Headlines

पूर्व PM अटल बिहारी वाजपेयी की छठवीं पुण्यतिथि:राष्ट्रपति मुर्मू, PM मोदी ने श्रद्धांजलि दी; शाह बोले- उन्होंने देश की सेना और अर्थव्यवस्था मजबूत की

देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आज छठवीं पुण्यतिथि है। अटल बिहारी का निधन 16 अगस्त 2018 को 83 साल की उम्र में हो गया था। उनकी समाधि सदैव अटल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, PM मोदी कई वरिष्ठ नेता पहुंचे।

दिल्ली में स्मृति स्थल पर हुई प्रार्थना सभा में राष्ट्रपति उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के साथ राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मनोहर लाल खट्टर समेत NDA एलायंस और भारतीय जनता पार्टी के सदस्य भी पहुंचे।

गृह मंत्री अमित शाह ने X पर लिखा- प्रधानमंत्री के तौर पर उन्होंने देश को सामरिक और आर्थिक रूप से मजबूत किया। जब भी देश में राजनीतिक शुचिता, राष्ट्रहित के प्रति निष्ठा और सिद्धांतों के प्रति अडिगता की बात होगी, अटल जी को याद किया जाएगा।

सदैव अटल पर श्रद्धांजलि समारोह की तस्वीरें…

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अटल बिहारी को श्रद्धांजलि दी।
वाइस प्रेसिडेंट जगदीप धनखड़ भी श्रद्धांजलि देने समाधि स्थल पहुंचे।
अटल बिहारी को श्रद्धांजलि देते राजनाथ सिंह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला।
NDA नेताओं के साथ अटल बिहारी की गोद ली हुई बेटी नमिता कौल भट्टाचार्य ने पुष्पांजलि अर्पित की।

ग्वालियर में हुआ था अटल जी का जन्म
25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में अटल जी का जन्म हुआ था। अटल बिहारी वाजपेयी दशकों तक भाजपा का बड़ा चेहरा थे और पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने बतौर PM कार्यकाल पूरा किया। उन्होंने 1977 से 1979 तक प्रधानमंत्री मोराजी देसाई के मंत्रिमंडल में भारत के विदेश मंत्री के रूप में भी काम किया। 16 अगस्त 2018 को दिल्ली के एम्स अस्पताल में उनका निधन हो गया।

तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी
अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे हैं। सबसे पहले 1996 में 13 दिनों के लिए वह प्रधानमंत्री बने थे। बहुमत साबित नहीं कर पाने की वजह से उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। दूसरी बार वे 1998 में प्रधानमंत्री बने। सहयोगी पार्टियों के समर्थन वापस लेने की वजह से 13 महीने बाद 1999 में फिर आम चुनाव हुए। 13 अक्टूबर 1999 को वे तीसरी बार प्रधानमंत्री बने। इस बार उन्होंने 2004 तक अपना कार्यकाल पूरा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024