केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भाजपा 2026 में दो तिहाई बहुमत से बंगाल में सरकार बनाएगी। आज बंगाल में रवींद्र संगीत की जगह बमों की आवाजें सुनाई दे रही हैं।
शाह रविवार को कोलकाता पहुंचे थे। उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने राज्य में एक करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम में सुवेंदु अधिकारी और मिथुन चक्रवर्ती भी मौजूद थे।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब आप (जनता) बंगाल में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ेंगे, तो बंगाल को कम्युनिस्टों और ममता दीदी के आतंक से मुक्त करने के संकल्प का भी हिस्सा बनेंगे।
शाह ने कहा- बंगाल में राज्य प्रायोजित घुसपैठ है, और इसे रोकने का एकमात्र तरीका 2026 में भाजपा को चुनना है। गाय और कोयले की तस्करी रोकने के लिए पश्चिम बंगाल में एक करोड़ भाजपा सदस्य बनाने होंगे।
बंगाल में माताओं-बहनों की गरिमा का हनन शाह ने कहा कि बंगाल में माताओं-बहनों की गरिमा का हनन हो रहा है। संदेशखली में महिलाओं पर हमले और आरजी कर अस्पताल में एक डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाएं इस बात का सबूत हैं।
शाह ने पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मिथुन चक्रवर्ती ने मुझे बताया था कि TMC के कार्यकर्ता भाजपा समर्थकों को वोट नहीं करने देते हैं।
TMC ने साल 2021 में जीत की हैट्रिक लगाई थी पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटें हैं। साल 2021 के चुनाव में TMC ने जीत की हैट्रिक लगाई थी। ममता की पार्टी को 213 सीटें मिली थीं। भाजपा को 77 सीटें हासिल हुई थीं। कांग्रेस-लेफ्ट का खाता भी नहीं खुला था। साल 2016 के विधानसभा चुनाव में TMC को 211 सीटें मिली थीं। भाजपा के हिस्से केवल 3 सीटें आई थीं।
लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बंगाल में मिलीं 12 सीटें
पश्चिम बंगाल में 19 अप्रैल से लेकर 1 जून तक सभी सात चरणों में मतदान हुआ था। 4 जून को नतीजे आए थे। राज्य की 42 सीटों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने 29 सीटें जीती थीं। भाजपा सिर्फ 12 सीटों पर जीत पाई थी।
