Headlines

4 मिनट में ज्वेलर की हत्या,गहने लूटकर हरियाणा भागे थे:दो भाइयों के सीने में गोली मारी, हत्यारों से भिड़ गया था शोरूम का स्टाफ

4 मिनट में ज्वेलर की हत्या,गहने लूटकर हरियाणा भागे थे:दो भाइयों के सीने में गोली मारी, हत्यारों से भिड़ गया था शोरूम का स्टाफ

भिवाड़ी12 मिनट पहले
ज्वेलर जयसिंह मूलरूप से हरियाणा के रेवाड़ी के रहने वाले थे, लेकिन उनका परिवार लंबे समय से भिवाड़ी में ही रह रहा था। पूरा परिवार ज्वेलरी बिजनेस से जुड़ा है।

राजस्थान के भिवाड़ी में ज्वेलर की गोली मारकर हत्या करने वाले बदमाशों का 15 घंटे बाद भी सुराग नहीं लगा है। आरोपियों के एनकाउंटर की मांग को लेकर आज व्यापारियों ने स्टेट हाईवे-919 बंद किया है। नाराज व्यापारियों ने मौके पर पहुंचे भाजपा विधायक बाबा बालकनाथ का भी घेराव किया।

दरअसल, शुक्रवार शाम को शहर के समतल चौक में कमलेश ज्वेलर्स में 5 बदमाशों ने लूट के बाद फायरिंग की थी। घटना में शोरूम मालिक जयसिंह (48) की मौत हो गई। वहीं, उनके भाई और गार्ड के भी गोली लगी थी। आरोपी करीब चार-पांच मिनट में पूरी वारदात कर हरियाणा की ओर भाग गए।

पहले देखिए कहां हुई घटना

5 तस्वीरों में देखें लूट की पूरी वारदात…

पांच में से चार बदमाशों ने नकाब पहने हुए थे। एक आरोपी ने सबसे पहले गार्ड के साथ मारपीट की।
आरोपियों ने शोरूम के स्टाफ के साथ भी जमकर मारपीट की।
शोरूम मालिक जयसिंह को दो बदमाशों ने बंधक बनाने से पहले डंडों से पीटा।
कुछ मिनटों में ही बदमाशों ने काउंटर से पूरी ज्वेलरी को बैग में डाल लिया।
जयसिंह और शोरूम का स्टाफ भी बदमाशों से भिड़ गया। इसके बाद वे भागने लगे।

शोरूम में घुसते ही मालिक पर किए ताबड़तोड़ वार

शुक्रवार शाम करीब 7 बजे स्विफ्ट कार से पांच नकाबपोश ज्वलेरी शोरूम पहुंचे। उन्होंने शोरूम में एंट्री के साथ ही मालिक जयसिंह पर डंडे से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद उसके बेटे वैभव और स्टाफ को भी मारपीट कर बंधक बना लिया। इससे पहले एक बदमाश ने बाहर खड़े गार्ड से मारपीट कर उसकी राइफल छीन ली। सभी को बंधक बनाकर दो बदमाशों ने तीन मिनट के भीतर लाखों की ज्वेलरी दो बैगों में भर ली।

अचानक हुए हमले से घबराए आरोपी

ज्वेलरी भरकर भागने की तैयारी कर रहे आरोपियों पर अचानक बाहर से जयसिंह के भाई मधुसूदन ने हमला कर दिया। इस बीच जयसिंह और स्टाफ के लोग भी बदमाशों पर टूट पड़े। अचानक हमले से घबराए पांचों बदमाश भागने लगे तो सभी ने उनका पीछा किया। छीना झपटी में जवेलरी से भरा एक बैग शोरूम में ही गिर गया।

जबकि एक बैग लेकर वो बाहर की ओर भागे। कार में बैठने के दौरान एक आरोपी ने जयसिंह के सीने और कंधे पर गोली मार दी। उनके भाई मधुसुदन के भी सीने पर बदमाशों ने गोली मारी। वहीं, गार्ड पर भी फायरिंग की गई। पुलिस के अनुसार कुल 7 राउंड फायरिंग हुई थी।

