Headlines

7500 पुलिसकर्मियों के भरोसे थी 15 लाख की भीड़:सिर्फ 2 मेडिकल टीम और 40 एंबुलेंस थीं; चेन्नई एयर शो में गई थी 5 लोगों की जान

7500 पुलिसकर्मियों के भरोसे थी 15 लाख की भीड़:सिर्फ 2 मेडिकल टीम और 40 एंबुलेंस थीं; चेन्नई एयर शो में गई थी 5 लोगों की जान

चेन्नई3 घंटे पहलेलेखक: रितेश रंजन
6 अक्टूबर को मरीना बीच पर एयर शो में 5 लोगों की मौत हुई थी।

तमिलनाडु के चेन्नई में मरीना बीच पर वायुसेना के एयर शो के दौरान भगदड़ में मारे गए 5 लोगों के अंतिम संस्कार सोमवार को हुए। करीब 200 घायल लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। 8 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के 92वें स्थापना दिवस से पहले 6 अक्टूबर को चेन्नई में एयर शो हुआ था।

इस एयर शो को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए 15 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य था। स्थानीय प्रशासन का दावा है कि इससे ज्यादा लोग पहुंचे, इसलिए व्यवस्थाएं बिगड़ गईं। भारी भीड़ और गर्मी के चलते 5 लोगों की मौत हो गई। एयर शो का नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हो गया है।

हालांकि, भास्कर ने पीड़ितों से बातचीत और सरकारी प्लान की पड़ताल की तो हादसे की 3 वजह सामने आईं-

पहली: एयर शो 11 बजे शुरू होना था, लेकिन लोग 7 बजे से पहुंचने लगे। मेट्रो-बस स्टेशनों पर भारी भीड़ थी। फिर भी प्रशासन ने भीड़ का अंदाजा नहीं लगाया।

दूसरी: कार्यक्रम खत्म होते ही ट्रैफिक पुलिस ने भीड़ को कामराज रोड से निकालना शुरू किया, जबकि यही रोड मुख्यमंत्री एमके स्टालिन समेत VIPs को निकालने के लिए था। उन्हें निकालने के लिए भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। इससे भड़दड़ जैसी स्थिति बनी।

तीसरी: 15 लाख लोगों को संभालने के लिए सिर्फ दो स्वास्थ्य टीम, 40 एंबुलेंस और 7500 पुलिकसर्मी तैनात थे। भीड़ पहले ही मरीना बीच और सर्विस रोड कवर कर चुकी थी। ऐसे में एंबुलेंस का बाहर निकलना मुश्किल था।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- 15 लाख के लिए क्या 15 लाख पुलिसकर्मी लगाते? अव्यवस्था को लेकर तमिलनाडु की DMK सरकार विपक्ष के निशाने पर है। सोमवार को मीडिया ने जब स्वास्थ्य मंत्री एमए सुब्रमण्यम से पूछा तो उन्होंने नाराजगी भरे लहजे में कहा कि क्या 15 लाख के लिए 15 लाख पुलिसकर्मी तैनात करते। सभी मौतें पानी की कमी और भीड़ के कारण हुईं।

AIADMK नेता कोवई सत्यन ने कहा, ‘अगर स्वास्थ्य मंत्री में थोड़ी भी शर्म है तो उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। लोगों को 10 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। प्रशासन CM स्टालिन, उनके बेटे और परिवार की सेवा में लगा हुआ था। वे AC टेंट में बैठे हुए थे। सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए।’

दूसरी तरफ, चेन्नई के तांबरम एयर फोर्स स्टेशन पर 8 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना का स्थापना दिवस मनाया गया। सेलिब्रेशन के दौरान एयर फोर्स का एक जवान बेहोश हो गया। अन्य जवान उसे स्ट्रेचर पर उठाकर इलाज के लिए ले गए।

8 अक्टूबर को वायुसेना दिवस के सेलिब्रेशन के दौरान एक जवान बेहोश हो गया।

एयर शो में पानी की व्यवस्था नहीं, रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मची कई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एयर शो देखने गए लोगों ने बताया कि बीच पर पीने के पानी की भी व्यवस्था नहीं थी। लोग घंटों तक प्यासे बैठे रहे। वहीं, 1 बजे शो खत्म होने के बाद एक साथ लोग वहां से निकले जिसके चलते रास्तों पर ट्रैफिक जाम हो गया। भारी भीड़ के चलते एक लोकल रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मच गई। अलग-अलग मेट्रो स्टेशन पर भी ऐसी ही भीड़ देखने को मिली।

