मुंबई के अंधेरी इलाके में एक 14 मंजिला इमारत में बुधवार सुबह आग लग गई। आग से 2 बुजुर्ग समेत 3 लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि अंधेरी इलाके के लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स के रिया पैलेस बिल्डिंग के 10वें फ्लोर पर सुबह करीब 8 बजे आग लगी। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
1 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया था, लेकिन तब तक फ्लैट में रह रहे 2 बुजुर्ग और उनका नौकर बुरी तरह झुलस चुके थे। तीनों को गंभीर हालत में कूपर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान चंद्रप्रकाश सोनी (74), कांता सोनी (74) और पेलुबेटा (42) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही पूरी जानकारी दी जाएगी।
मुंबई में 10 दिन पहले लगी आग में 3 बच्चों समेत 7 की मौत हुई थी
मुंबई के चेंबूर इलाके के सिद्धार्थ कॉलोनी में 3 मंजिला इमारत में अक्टूबर को आग लग गई थी। इससे एक ही परिवार के 3 बच्चों समेत 7 लोगों की जलकर मौत हो गई। घटना रविवार सुबह 5:20 बजे की थी। चश्मदीदों ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर बनी दुकान आग में भड़की।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। देखते ही देखते आग ऊपर की मंजिल तक पहुंची, लेकिन वहां रह रहे लोगों को रेस्क्यू नहीं किया जा सका।
फयर ब्रिगेड ने करीब 9 बजे तक आग पर काबू पाया, जिसके बाद अंदर फंसे सभी 7 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किटिंग के कारण लगी थी। शॉर्ट सर्किट से दुकान में धमाका हुआ और आग पूरी इमारत में फैली।
