हमें सिर्फ डेडबॉडी दे दो। मेरी मां-मौसी लापता हैं।
युवक ने आरोप लगाया था कि यहां पर 20 जेसीबी आई हैं, हम कल से देख रहे हैं कि सिर्फ 2 ही जेसीबी काम कर रही हैं। आज आप आए तो इन्हें चालू किया गया। जब कोई नेता आता है तो जेसीबी चालू कर दी जाती हैं।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब हजारों श्रद्धालु मचैल माता यात्रा के लिए जिले के पड्डर सब-डिवीजन में चसोटी गांव पहुंचे थे। यह यात्रा का पहला पड़ाव है। यहां श्रद्धालुओं की बसें, टेंट, लंगर और कई दुकानें थीं। सब कुछ बाढ़ में बह गया।
जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बादल फटने-लैंडस्लाइड की स्थिति देखने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए
लाइव अपडेट्स
गुलाम नबी आजाद ने कठुआ आपदा पर दुख जताया
डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव आजाद पार्टी (DPAP) के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने कठुआ में बादल फटने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने X पर लिखा – कठुआ में बादल फटने से हुई जनहानि से बेहद दुखी हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना है। मैं प्रशासन से अपील करता हूं कि प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए।
CM उमर ने कठुआ हादसे के पीड़ितों को मुआवजे का ऐलान किया
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री ने कठुआ हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। मरने वालों को 2 लाख, गंभीर घायलों को 1 लाख, मामूली रूप से घायलों को 50 हजार दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पूरी तरह क्षतिग्रस्त घरों के लिए 1 लाख, गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए 50 हजार और आंशिक क्षतिग्रस्त घरों के लिए 25 हजार की राशि देने की घोषणा की है।
कठुआ में बादल फटने और भूस्खलन की दो अलग-अलग घटनाओं में पांच बच्चों समेत चार परिवारों के सात सदस्यों की मौत हो गई। जबकि छह घायल हो गए हैं।
कठुआ: घर के पीछे लैंडस्लाइड, लोग बालकनी से कूदकर निकले, VIDEO
कठुआ: सेना की राइजिंग स्टार कॉर्प्स के रेस्क्यू ऑपरेशन की 4 तस्वीरें
भारतीय सेना की राइजिंग स्टार कॉर्प्स ने कठुआ में बादल फटने से आई तबाही में घायलों की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। जवान खाना, दवाएं और मदद मुहैया करा रहे हैं…
जम्मू-कश्मीर: कठुआ के घायलों को पठानकोट एयरलिफ्ट किया गया
बचाव दल मलबा हटाने और प्रभावित परिवारों को सहायता और राहत प्रदान करने के लिए काम कर रहे हैं। घायलों को चिकित्सा सुविधाएं तक पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। अब तक छह घायलों को पठानकोट के मामून अस्पताल ले जाया गया है।
हिमाचल: मंडी में नेशनल हाईवे खोलने मशीनों से मलबा हटाया जा रहा