चेन्नई के मरीना बीच पर करीब 15 लाख लोग एयर शो देखने के लिए आए थे।

पीड़ित परिवारों की आपबीती…

1. तिरुवोट्टियूर के कार्तिकेयन बाइक लेने गए थे, बेहोश हुए और जान गई घटना में तिरुवोट्टियूर के कार्तिकेयन (34) की जान गई है। उनकी पत्नी ने बताया- समुद्र किनारे बहुत भीड़ थी। इसलिए मैंने और मेरे पति ने दूर से ही एयर शो देखने का फैसला किया। हमने समुद्र तट के एंट्री गेट से करीब डेढ़ घंटे तक शो देखा।

महिला ने कहा कि दोपहर 1.30 बजे पति ने कहा कि दस मिनट में बाइक लेकर आते हैं, लेकिन दो घंटे बीत जाने के बाद भी पति वापस नहीं लौटे। मैंने कॉल किया तो उन्होंने फोन भी रिसीव नहीं किया।

दोपहर करीब 3.30 बजे किसी ने फोन करके बताया कि कार्तिकेयन को उल्टी हुई है। वे बाइक के पास ही लेटे हुए हैं। इसके बाद मैं एक पुलिसकर्मी की मदद से नेपियर ब्रिज तक गई। वहां देखा तो पति बेहोश पड़े हुए थे।

मैं कार्तिकेयन को एंबुलेंस में सरकारी अस्पताल लेकर गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला ने दावा कि नेपियर ब्रिज के पास कोई पुलिसकर्मी होता तो पति को बचाया जा सकता था।

साथ ही कहा कि ब्रिज के पास ही कई एंबुलेंस खड़ी थीं, लेकिन हैरानी कि बात है कि किसी ने भी पति को बेहोश होते नहीं देखा, जबकि वहां कई सारे लोग और मेडिकल स्टाफ मौजूद था।

एयर शो खत्म होने के बाद जब लोग मरीना बीच से निकले तो सड़क पर जाम लग गया।

2. कुरुक्कुपेट के जॉन की भी गई जान कुरुक्कुपेट के जॉन (56) भी अपनी बाइक के पास जाते समय बेहोश हुए थे। उनकी पत्नी के मुताबिक, पति को होश में लाने की बहुत कोशिश की। हमें तुरंत एम्बुलेंस भी नहीं मिली। ओमांदुरार सरकारी अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने अन्य मृतकों की पहचान पेरुंगलथुर के श्रीनिवासन, कुरनूल के दिनेश कुमार और मरक्कनम के मणि के रूप में की है।

एयर शो खत्म होने के बाद वेलाचरी रेलवे स्टेशन पर जमा भीड़।

घटना पर रिएक्शन…

QuoteImage

चेन्नई के मरीना बीच पर आयोजित एयर शो को देखने आए लोगों को भीड़ से परेशानी हुई। चूंकि तापमान भी ज्यादा था। 5 लोगों की मौत की खबर बहुत दुखद और दर्दनाक है। अनियंत्रित भीड़भाड़ से भी बचना चाहिए।

QuoteImage

कनिमोझी, DMK सांसद

QuoteImage

5 लोगों की जान जाने को दुर्घटना नहीं कहा जा सकता। इसके लिए DMK सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है। मुख्यमंत्री को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।

QuoteImage

के अन्नामलाई, तमिलनाडु BJP चीफ

एयर शो में सारंग, तेजस ने बनाए फॉर्मेशन वायुसेना के एयर शो में राफेल, सूर्यकिरण और सारंग समेत 72 एयरक्राफ्ट्स ने करतब दिखाए। शो का सबसे बड़ा अट्रैक्शन पॉइंट प्रथम विश्वयुद्ध में इस्तेमाल हार्वर्ड T-6G टैक्सन एयरक्राफ्ट रहा। भारतीय वायुसेना ने 1974 तक हार्वर्ड को इंटरमीडिएट ट्रेनर के रूप में इस्तेमाल किया था।

शो में एडवांस लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस, सारंग, सुखोई 30 MKI, C17, C-295, अपाचे, लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर प्रचंड, डकोटा जैसे हैरिटेज एयरक्राफ्ट भी शामिल हुए।

6 अक्टूबर को हुए एयर शो की तस्वीरें…

वायुसेना का हैरिटेज एयरक्राफ्ट हार्वर्ड भी एयर शो में शामिल हुआ।
तमिलनाडु के मुख्य मंत्री एमके स्टालिन शो देखने पहुंचे। मरीना बीच पर बड़ी संख्या में लोग आए।
तेजस एयरक्राफ्ट के जरिए फ्लाइंग ड्रैगर्स ने कार्तिकेय फॉर्मेशन बनाया।
स्क्वार्डन लीडर लक्षिता पाराशर की टीम ने पैरा ट्रूपर्स के साथ कलाबाजियां दिखाईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024