महाराष्ट्र के बदलापुर में पिछले महीने केजी की 3 और 4 साल की 2 बच्चियों से यौन शोषण के आरोपी अक्षय शिंदे ने सोमवार को पुलिस कस्टडी में खुद को गोली मार ली। अक्षय ने पुलिस से रिवॉल्वर छीनी और खुद पर 3 राउंड फायरिंग की।
ठाणे पुलिस के मुताबिक, अक्षय गंभीर रूप से घायल है। बचाने के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। सिपाही की भी हालत गंभीर है। दोनों का इलाज चल रहा है। घटना शाम साढ़े 5 बजे की है।
1 अगस्त को अक्षय ने स्कूल जॉइन किया था, 12-13 अगस्त को यौन शोषण किया यौन शोषण की घटना 12 और 13 अगस्त की है। आदर्श स्कूल में 23 साल के स्वीपर अक्षय शिंदे ने दोनों बच्चियों का यौन शोषण किया। इसके बाद दोनों लड़कियां स्कूल जाने से डर रही थीं। माता-पिता को संदेह हुआ। उन्होंने लड़की को भरोसे में लेकर पूछताछ की तो बात सामने आई।
एक पेरेंट्स ने उसी कक्षा की दूसरी लड़की के माता-पिता से संपर्क किया। जब डॉक्टर ने जांच की तो असल घटना सामने आई। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शुभदा शितोले ने POCSO का मामला होने के बावजूद एफआईआर दर्ज करने में टालमटोल की। बाद में उन्हे सस्पेंड कर दिया गया।
बच्ची के माता-पिता ने सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से बदलापुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। दो दिन बाद 16 अगस्त शुक्रवार देर रात केस दर्ज किया। 17 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी अक्षय 1 अगस्त को ही स्कूल में कॉन्ट्रैक्ट पर नियुक्त हुआ था।
