MP, गुजरात और राजस्थान में भारी बारिश का रेड अलर्ट:गौरीकुंड में लैंडस्लाइड, केदारनाथ रूट बंद; ओडिशा में बैतरणी नदी खतरे के निशान पर
मौसम विभाग ने रविवार के लिए पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और गुजरात में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं उत्तराखंड, पूर्वी मध्य प्रदेश, सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, कर्नाटक, केरल, असम, मेघालय, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
शनिवार को रुद्रप्रयाग में रात भर से जारी बारिश के कारण 1600 से ज्यादा चारधाम तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बारिश के कारण पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर गिर गए और गौरीकुंड के पास केदारनाथ जाने वाला मार्ग अवरुद्ध हो गया। अभी भी 700 तीर्थयात्रियों को निकालने की प्रक्रिया जारी है।
इधर, ओडिशा सरकार ने शनिवार को बालासोर, भद्रक और जाजपुर के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा है। कई नदियां उफान पर हैं, इसलिए निचले इलाकों से लोगों को निकालने को कहा गया है। जलाका और बैतरणी नदी का जलस्तर पहले ही खतरे के निशान को पार कर चुका है, जबकि बालासोर में सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।
दक्षिणी राज्य केरल में अगले 5 दिन तक बारिश जारी रहने की संभावना है। साथ ही रविवार तक 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। तेज हवाओं और समुद्र में उथल-पुथल के कारण 30 जुलाई तक केरल-कर्नाटक-लक्षद्वीप तटों पर मछली पकड़ने से मना किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में भी 29 जुलाई तक चार जिलों चंबा, कांगड़ा, मंडी और कुल्लू के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
देशभर से बाढ़ और बारिश की तस्वीरें…
26 जुलाई को किस राज्य में कितनी बारिश हुई, मैप से जानिए…
मौसम से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
MP के डिंडोरी में पुल बारिश के पानी में डूबा
मध्य प्रदेश के डिंडोरी से जबलपुर मार्ग पर जोगितिकरिया पुल भारी बारिश के कारण पानी में डूब गया। SDRF की टीम मौके पर है।
गुजरात के 9 जिलों में रेड अलर्ट
गुजरात में मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। रविवार के लिए 9 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन 9 जिलों में अहमदाबाद, गांधीनगर, मेहसाणा, बनासकांठा, साबरकांठा, अरावली, खेड़ा, सुरेंद्रनगर और पाटण शामिल हैं।
केरल के कोझिकोड में समुद्री लहरें कैफे से टकराईं
केरल के तटीय शहर कोझिकोड में बारिश के बाद ऊंची लहरें समुद्र तट के पास स्थित एक कैफे की दीवार से टकराईं।
ओडिशा के भद्रक में बैतरणी नदी खतरे के निशान के पार
ओडिशा के भद्रक में बैतरणी नदी अखुआपाड़ा में खतरे के निशान को पार कर गई है। जाजपुर तथा भद्रक जिलों के लिए बाढ़ की चेतावनी जारी की गई है।
महाराष्ट्र में तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है
26 जुलाई: देश के प्रमुख शहरों में हुई बारिश के आंकड़े
