मोदी के सिर पर राजस्थानी लहरिया पगड़ी:सफेद कुर्ता-चूड़ीदार और आसमानी बंद गला जैकेट; देखें 11 साल में मोदी का अटायर
मोदी ने बतौर प्रधानमंत्री अपने पहले स्वतंत्रता दिवस प्रोग्राम में भी राजस्थानी पगड़ी पहनी थी।
प्रधानमंत्री मोदी ने 78वें स्वतंत्रता दिवस पर गुरुवार को लालकिले पर तिरंगा फहराया। पंडित नेहरू (17 बार) और इंदिरा गांधी (16 बार) के बाद सबसे ज्यादा 11 बार झंडा फहराने वाले तीसरे PM हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर मोदी का पहनावा हमेशा चर्चा में रहता है। इस बार उन्होंने सफेद कुर्ता, चूड़ीदार पायजामा, लाइट ब्लू कलर का बंद गला हाफ जैकेट के साथ राजस्थानी लहरिया पगड़ी पहनी।
मोदी ने इस बार नारंगी, पीले और हरे रंग के कॉम्बिनेशन की पगड़ी पहनी। 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने राजस्थानी पगड़ी ही पहनी थी।
लहरिया प्रिंट पगड़ी की कहानी
लहरिया प्रिंट की कहानी राजस्थान की रेत से जुड़ी हुई है। राजस्थान के पश्चिमी इलाकों के रेगिस्तानी रेत पर बहने वाली हवा से डायगोनल पैटर्न (लहर) बन जाते हैं।
लहरिया प्रिंट इन्हीं पैटर्न से प्रेरित माना जाता है। यह एक पारंपरिक कपड़ा टाई एंड डाई प्रिंट टेक्नीक है, जिसमें खूबसूरत रंगों का कॉम्बिनेशन होता है।
लहरिया डिजाइन बनाने के लिए सबसे पहले कपड़े को धागे से बांधा जाता है और फिर उस पर प्रिंट किया जाता है। लहरिया प्रिंट का फैशन 18वीं सदी से है।
प्रधानमंत्री के 11 साल का अटायर…
2024: राजस्थानी लहरिया प्रिंट पगड़ी
इस बार पीएम मोदी ने सफेद कुर्ता-चूड़ीदार और नीली बंद गला जैकेट के साथ राजस्थानी लहरिया पगड़ी पहनी। लहरिया प्रिंट रेत में बहने वाली हवा से बनने वाली लहरों को प्रतीक है।
2023: वी नेक जैकेट और राजस्थानी पगड़ी
2023 में PM मोदी ने सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ काली वी नेक जैकेट और राजस्थानी पगड़ी पहनी थी। पगड़ी बांधनी प्रिंट में पीले, हरे और लाल रंगों से डिजाइन की गई थी।
2022: नेहरू जैकेट और तिरंगा पगड़ी
2022 में PM मोदी ने सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ नीली नेहरू जैकेट और तिरंगा प्रिंट पगड़ी पहनी थी। पगड़ी पर नारंगी और हरे रंग की धारियों से डिजाइन किया गया था।
2021: केसरिया पगड़ी के साथ लाल बॉर्डर दुपट्टा
2021 में कोरोना महामारी के बीच PM मोदी ने सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ नीली जैकेट और केसरिया पगड़ी पहनी थी। उन्होंने केसरिया बॉर्डर वाला सफेद दुपट्टा भी लिया था।
2020: PM की आकर्षक केसरिया और क्रीम पगड़ी
इस साल प्रधानमंत्री ने हाफ बाजू सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ लाल और ऑरेन्ज कलर की पगड़ी पहनी। उन्होंने अपने कंधों पर नारंगी और सफेद दुपट्टा भी लिया हुआ था।
2019: रेड, ऑरेंज और ग्रीन कलर की पगड़ी
2019 में PM मोदी की पोशाक ने परंपरा को आधुनिकता के साथ जोड़ा। उन्होंने हाफ बाजू सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ रेड, ऑरेंज और ग्रीन कलर की पगड़ी पहनी।
2018: केसरिया और लाल साफा
2018 में मोदी ने सफेद कुर्ता-पायजामा के साथ केसरिया और लाल रंग का साफा पहना था। यह उनके टखनों तक लंबा था। यह रंग बलिदान और साहस से जुड़ा होता है।
2017: लाल-पीली पगड़ी
2017 में प्रधानमंत्री मोदी ने पारंपरिक और जियोमेट्रिक पैटर्न वाली पगड़ी पहनी थी। हाफ बाजू पीला कुर्ता-पायजामा के साथ उन्होंने लाल-पीली पगड़ी पहनी हुई थी।
2016: टाई-डाई पगड़ी
2016 में मोदी ने टाई-डाई पगड़ी पहनी थी। इसमें गुलाबी और पीले रंग के शेड्स थे। इसके साथ उन्होंने हाफ बाजू सफेद कुर्ता-पायजामा पहना था।
2015: क्रिस-क्रॉस राजस्थानी स्टाइल पगड़ी
2015 में मोदी ने मल्टीकलर क्रिस-क्रॉस राजस्थानी स्टाइल पगड़ी पहनी थी। पीले, लाल और गहरे हरे रंग वाली यह पगड़ी पीछे से टखनों तक लंबी थी। इसके साथ उन्होंने बादामी कुर्ता-पायजामा, नेहरू जैकेट पहनी हुई थी।
2014: पारंपरिक राजस्थानी पगड़ी
2014 में अपने पहले स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थानी पगड़ी पहनी थी। नारंगी, पीले और हरे रंग वाली पगड़ी के साथ उन्होंने हाफ बाजू सफेद कुर्ता-पायजामा पहना था।
स्वतंत्रता दिवस से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
मोदी बोले- देश में सेक्युलर सिविल कोड हो, 75 हजार नई मेडिकल सीटें बनेंगी; कोलकाता रेप-मर्डर पर कहा- राक्षसों को फांसी हो
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहुंचे ओलिंपिक खिलाड़ी, लाल किले से वायुसेना के हेलीकॉप्टर ने फूल बरसाए; फोटोज में टॉप मोमेंट्स
आजादी की पहली सुबह 5 खास VIDEOS में; लाल किले पर गूंजी बिस्मिल्लाह खां की शहनाई, जश्न में डूबे 40 करोड़ लोग
103 गैलेंट्री अवॉर्ड का ऐलान: 4 जवानों को कीर्ति और 18 को शौर्य चक्र; इनमें 9 को मरणोपरांत सम्मानित किया गया