तमिलनाडु-कर्नाटक में तेज बारिश, स्कूल-कॉलेज बंद:बेंगलुरु में NDRF तैनात; बिहार समेत 8 राज्यों में बारिश का अलर्ट; राजस्थान में तापमान 39º
तेज बारिश के चलते तमिलनाडु, कर्नाटक और पुड्डुचेरी में बुधवार को स्कूल-कॉलेज बंद रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं, भारी बारिश के चलते मद्रास हाई कोर्ट की चेन्नई बेंच ने बुधवार को अवकाश घोषित कर दिया है।
तमिलनाडु के CM एम के स्टालिन ने NDRF और SDRF को प्रभावित क्षेत्रों में तैनात करने का निर्देश दिया है। महानगर चेन्नई नगर निगम ने कहा कि वह नालों में भर गया पानी निकाल रहा है। चेन्नई नगर निगम ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।
उधर, कर्नाटक में मंगलवार सुबह से शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह तक जारी रही। राजधानी बेंगलुरु समेत कई शहरों में सड़कों पर पानी भर गया। बेंगलुरु में स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। प्राइवेट कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम करने के लिए कहा है।
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, कर्नाटक, केरल के साथ-साथ गोवा बिहार में बारिश का का अनुमान जताया गया है। देश के बाकी राज्यों में तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। राजस्थान के श्रीगंगानगर में मंगलवार को तापमान 39.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की वजह मौसम विभाग ने कहा कि मंगलवार को सुबह तक बंगाल की खाड़ी के दक्षिणी भाग के मध्य भाग में एक स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया। पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते हुए उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ने की आशंका है। इसके चलते चेन्नई, तिरुवल्लूर और राज्य के अन्य हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है।
चेन्नई में 198 रिलीफ कैंप बने बाढ़ से बचने के लिए ग्रेटर चेन्नई कॉरपोरेशन ने 198 रिलीफ सेंटर बनाए हैं, जिनमें से 36 सेंटर में लोग रह रहे हैं। इनमें करीब 1360 मील भी बनाए गए हैं। तमिलनाडु सरकार ने कहा है कि चेन्नई के अलावा अन्य शहरों में भी रिलीफ सेंटर बनाए गए हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों को यहां शिफ्ट करने का काम जारी है।
चेन्नई-बेंगलुरु में तेज बारिश-बाढ़ की 3 तस्वीरें…
MP में 20 अक्टूबर से ठंड का असर मौसम विभाग के मुताबिक, MP में 20 अक्टूबर से ठंड का असर और बढ़ेगा। हालांकि, दिन का तापमान 33-34°C डिग्री के बीच बना रहेगा। अक्टूबर के आखिरी हफ्ते में दिवाली के करीब तापमान में बड़ी गिरावट आने की संभावना है।
अगले दो दिन में छत्तीसगढ़ से मानसून की वापसी पूरी तरह से हो जाएगी। मौसम विभाग के मुताबिक, अब प्रदेश में ड्राई हवा का असर दिखेगा, रात का तापमान गिरेगा। उत्तर-पूर्वी हवाओं ने छत्तीसगढ़ के बड़े हिस्से को कवर किया है।
दिल्ली-NCR में पहले स्टेज का एंटी-पॉल्यूशन प्लान एक्टिव
दिल्ली NCR में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार खराब है। इसके चलते सोमवार सुबह 8 बजे से नोएडा समेत NCR के सभी शहरों में स्टेज-1 का ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रेप) को लागू किया जा रहा है। ये निर्णय कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) की एक बैठक के बाद लिया गया।
दिल्ली-NCR में एयर क्वालिटी इंडेक्स 201 से 300 के बीच है। ऐसे में स्टेज-1 को लागू किया जा रहा है। इसके तहत कारखानों में जनरेटर पर रोक लगा दी गई है। साथ ही कंस्ट्रक्शन कार्यों और होटलों में तंदूर बैन कर दिया गया है।
जैसे-जैसे प्रदूषण का स्तर बढ़ेगा, पाबंदियों को बढ़ाया जाएगा। इसका दूसरा चरण 301 से 400 के बीच में होने पर लागू होगा। AQI 401 से 450 के बीच में होने पर तीसरे चरण पर निगरानी होगी। AQI 450 से ज्यादा होने पर चौथे चरण पर ग्रेप की पाबंदियां लागू होंगी। इस आदेश की कापी NCR के सभी प्राधिकरण, जिला प्रशासन को भेज दी गई है।
ये पाबंदियां और सावधानियां
- सभी प्रकार के कंस्ट्रक्शन मटेरियल को ढंक कर रखना होगा। सड़कों पर पानी का छिड़काव और मैकेनिकल स्वीपिंग की जाए।
- शहर के प्रमुख चौराहों पर एंटी स्मॉग गन का प्रयोग किया जाए।
- ओपन एरिया में किसी प्रकार का कूड़ा वगैरह नहीं जलाया जाएगा।
- सड़कों पर लगने वाले जाम को नियंत्रित किया जाए। पॉल्यूशन फैलाने वाली गाड़ियों पर ज्यादा से ज्यादा जुर्माना लगाया जाए।
- शहर में अवैध रूप से स्टोन क्रशर और अन्य कंस्ट्रक्शन पर रोक लगाई जाए।
- हॉट मिक्स प्लांट को बंद कराया जाए। जनरेटर पर पाबंदी हो।
- होटल रेस्टोरेंट में तंदूर पर प्रतिबंध।
- सड़कों पर 10 साल से अधिक डीजल और 15 साल से अधिक पेट्रोल वाहनों पर रोक।
