Headlines

कोलकाता रेप-मर्डर केस, डॉक्टर स्वास्थ्य मंत्रालय के बाहर OPD लगाएंगे:पिता बोले- श्मशान में 4 बॉडी थीं, बेटी का अंतिम संस्कार सबसे पहले किया

कोलकाता रेप-मर्डर केस, डॉक्टर स्वास्थ्य मंत्रालय के बाहर OPD लगाएंगे:पिता बोले- श्मशान में 4 बॉडी थीं, बेटी का अंतिम संस्कार सबसे पहले किया

कोलकाता/नई दिल्ली38 मिनट पहले
कोलकाता में बारिश के बीच रविवार (18 अगस्त) को लोगों ने रेप-मर्डर की घटना के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया।

कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर केस के विरोध में दिल्ली AIIMS के रेजिडेंट डॉक्टर आज स्वास्थ्य मंत्रालय के बाहर OPD करेंगे। 36 अलग-अलग स्पेशलिटीज में सेवाएं देंगे

पश्चिम बंगाल के गवर्नर आनंद बोस रेप-मर्डर केस और बंगाल में कानून व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे।

इससे पहले, ट्रेनी डॉक्टर के पिता ने कहा- अंतिम संस्कार के वक्त श्मशान में 4 बॉडी थीं। बंगाल पुलिस ने मेरी बेटी का अंतिम संस्कार सबसे पहले कराया।

दरअसल, 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर से रेप और हत्या की गई थी। 14 अगस्त की देर रात इसी अस्पताल में हिंसा हुई, जिसके बाद डॉक्टरों ने प्रदर्शन तेज किया।

देशभर से प्रदर्शन की तस्वीरें…

मुंबई के आजाद मैदान में रेजिडेंट डॉक्टरों ने नारेबाजी कर प्रोटेस्ट किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को मुआवजा मिलना चाहिए।
अमृतसर में रेजिडेंट डॉक्टरों ने पोस्टर लेकर सायलेंट प्रोटेस्ट किया। उन्होंने मोमबत्ती जलाकर कोलकाता की घटना का विरोध जताया।
कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर तेज बारिश में भी हेल्थ केयर ने नारेबाजी की।

केस को लेकर आज के अपडेट्स

  • 71 पद्म पुरस्कार विजेता डॉक्टर्स ने भी PM नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने कहा- तुरंत अध्यादेश लाकर मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करना चाहिए।
  • आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष से लगातार चौथे दिन भी पूछताछ हो रही है। सूत्रों के मुताबिक CBI संदीप घोष के जवाबों से सहमत नहीं है।
  • आरोपी संजय का सोमवार को भी साइकोलॉजिकल टेस्ट कराया जाएगा। इससे पता चल सकता है कि आरोपी इस जघन्य अपराध को लेकर क्या मानसिकता थी।

ट्रेनी डॉक्टर की डायरी के पन्ने गायब
ट्रेनी डॉक्टर की मां ने दैनिक भास्कर को बताया कि उनकी बेटी रोज डायरी लिखती थी। हालांकि, अब सामने आया है कि डायरी के कई पन्ने गायब (फटे) हैं। माना जा रहा है कि पीड़िता की मौत से जुड़ा कोई राज इन पन्नों में छिपा था। मृतका की मां का दावा है कि सबूत मिटाने के मकसद से पन्ने फाड़ दिए गए होंगे।

पुलिस ने दूसरे सबूतों के साथ डॉक्टर का लैपटॉप और वह डायरी CBI को सौंप दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि SIT को उस डायरी से इस घटना के बारे में कोई संकेत नहीं मिला था। हालांकि, CBI ने पीड़िता की डायरी को जांच का प्रमुख पहलू बना लिया है।

पिता बोले- CM ममता से संतुष्ट नहीं, मुआवजा नहीं लेंगे
पीड़ित के पिता ने बंगाल सरकार पर घटना को लेकर लोगों के आक्रोश को दबाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘हम CM ममता बनर्जी से संतुष्ट नहीं हैं। राज्य सरकार विरोध-प्रदर्शन को दबाने की कोशिश कर रही है। पूरा डिपार्टमेंट इसमें शामिल है। कॉलेज से भी किसी ने हमारी मदद नहीं की। हमने कोई भी मुआवजा लेने से इनकार कर दिया है।

सुप्रीम कोर्ट ने खुद नोटिस लिया, 20 अगस्त को सुनवाई
ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर केस में सुप्रीम कोर्ट ने रविवार (18 अगस्त) को स्वतः नोटिस लिया। 20 अगस्त को सुबह 10.30 बजे चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की बेंच मामले की सुनवाई करेगी। बेंच में CJI के अलावा जस्टिस जेबी पादरीवाला और जस्टिस मनोज मिश्रा रहेंगे।

मेडिकल कॉलेज के पास धारा 163 लागू
कोलकाता पुलिस ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के पास आज (18 अगस्त) से भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 163 (पहले CrPC की धारा 144) लागू कर दी है।

इस आदेश में कहा गया है कि अगले 7 दिनों (24 अगस्त) तक धरना-प्रदर्शन पर रोक रहेगी। 5 से ज्यादा लोगों के जुटने, हथियार लेकर जाने या तनाव पैदा करने वाली किसी भी गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी।

केंद्र ने डॉक्टरों के लिए कमेटी बनाने का आश्वासन दिया
स्वास्थ्य मंत्रालय ने 17 अगस्त को बयान जारी कर कहा- डॉक्टरों की मांग को लेकर कमेटी बनाई जाएगी। सुरक्षा के लिए राज्य सरकारों से भी सुझाव मांगे जाएंगे। केंद्र के फैसले के बाद IMA ने भी बयान जारी किया। इसमें कहा गया, ‘IMA सभी पहलुओं पर सावधानीपूर्वक विचार करने और अपनी सभी स्टेट ब्रांच से सलाह लेने के बाद जवाब देगा। हम हेल्थ मिनिस्ट्री की ओर से जारी स्टेटमेंट की स्टडी कर रहे हैं।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ट्रेनी डॉक्टर से बर्बरता का खुलासा

पुलिस ने ट्रेनी डॉक्टर के परिवार को 12 अगस्त को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सौंपी, जिसमें बताया गया कि 8-9 अगस्त की रात रेप और मारपीट के बाद ट्रेनी डॉक्टर की गला और मुंह दबाकर हत्या हुई थी। घटना 9 अगस्त की सुबह 3 से 5 बजे के बीच होने का अनुमान है।

चार पेज की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी ने डॉक्टर का बुरी तरह शोषण किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024