Headlines

फाइटर एयरक्राफ्ट से बम जैसी चीज गिरने से तेज धमाका:पोकरण फायरिंग रेंज में 8 फीट गहरा गड्ढा बना, एयरफोर्स ने जांच के आदेश दिए

राजस्थान में जैसलमेर के रामदेवरा इलाके में बुधवार, 21 अगस्त को एयरफोर्स के फाइटर एयरक्राफ्ट से बम जैसी चीज गिरने से तेज धमाका हुआ। पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में 8 फीट गहरा गड्‌ढा हो गया।

घटना आबादी से दूर सुनसान इलाके में हुई। हालांकि इससे कोई जनहानि नहीं हुई है। इस घटना के बाद पुलिस अलर्ट मोड में आ गई।

राठोड़ा गांव के खिंव सिंह ने बताया कि घटना बुधवार दोपहर करीब 12 बजे की है। गांव के ऊपर से बहुत कम ऊंचाई में एक एयरक्राफ्ट उड़ रहा था। इसी दौरान गांव की आबादी से करीब एक किलोमीटर दूर जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे।

उस इलाके में धमाके के बाद ऐसे टुकड़े मिले।

आर्मी रेंज से 15 KM की दूरी की घटना
पोकरण एएसपी गोपाल सिंह भाटी ने बताया, ‘घटना की सूचना पर रामदेवरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आर्मी, बीएसएफ सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों को इसके बारे में जानकारी दी है। यह घटना पोकरण में स्थित आर्मी रेंज से 15 किलोमीटर की दूरी पर हुई। क्षेत्र के पास में ही पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

धमाके के बाद जमीन पर जलने के निशान देखे गए।
ग्रामीणों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

एयरफोर्स ने दिए जांच के आदेश
भारतीय वायुसेना ने एक्स पर लिखा, ‘आज पोखरण फायरिंग रेंज के पास तकनीकी खराबी के कारण भारतीय वायु सेना के लड़ाकू विमान से एक एयर स्टोर अनजाने में बाहर निकल गया। इस घटना की जांच के लिए भारतीय वायुसेना द्वारा जांच के आदेश दिए गए हैं। जान-माल के किसी नुकसान की खबर नहीं है।’

क्या है एयरस्टोर
एयर स्टोर फाइटर जेट से जुड़े बाहरी इक्विपमेंट (उपकरण) या युद्ध सामग्री को कहते हैं। युद्ध के दौरान इन्हें गिराया जा सकता है।

वायुसेना का टोही विमान हुआ था क्रैश
करीब 4 महीने पहले जैसलमेर से 30 किमी दूर भारतीय वायुसेना का एक टोही विमान क्रैश हो गया था। 25 अप्रैल 2024 को सुबह करीब 10 बजे होटी विमान पिथला-जाजिया गांव के पास भोजाणियों की ढाणी के करीब गिरा था। हादसे में कोई नुकसान नहीं हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन के साथ वायुसेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के मुताबिक यह यूएवी एयर क्राफ्ट मानव रहित था और बॉर्डर एरिया पर हो रही गतिविधियों पर नजर रखने का काम करता था। यह बॉर्डर एरिया में लगातार घूमता और निगरानी करता था। इससे पहले भी ये क्राफ्ट तकनीकी खामी के चलते क्रैश हो चुके हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024