Headlines

हाईकोर्ट बोला- बदलापुर की घटना को एनकाउंटर मानना मुश्किल:4 अफसर एक आरोपी को नहीं संभाल पाए; बचाव में पैर पर गोली मारते हैं, सिर में नहीं

हाईकोर्ट बोला- बदलापुर की घटना को एनकाउंटर मानना मुश्किल:4 अफसर एक आरोपी को नहीं संभाल पाए; बचाव में पैर पर गोली मारते हैं, सिर में नहीं

मुंबई5 मिनट पहले
पुलिस ने 24 साल के आरोपी अक्षय शिंदे को 17 अगस्त को गिरफ्तार किया था। 23 सितंबर को उसका एनकाउंटर कर दिया गया। उस पर दो बच्चियों से यौन शोषण का आरोप था।

बदलापुर में नर्सरी की दो बच्चियों के साथ यौन शोषण के आरोपी अक्षय शिंदे के एनकाउंटर पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने आज (25 सितंबर) सवाल उठाए हैं।

कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार से पूछा- हम कैसे मान लें कि 4 अफसर एक आरोपी को संभाल नहीं पाए। हथकड़ी भी लगी थी, अगर सेल्फ डिफेंस जैसी स्थिति थी तो आरोपी के पैर पर गोली चलाते हैं।

बेंच ने कहा- अगर गोली चलाने वाला अफसर असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर है, तब वह यह नहीं कह सकता कि उसे रिएक्शन कैसे करना है, इसकी जानकारी नहीं थी। उसे पता होना चाहिए कि फायर कहां करना है।

कोर्ट ने कहा- जैसे ही आरोपी ने ट्रिगर दबाया 4 लोग आसानी से उस पर काबू पा सकते थे। वो कोई बहुत मजबूत आदमी नहीं था। यह स्वीकार करना बहुत मुश्किल है। इसे एनकाउंटर नहीं कहा जा सकता है। अगली सुनवाई 3 अक्टूबर को करेंगे।

अक्षय के पिता ने एनकाउंटर पर बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका लगाई है, जिस पर जस्टिस रेवती मोहिते डेरे और जस्टिस पृथ्वीराज चव्हाण की बेंच ने सुनवाई की। अक्षय के पिता ने एनकाउंटर की जांच के लिए कोर्ट से स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव टीम (SIT) बनाने की मांग की है।

बॉम्बे हाईकोर्ट के सवाल, राज्य सरकार का जवाब… कोर्ट: जो अफसर अक्षय शिंदे को ले जा रहा था वो ठाणे पुलिस की क्राइम ब्रांच से था?

राज्य सरकार: जी।

कोर्ट: जिस जगह घटना हुई, वो जगह खाली थी या फिर आसपास कॉलोनी और मकान थे?

राज्य सरकार: दाईं ओर पहाड़ियां थीं और बाईं तरफ एक छोटा सा कस्बा था। जैसे ही यह घटना हुई उसके तुरंत बाद अक्षय और घायल पुलिसवाले को अस्पताल ले जाया गया।

कोर्ट: किस अस्पताल ले गए, वो कितनी दूर था?

राज्य सरकार: कलवा के करीब शिवाजी हॉस्पिटल। करीब 25 मिनट का रास्ता था। सबसे करीब अस्पताल यही था।

कोर्ट: जब इतने गंभीर अपराध के आरोपी को ले जा रहे थे तो लापरवाही कैसे हो सकती है। SOP क्या है, क्या उसे हथकड़ी लगी थी?

राज्य सरकार: लगी थी, उसने पानी मांगा था।

कोर्ट: क्या आपने पिस्टल के फिंगर प्रिंट लिए थे?

राज्य सरकार: FSL ने फिंगर प्रिंट लिए थे।

कोर्ट: आप कह रहे हैं कि आरोपी ने 3 गोलियां चलाई थीं, पुलिस जवान को एक गोली लगी, बाकी 2 कहां गईं? आमतौर पर सेल्फ डिफेंस में हम पैर या हाथ पर गोली मारते हैं?

राज्य सरकार: अफसर ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया, उसने खाली रिएक्ट किया।

कोर्ट: हम कैसे मान लें कि गाड़ी में 4 अफसर थे और एक आरोपी को संभाल नहीं पाए?

