बीजापुर में जवानों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया:शव-हथियार बरामद, बढ़ सकता है आंकड़ा, बासागुड़ा इलाके में रुक-रुककर गोलीबारी जारी
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के बासागुड़ा इलाके में शनिवार शाम को मुठभेड़ में जवानों ने 4 नक्सलियों को मार गिराया है। सभी के शव और INSAS-SLR राइफल समेत बड़ी संख्या में हथियार, विस्फोटक बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है।
दक्षिण-पश्चिमी जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। शाम से रुक-रुककर फायरिंग हो रही है।
18 जुलाई को मारे गए थे 6 नक्सली
इसके पहले 18 जुलाई को नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में जवानों ने 6 नक्सलियों का एनकाउंटर किया था। मुखबिर की सटीक सूचना पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम सर्चिंग पर निकली थी। जहां फोर्स ने माओवादियों को घेर कर मार गिराया।
बारिश के मौसम में भी नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन मानसून जारी है। इस दौरान पुलिस का नक्सलियों से सामना हुआ। दोनों तरफ से फायरिंग हुई थी। जवानों ने जवाबी कार्रवाई में नक्सलियों को ढेर कर दिया। एनकाउंटर वाली जगह से AK-47 और SLR जैसे ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद हुए थे।
अबूझमाड़ में 26 जून को हुई थी मुठभेड़
वहीं 5 जुलाई को बीजापुर जिले में जवानों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को ढेर किया था। जवानों ने 5 जुलाई की सुबह मारे गए नक्सली का शव और हथियार बरामद किया। इसके साथ ही नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ इलाके में ही 26 जून को जवानों ने 2 वर्दीधारी महिला नक्सलियों को मार गिराया था।
दोनों के शव बरामद कर किए गए। साथ ही 315 बोर राइफल और अन्य हथियार भी बरामद हुए थे। मारे गए नक्सलियों में एरिया कमेटी मेंबर (ACM), कुतुल एरिया कमेटी मेंबर सीमा के रूप में की गई। इस पर 5 लाख का इनाम घोषित था। वहीं लिंगे उर्फ़ रांझू पर 1 लाख का इनाम था। रांझू पार्टी मेंबर (PM), कुटुल LOS थी।
शाह की डेडलाइन, 2026 तक करेंगे नक्सलवाद का खात्मा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अगस्त 2024 और दिसंबर 2024 में छत्तीसगढ़ के रायपुर और जगदलपुर आए थे। वे यहां अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग मंचों से नक्सलियों को चेताते हुए कहा था कि हथियार डाल दें। हिंसा करोगे तो हमारे जवान निपटेंगे।
वहीं उन्होंने एक डेडलाइन भी जारी की थी कि 31 मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद का खात्मा कर दिया जाएगा। शाह के डेडलाइन जारी करने के बाद से बस्तर में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन काफी तेज हो गए हैं।
