Headlines

महाराष्ट्र भाजपा ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ नारे पर बंटी:पंकजा मुंडे के बाद पूर्व CM अशोक चव्हाण ने विरोध जताया, कहा- जनता ऐसे नारे पसंद नहीं करेगी

महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के बीच चर्चित ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ नारे पर भाजपा के नेताओं में ही मतभेद है। महाराष्ट्र के पूर्व CM और लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा में आए सांसद अशोक चव्हाण ने इसका विरोध किया है।

चव्हाण ने कहा- ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ का नारा महाराष्ट्र की जनता पसंद नहीं करेगी। इस नारे की कोई प्रासंगिकता नहीं है। निजी तौर पर मैं ऐसे नारे के खिलाफ हूं क्योंकि यह समाज के लिए बिल्कुल भी अच्छा नहीं है। हमें देखना होगा कि इससे किसी की भावनाएं आहत नहीं होनी चाहिए।

इससे पहले महाराष्ट्र से भाजपा की MLC पंकजा मुंडे ने भी कहा था कि ‘महाराष्ट्र को ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ जैसे नारे की जरूरत नहीं है। हम इसका केवल इसलिए समर्थन नहीं कर सकते, क्योंकि हम भी उसी पार्टी से हैं। मेरा मानना है कि विकास ही असली मुद्दा है।’

पंकजा ने कहा- ‘नेता का काम है कि इस धरती पर रहने वाले हर व्यक्ति को अपना समझे। हमें महाराष्ट्र में इस तरह के विषय नहीं लाने चाहिए। योगी आदित्यनाथ ने ये उत्तर प्रदेश के संदर्भ में कहा था, जहां अलग तरह की राजनीतिक परिस्थितियां हैं। उनकी बात का वही अर्थ नहीं जो समझा जा रहा है।’

अजित पवार भी विरोध कर चुके, कहा- ये सब UP-झारखंड में चलता होगा
महाराष्ट्र के डिप्टी CM और भाजपा-शिवसेना गठबंधन महायुति में शामिल अजित पवार ने 9 नवंबर को कहा कि, ‘बटेंगे तो कटेंगे का नारा उत्तर प्रदेश और झारखंड में चलता होगा, महाराष्ट्र में नहीं चलेगा। मैं इसका समर्थन नहीं करता। हमारा नारा है- सबका साथ सबका विकास।’

राहुल बोले- भाजपा बांटने की राजनीति करती है
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भाजपा पर विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने विशेष रूप से नारे की निंदा करते हुए कहा है कि यह एक धर्म को दूसरे धर्म के खिलाफ खड़ा करने का प्रयास है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 9 नवंबर को नागपुर में कहा- योगी के मुंह में राम है और बगल में छुरी है। योगी साधु के कपड़े में आते हैं और फिर बोलते हैं कि बटेंगे तो कटेंगे। बांटने वाले भी वो ही हैं और काटने वाले भी वो ही हैं।

खड़गे ने कहा कि इन्होंने हजारों साल पहले मनुस्मृति में बांटा और तब से काटते आ रहे हैं। मनुस्मृति में ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र और अतिशूद्र में बांटा। PM नरेंद्र मोदी बोलते हैं कि एक हैं तो सेफ हैं। अगर मोदी को एक होकर सेफ होना है तो मनुस्मृति को जलाना होगा।

पीएम ने कहा था- हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे
पीएम मोदी ने 5 अक्टूबर को ठाणे और वाशिम में रैलियों को संबोधित किया था। उन्होंने ठाणे में कहा, ‘कांग्रेस और उनके सहयोगियों का एक ही मिशन है- बांटो और सत्ता में रहो। वह जानती है उसका वोट बैंक एक रहेगा। हम बंटेंगे तो बांटने वाले महफिल सजाएंगे, जश्न मनाएंगे। कांग्रेस को अर्बन नक्सल गैंग चला रहे हैं। वह देश विरोधियों के साथ खड़ी है।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024