राज्य सरकार: यह ऑन द स्पॉट रिएक्शन था।

कोर्ट: क्या इसे टाला नहीं जा सकता था? पुलिस ट्रेन होती है। आम आदमी भी यह जानता है कि सेल्फ डिफेंस में पैर पर गोली मारी जाती है? अफसर की डेजिग्नेशन क्या है, जिसने आरोपी को गोली मारी?

राज्य सरकार: वो एक असिस्टेंट पुलिस इंस्पेक्टर (API) है।

कोर्ट: तब अफसर नहीं कह सकता कि उसे रिएक्शन कैसे करना है इसकी जानकारी नहीं थी, उसे पता होना चाहिए कि फायर कहां करना है। जैसे ही आरोपी ने ट्रिगर दबाया 4 लोग आसानी से उस पर काबू पा सकते थे। वो कोई बहुत मजबूत आदमी नहीं था। यह स्वीकार करना बहुत मुश्किल है। इसे एनकाउंटर नहीं कहा जा सकता है।

राज्य सरकार: नतीजे तक पहुंचने के लिए कुछ स्वतंत्र एजेंसियों से जांच करानी चाहिए। स्टेट सीआईडी और एसीपी इसकी जांच कर रहे हैं।

कोर्ट: क्या आपने पुलिस अफसर के फिंगर प्रिंट लिए? आप सभी अफसरों के फिंगर प्रिंट लीजिए, हम हर एंगल से इस केस को देख रहे हैं। फॉरेंसिक टीम का इंतजार करने की बजाय आपको अपने तरीके से फिंगर प्रिंट लेने चाहिए थे। CCTV फुटेज कहां हैं?

राज्य सरकार: हमने रास्ते में ही सरकारी और निजी बिल्डिंगों के फुटेज सुरक्षित रखने को कह दिया था।

कोर्ट: हमें एक और चीज चाहिए। फॉरेंसिक टीम से कहिए कि पता लगाए कि आरोपी को गोली दूर से मारी गई थी या पॉइंट ब्लैंक रेंज से। उसे गोली कहां लगी? भले ही इसमें पुलिसवाले इन्वॉल्व हों, लेकिन हम मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं। हम शक नहीं कर रहे, लेकिन हमें सच्चाई चाहिए। क्या कोई FIR आरोपी के पिता ने दाखिल की है?

राज्य सरकार: नहीं।

कोर्ट: हथियारों को सही तरह से सीज कर दिया है ना?

राज्य सरकार: जी ये FSL को भेज दिए गए हैं।

अक्षय के पिता: घटना से एक दिन पहले POCSO के तहत केस दर्ज किया गया था। हम शव को दफनाना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए जगह नहीं मिल रही है।

कोर्ट: पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ऐसा लगता है कि गोली पॉइंट ब्लैंक रेंज से मारी गई है। क्या आरोपी को कोई हथियार दिया गया था। आप कह रहे हैं कि उसने पिस्टल छीनी थी?

राज्य सरकार: कोई हथियार नहीं दिया गया था। उसने पिस्टल छीनी नहीं थी, ये हाथापाई के दौरान गिर गई थी।

कोर्ट: हम चाहते हैं कि आरोपी को जेल से निकालने से लेकर उसे अस्पताल में मृतक घोषित किए जाने तक के CCTV फुटेज सुरक्षित रखे जाएं।

ठाणे पुलिस ने इसी वैन में आरोपी का एनकाउंटर किया था। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार सुबह इसकी जांच की।

बदलापुर यौन शोषण केस, 3 पॉइंट में समझिए…

12 अगस्त: आरोपी ने 1 अगस्त को स्कूल जॉइन किया, 12 दिन बाद यौन शोषण बच्चियों से रेप का आरोपी अक्षय शिंदे स्कूल में स्वीपर का काम करता था। वह 1 अगस्त को ही कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त हुआ था। 12 और 13 अगस्त को उसने स्कूल के गर्ल्स वॉशरूम में किंडरगार्टन में पढ़ने वाली 3 और 4 साल की दो बच्चियों का यौन शोषण किया।

घटना के बाद दोनों बच्चियां स्कूल जाने से डर रही थीं। एक बच्ची के माता-पिता को शक हुआ तो उन्होंने बेटी से पूछताछ की। इसके बाद बच्ची ने सारी बात बताई। फिर उस बच्ची के माता-पिता ने दूसरी बच्ची के पेरेंट से बात की। इसके बाद दोनों बच्चियों का मेडिकल टेस्ट हुआ, जिसमें यौन शोषण का खुलासा हुआ।

