Headlines

ऑपरेशन सिंधु- ईरान से 2 बैच में 407 भारतीय लौटे:इसमें 190 कश्मीरी छात्र; किसी ने वन्दे मातरम् के नारे लगाए, तो किसी ने शुक्रिया कहा

ईरान और इजराइल संघर्ष के बीच ऑपरेशन सिंधु के तहत शुक्रवार देर रात 290 भारतीय नागरिक दिल्ली लौटे। इनमें से ज्यादातर कश्मीर के छात्र हैं। इसके अलावा कुछ यात्री दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल से भी हैं।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 517 भारतीय नेशनल स्वदेश लौट चुके हैं। शुक्रवार देर रात 2 बैच में 407 भारतीय लौटे। देर रात 10:30 बजे की फ्लाइट में 190 कश्मीरी छात्रों समेत 290 और देर रात 3 बजे की फ्लाइट में 117 लोग थे। इससे पहले 19 जून को 110 छात्र आर्मेनिया और दोहा के रास्ते भारत पहुंचे थे। एक और फ्लाइट शनिवार शाम तक आ सकती है।

ईरान से दिल्ली पहुंचे इन यात्रियों ने एयरपोर्ट पर ‘वन्दे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। इस दौरान कुछ लोग भावुक भी हो गए। उनकी आंखों में आंसू थे, तो कुछ ने जमीन पर माथा टेककर शुक्रिया भी अदा किया।

दिल्ली लौटने के बाद भारतीय नागरिकों मे भारत माता की जय के नारे लगाए।

तेहरान से नई दिल्ली के लिए विमान ने भरी उड़ान तेहरान के इमाम खोमैनी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 290 भारतीय नागरिकों को लेकर माहान एयर के इस विमान ने (फ्लाइट नंबर W 5071) भारतीय समयानुसार शुक्रवार शाम 6:30 बजे नई दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। यह विमान देर रात 11:30 बजे दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुआ।

लोगों ने कहा, भारत आकर सुकून मिला

ईरान से भारत पहुंचीं एलिया बतूल ने कहा, ‘मेरा परिवार बहुत परेशान था। यहां आकर हमें सुकून मिला। भारत सरकार का बहुत-बहुत धन्यवाद। हमें वहां कोई भी समस्या नहीं हुई, क्योंकि हमारे दूतावास ने हमारा बहुत साथ दिया।’ सैयद मंसूर हुसैन ने कहा, ‘सभी ने भारत मां की सरजमीं पर आकर सजदा किया। भारत सरकार का बहुत धन्यवाद। मैं भारत से प्यार करता हूं।’

कश्मीरी छात्र फ्लाइट्स से उतरे तो उनके हाथों में तिरंगा था।
विदेश मंत्रालय के अफसरों ने ईरान से लौटे भारतीयों का स्वागत किया।
ईरान से लौटने वाले यात्रियों में से कुछ यात्री दिल्ली, हरियाणा, कर्नाटक और पश्चिम बंगाल से हैं।

ईरान ने एयरस्पेस खोला, 1000 भारतीयों को निकालेगा ईरान ने एयरस्पेस पर लगी पाबंदी को हटाकर भारत के करीब 1000 नागरिकों को निकालने की इजाजत दी है। इनमें से ज्यादातर छात्र हैं, जिन्हें ईरान की राजधानी से तेहरान से माशहद लाया गया था। अब इन्हें तीन चार्टर फ्लाइट्स के जरिए भारत लाया जाएगा। ये फ्लाइट्स ईरानी एयरलाइन माहान चलाएगी।

भारत सरकार की ओर से ऑपरेशन सिंधु के तहत इनकी व्यवस्था की गई है। ईरानी दूतावास में मिशन के उप प्रमुख मोहम्मद जवाद हुसैनी ने बताया कि जरूरत पड़ी तो आने वाले दिनों में और फ्लाइट्स चलाई जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024