करणी सेना पर दो दिन में तीन बार लाठीचार्ज:हरदा में पुलिस ने टियर गैस छोड़ी, वाटर कैनन से खदेड़ा; राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत 50 गिरफ्तार
हरदा में चक्काजाम कर रहे करणी सेना परिवार के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने दो दिन में तीन बार लाठीचार्ज किया। रविवार सुबह भी पुलिस ने उन्हें समझाइश दी, नहीं मानने पर आंसू गैस के गोले छोड़े। लाठीचार्ज कर खदेड़ा। वाटर कैनन चलाकर भी प्रदर्शनकारियों को कंट्रोल किया।
प्रदर्शन में शामिल करणी सेना परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर समेत 50 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जिला जेल में भेजा है। यहां तनाव के चलते यहां हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर, देवास और खंडवा जिले का पुलिस फोर्स तैनात है। प्रदेश में रतलाम, देवास, धार समेत अन्य शहरों में भी करणी सेना ने प्रदर्शन किया।
कलेक्टर बोले- मौके पर तनाव की स्थिति कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि कार्यकर्ताओं को जाम खत्म करने की समझाइश दी जा रही थी, नहीं मानने पर रविवार सुबह वाटर कैनन चलाया गया। इसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़े गए। लाठीचार्ज कर धरना दे रहे लोगों को खदेड़ा। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सड़क के दोनों तरफ दो पहिया वाहन गिरे पड़े हैं। पुलिस इन वाहनों को उठाकर ले गई है।
इसलिए प्रदर्शन कर रही है करणी सेना परिवार करणी सेना परिवार के पदाधिकारी आशीष राजपूत से हीरा खरीदने के नाम पर 18 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई थी। आशीष ने विकास लोधी, मोहित वर्मा और उमेश तपानिया पर केस दर्ज कराया था। पुलिस ने मोहित को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस मोहित को लेकर कोर्ट में चालान पेश करने जा रही थी।
इसी दौरान करीब 40 कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए और आरोपी को उनके हवाले करने की मांग कर नारेबाजी करने लगे। हंगामा बढ़ा तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील राजपूत, आशीष राजपूत समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया था। इसी गिरफ्तारी के खिलाफ कार्यकर्ता रविवार को प्रदर्शन करने जुटे।
प्रदर्शन की तस्वीरें…
जीतू बोले- कलेक्टर-एसपी को बर्खास्त करें हरदा की घटना पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने ट्वीट कर कलेक्टर एसपी की भूमिका पर उठाए सवाल। पटवारी ने दोनों अफसरों की बर्खास्तगी की मांग की। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा- हरदा में करणी सेना/राजपूत समाज के साथ हुई पुलिस बर्बरता निंदनीय है। फिर साबित हो गया कि मोहन सरकार में न्याय और अधिकार की बात करना अपराध है!
करणी सेना के प्रदर्शन की कुछ और तस्वीरें
घटनाक्रम के मिनट-टु-मिनट अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
अपडेट्स
नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा- न्याय मांगने पर अपराधियों जैसा सलूक
जिले में धारा 163 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
हरदा कलेक्टर (जिला दण्डाधिकारी) सिद्धार्थ जैन ने जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत प्रदत्त शक्ति का प्रयोग करते हुए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
आदेश अनुसार जिले की राजस्व सीमा में एक ही स्थान पर भीड़ अर्थात 4 या 4 से अधिक व्यक्तियों के समूह एकत्रित होना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत दण्डनीय अपराध की श्रेणी में आएगा।
प्रशासन पर बेरहमी से मारपीट और तोड़फोड़ के आरोप
राजपूत परिषद के संभागीय सचिव अजब सिंह राजपूत ने कहा, समाज के बच्चों की सिर्फ यही मांग थी कि जिलाध्यक्ष सुनील राजपूत और उनके साथियों को छोड़ दिया जाए। वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात कह रहे थे, लेकिन प्रशासन ने मारपीट की, उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की। हमारे बच्चों से कोई गलती हुई है तो हम माफी मांगते हैं। हमारी यही मांग है कि बिना कोई धारा लगाए बच्चों को छोड़ दिया जाए।
वाहनों को उठा ले गई पुलिस
प्रदर्शन करने आए लोगों के वाहनों को पुलिस नगर पालिका के टो वाहन से उठाकर थाने ले गई है। वहीं बाइकों को जेसीबी से उठाकर ट्रैक्टर से ले गई है, जिससे वाहनों में टूट फुट हुई है।
लाठीचार्ज को लेकर राजपूत समाज में आक्रोश
राजपूत समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि समाज के युवा हमारे सामाजिक भवन में शांतिपूर्ण रूप से करणी सेना के जिलाध्यक्ष सुनील राजपूत की रिहाई को लेकर चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने अंदर घुसकर तोड़फोड़ की और युवाओं के साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट की।
कांग्रेस के जिला प्रवक्ता आदित्य गार्गव ने कहा, हरदा के इतिहास में प्रशासन का आतंक पहली बार देखा है। जनता पर अत्याचार ना करते हुए उनकी मांगों को शांतिपूर्ण रूप से सुनना चाहिए।
हरदा से भास्कर रिपोर्टर संदेश पारे दे रहे ताजा अपडेट