17 अगस्त: आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया, बच्चियां अक्षय को दादा कहती थीं पुलिस पूछताछ में सामने आया था कि बच्ची आरोपी शिंदे को दादा (बड़े भाई के लिए मराठी शब्द) कहकर बुलाती थी। बच्ची के मुताबिक, ‘दादा’ ने उसके कपड़े खोले और गलत तरीके से छुआ। स्कूल में जहां घटना हुई थी, वहां महिला कर्मचारी नहीं थी।

दोनों बच्चियों का परिवार जब केस दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचा, तो पुलिस ने भी FIR दर्ज करने में टालमटोल की। पीड़ित परिवारों ने सामाजिक कार्यकर्ताओं से मदद मांगी। दो दिन बाद 16 अगस्त की देर रात पुलिस ने शिकायत दर्ज की। पुलिस ने 17 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार किया था।

20 अगस्त: लोगों ने ट्रेनें रोकी थीं, पुलिस पर पथराव किया, स्कूल में तोड़फोड की

20 अगस्त को प्रदर्शनकारियों ने स्कूल का मेन गेट खुलवाया और अंदर घुसकर तोड़फोड़ की।

घटना को लेकर भीड़ ने 20 अगस्त को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक बदलापुर स्टेशन पर प्रदर्शन किया था। 10 घंटे से ज्यादा लोकल ट्रेनों की आवाजाही रुकी रही। शाम को पुलिस ने लाठीचार्ज कर रेलवे ट्रैक खाली कराया। तब पुलिस पर भीड़ ने पत्थरबाजी भी की थी।

कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन प्रदर्शनकारियों से बातचीत करने के लिए बदलापुर स्टेशन पहुंचे, लेकिन उन्हें लौटना पड़ा था। इसके बाद उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने SIT गठित करने का ऐलान किया। इसके अलावा सरकार ने केस फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की बात कही थी।

राज्य सरकार ने केस दर्ज करने में देरी के आरोप में बदलापुर थाने के महिला पुलिस निरीक्षक समेत 3 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। साथ ही प्रिंसिपल समेत कुछ स्कूल स्टाफ को भी सस्पेंड किया था।

बदलापुर एनकाउंटर के बाद देवेंद्र फडणवीस के मुंबई में पोस्टर, हाथ में रिवॉल्वर, लिखा- बदला पुरा

मुंबई में लगे पोस्टर्स में किसी संस्था का नाम नहीं है।

बदलापुर में नाबालिग लड़की से यौन उत्पीड़न के आरोपी अक्षय शिंदे के एनकाउंटर के बाद बुधवार सुबह मुंबई के बांद्रा कला नगर में कई पोस्टर लगाए गए हैं। इसमें डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस की तीन तस्वीरें लगाई गई है।

तस्वीरों में फडणवीस बंदूक और असॉल्ट राइफल पकड़े नजर आ रहे हैं। भगवा रंग के इस पोस्टर में ‘बदला पूरा’ लिखा हुआ है। फिलहाल इस मामले में फडणवीस की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पोस्टर किसने लगवाया है इसकी भी जानकारी सामने नहीं आई है।

आरोपी पर गोली चलाने वाले इंस्पेक्टर ने दाउद के भाई को पकड़ा था बदलापुर के स्कूल में बच्चियों से दुष्कर्म के आरोपी अक्षय पर गोली चलाने वाले इंस्पेक्टर संजय शिंदे ठाणे क्राइम ब्रांच के एंटी-एक्सटॉर्शन सेल के हेड रह चुके हैं। वे एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा की टीम में भी थे। इसी टीम ने 2017 में अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद के भाई इकबाल कासकर को गिरफ्तार किया था।

बॉम्बे हाईकोर्ट ने 19 मार्च को एनकाउंटर स्पेशलिस्ट प्रदीप शर्मा को आजीवन जेल की सजा सुनाई थी। उन्हें 2006 में गैंगस्टर छोटा राजन के करीबी के फर्जी एनकाउंटर मामले में दोषी माना गया था। प्रदीप शर्मा की टीम के एनकाउंटर की कहानी पर डॉक्युमेंट्री सीरीज भी बन चुकी है।

संजय शिंदे के खिलाफ 2012 में इन्क्वायरी भी हुई थी। 2012 में दो हत्या मामलों का आरोपी विजय पलांडे पुलिस हिरासत से भाग निकला था। वह जिस SUV से भागा था, उसमें संजय की वर्दी मिली थी। वे साल 2000 में भी किडनैपिंग केस में विवादों में आए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024