Headlines

तमिलनाडु में ट्रेनी डॉक्टर से छेड़छाड़ की कोशिश:मेडिकल कॉलेज में युवक ने पैंट उतारी; पीड़ित ने हॉस्टल में भागकर खुद को बचाया

कोलकाता के रेप-मर्डर केस के बाद तमिलनाडु के एक मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी डॉक्टर से छेड़छाड़ की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना कोयंबटूर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (CMCH) में बुधवार (14 अगस्त) रात की है। जानकारी गुरुवार (15 अगस्त) को सामने आई।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9 बजे ट्रेनी डॉक्टर (हाउस सर्जन) डीन के ऑफिस के पास खड़ी अपनी स्कूटी लेने गई थी। वहां 25 साल का एक युवक मौजूद था। उसने ट्रेनी डॉक्टर के सामने अपनी पैंट उतार दी और उनके साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की।

ट्रेनी डॉक्टर ने उसे धक्का दिया और हॉस्पिटल कैंपस में अपने हॉस्टल की तरफ भागी। इस दौरान आरोपी भी वहां से भाग गया। इसके बाद दूसरे डॉक्टर ने तुरंत हॉस्पिटल के सिक्योरिटी गार्ड्स को सूचना दी।

एक हाउस सर्जन ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में टॉयलेट तक नहीं है। इसके लिए उन्हें हॉस्टल जाना पड़ता है।

हॉस्पिटल के कैजुअल्टी वार्ड से पकड़ाया आरोपी
देर रात लगभग 1 बजे हॉस्पिटल के कैजुअल्टी वार्ड में आरोपी पकड़ा गया। उसे बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया। युवक की पहचान 25 साल के मयंक गालर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मध्य प्रदेश के होशंगाबाद का रहने वाला है। वह रेलवे स्टेशन के आसपास घूम रहा था। वहां से मेडिकल कॉलेज पहुंच गया।

मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. ए निर्मला ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि हमारे रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर (RMO) स्थिति पर नजर रखने के लिए घटनास्थल पर थे। पुलिस पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। आगे की पूछताछ जारी है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 (किसी महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल का प्रयोग) और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम की धारा 4 के तहत केस दर्ज किया है।

घटना के विरोध में विरोध-प्रदर्शन
घटना के विरोध में गुरुवार (15 अगस्त) को 150 से अधिक हाउस सर्जन और पीजी मेडिकल स्टूडेंट्स ने डीन ऑफिस के सामने विरोध-प्रदर्शन किया। एक हाउस सर्जन ने बताया कि जहां घटना हुई, वहां एक सीसीटीवी कैमरा है, वो भी काम नहीं कर रहा है। इसी तरह, कैंपस में अधिकांश सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे हैं।

मेडिकल कॉलेज में 150 हाउस महिला सर्जनों में से 80 महिलाएं हैं। हालांकि, काम करने वाली जगह पर एक टॉयलेट तक नहीं हैं। इसके लिए हमें हॉस्टल में अपने कमरों में आना पड़ता है।

हाउस सर्जन और स्टूडेंट्स ने हॉस्पिटल कैंपस में पर्याप्त सुरक्षा और नाइट पेट्रोल टीम की मांग की। डीन ने डॉक्टरों को उनकी मांगें जल्दी पूरी करने का आश्वासन दिया।

कोलकाता के हॉस्पिटल में ट्रेनी डॉक्टर का रेप-मर्डर

कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के सेमिनार हॉल में 9 अगस्त को एक पीजी ट्रेनी डॉक्टर की बॉडी मिली थी। वह नाइट ड्यूटी पर थीं। उनकी आंख, मुंह और प्राइवेट पार्ट्स से खून बह रहा था। गले की हड्डी टूटी हुई थी। पेट, होंठ, उंगलियों और बाएं पैर पर भी चोटें थीं।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ट्रेनी डॉक्टर से रेप के बाद हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस ने अब तक एक आरोपी का गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद देश भर में डॉक्टरों का विरोध-प्रदर्शन जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024