रास्ते में मौत, रीढ़ की हड्‌डी में फंसी गोली

घायल जयसिंह को आसपास के दुकानदारों ने कार से हॉस्पिटल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। वहीं, गार्ड सुजान सिंह को मारी गोली उनके कंधे से होती हुई रीढ़ की हड्‌डी में फंस गई। उन्हें गुरुग्राम रेफर किया गया है। जयसिंह के भाई मधुसुदन का भिवाड़ी में ही इलाज किया जा रहा है। उनके सीने से गोली निकाली गई है।

हमले में जयसिंह के बेटे वैभव के सिर पर भी चोट आई है। हमले और लूट के बाद भिवाड़ी के सेंट्रल मार्केट में शुक्रवार शाम हंगामा हो गया। देर रात तक सभी व्यापारी बाजार में जमा रहे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बदमाशों को पकड़ने के लिए दूसरे राज्यों में टीमें भेजी गई हैं।

वारदात के बाद हरियाणा भागे बदमाश

स्टेट हाईवे 919 सोना-तावडू से भिवाड़ी होते हुए NH-48 मिल जाता है। घटना स्थल से 400 मीटर दूर ही हरियाणा की बॉर्डर पर रेवाड़ी जिले का धारूहेड़ा कस्बा शुरू हो जाता है। बॉर्डर पर ही भिवाड़ी मोड पुलिस चौकी बनी हुई है, जिस पर करीब 10 पुलिसकर्मियों का स्टाफ तैनात रहता है।

बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश चौकी के सामने ही हरियाणा भागे हैं। घटना स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर भिवाड़ी पुलिस थाना और दो किलोमीटर एसपी ऑफिस है। इसके बाद शहर के बीचोबीच लूट की वारदात से व्यापारियों में नाराजगी है।

घायलों को आसपास के दुकानदारों की मदद से कार में बैठाया गया।

महिला कॉन्स्टेबल ने की घायलों की मदद

वारदात स्थल के पास की दुकान में शॉपिंग कर रही यूआईटी थाने की महिला हेड कॉन्स्टेबल ने घायलों की मदद की। शाेर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंची कविता की कार से घायल जयसिंह और मधुसुदन को गोपीनाथ हॉस्पिटल पहुंचाया गया। वहीं, अन्य घायलों को कॉन्स्टेबल ने लोगों की मदद से टेंपो के जरिए हॉस्पिटल भेजा।

लूट के दौरान शोरूम के बाहर से कुछ लोग मोबाइल पर वीडियो बनाते रहे। इसमें भागते बदमाश दिख रहे हैं।

लोग वीडियो बनाते रहे, नहीं की मदद

हमले के दौरान शोरूम के बाहर खड़े लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। परिवार से जुड़े लोगों का कहना है कि पूरा घटनाक्रम करीब 5 मिनट तक चला, सड़क पर भीड़ भी जमा थी, लेकिन फिर भी बदमाश फरार हो गए। मृतक जयसिंह का घर शोरूम की ऊपरी मंजिल पर ही है। वहीं, उनके एक और भाई की भी ज्वेलरी शॉप है जो कुछ दूरी पर ही है।

शनिवार सुबह हाईवे पर प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों से मिलने पहुंचे तिजारा विधायक बाबा बालकनाथ को भी उनकी नाराजगी का सामना करना पड़ा। बारिश के बीच भी व्यापारियों का प्रदर्शन जारी रहा।

भिवाड़ी का बाजार बंद, हाईवे जाम

शनिवार सुबह से भिवाड़ी के मुख्य बाजार घटना के विरोध में बंद है। व्यापारी सोना-तावडू हाईवे के बीच में बैठे हैं। इस दौरान जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी उनसे समझाइश कर रहे हैं, लेकिन वे आरोपियों के एनकाउंटर की मांग पर अड़े हैं। हाईवे से निकलने वाले ट्रैफिक को दूसरे रास्तों से डायवर्ट किया गया है। व्यपारियों का कहना है कि उनका धरना कार्रवाई पूरी नहीं होने तक जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024