Headlines

MP के शहडोल में पारा 1º, अयोध्या में 2.5º:कानपुर में 4.5º के साथ 13 साल का रिकॉर्ड टूटा; राजस्थान में पत्तों पर बर्फ जमी

MP के शहडोल में पारा 1º, अयोध्या में 2.5º:कानपुर में 4.5º के साथ 13 साल का रिकॉर्ड टूटा; राजस्थान में पत्तों पर बर्फ जमी

नई दिल्ली5 घंटे पहले

जम्मू-कश्मीर के बारामूला में झरना जम गया। मध्य प्रदेश और राजस्थान में पेड़ के पत्तों पर ओस की बूंदें जम गईं।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के कारण देश के उत्तरी राज्यों में सर्दी तेज होती जा रही है। मध्य प्रदेश में 7 दिनों से शीतलहर चल रही है। सोमवार को भोपाल, जबलपुर समेत 37 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट है। शहडोल में तापमान 1.0 डिग्री पहुंच चुका है।

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पारा 2.5 डिग्री पहुंच चुका है। कानपुर में 13 साल बाद न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यहां 2011 में 15 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री दर्ज हुआ था।

राजस्थान में अगले चार दिन कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान है। सीजन में पहली बार शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। फतेहपुर (सीकर) में तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया गया। माउंट आबू में पत्तों पर बर्फ जम गई है।

मौसम विभाग ने सोमवार को बिहार-हरियाणा समेत 14 राज्यों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। पंजाब और MP में सीवियर कोल्ड वेव की चेतावनी जारी की गई है।

माउंट आबू में तेज सर्दी पड़ रही है। यहां घर के बाहर रखे बर्तनों में पानी जमने लगा है।
अजमेर में गाड़ियों पर बर्फ जम गई। यहां पत्तों पर भी ओस की जमी हुईं बूंदें देखने को मिली।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सुबह 7 बजे कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर रह गई।
उत्तराखंड में 18 हजार फीट ऊपर ‘ॐ’ पर्वत पर फिर जमी बर्फ; 4 महीने से इंतजार था

बर्फ से ढंकी ‘ॐ’ की आकृति स्पष्ट नजर आ रही है।
ताजा बर्फबारी के बाद उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में 18 हजार फीट ऊंचा ‘ॐ’ पर्वत बर्फ से ढंक गया है। दुनिया में इस इकलौते पौराणिक पर्वत पर प्राकृतिक रूप से उभरा ‘ॐ’ फिर नजर आने लगा है। पिछले साल बेहद कम बर्फबारी होने और पहाड़ों पर तापमान बढ़ने से इस साल अगस्त में पहली बार इस पर्वत से बर्फ गायब हो गई थी।

हालांकि, अब आदि कैलाश, बद्रीनाथ, केदारनाथ और गंगोत्री धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में एक फीट तक बर्फबारी हो चुकी है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह के अनुसार, एक हफ्ते बाद बर्फबारी का दूसरा जबरदस्त दौर आने के आसार हैं।

अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम

17 दिसंबर: 4 राज्यों में बारिश, हरियाणा-UP में घना कोहरा

तमिलनाडु, पुडुचेरी में 12 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होगी। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में 7 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश हो सकती है।
हरियाणा और उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का अलर्ट है। इन राज्यों में विजिबिलिटी भी घट सकती है।
राजस्थान में कोल्ड वेव का अलर्ट है। यहां कई शहरों में तापमान 5 डिग्री के नीचे रहने की उम्मीद है।
18 दिसंबर: 5 राज्यों में बारिश, राजस्थान में शीतलहर का अलर्ट

तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश के अलावा केरल में बिजली गिरने के साथ बारिश के आसार हैं।
राजस्थान के कुछ इलाकों में लगातार दूसरे दिन शीतलहर चलेगी। तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद नहीं है।
नॉर्थ ईस्ट के राज्यों में भी ठंड बढ़ सकती है। यहां तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है।
19 दिसंबर: MP में कोल्ड वेव नहीं चलेगी, दक्षिणी राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा

तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, केरल में बिजली चमकने के साथ 7 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होगी।
राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में शीतलहर चलेगी।
दक्षिण भारत के राज्यों में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
जम्मू-कश्मीर से बर्फबारी की तस्वीरें…

बांदीपुरा की गुरेज घाटी में बर्फबारी के कारण घरों के आसपास का इलाका बर्फ से ढक गया।
बारामूला के तंगमर्ग गांव में बर्फ की स्लाइड का आनंद लेते बच्चे।

पुंछ में मुगल रोड पर भारी बर्फबारी के बाद स्नो-कटर मशीन से पुल पर मौजूद बर्फ हटाई गई।
मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने के 3 कारण

पश्चिम-उत्तर भारत में 12.6 किमी की ऊंचाई पर 278 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल रही हैं।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इस वजह से बर्फ पिघल रही है। इससे उत्तर और मध्य भारत के इलाकों में ठंड बढ़ रही है।
पाकिस्तान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के चलते जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में लगातार बर्फबारी हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024