Headlines

कोलकाता रेप-मर्डर के आरोपी के फोन में पोर्न वीडियो मिला:घटनास्थल पर ईयरफोन छोड़ा था, CCTV में भी दिखा; इसी से पकड़ा गया

कोलकाता रेप-मर्डर के आरोपी के फोन में पोर्न वीडियो मिला:घटनास्थल पर ईयरफोन छोड़ा था, CCTV में भी दिखा; इसी से पकड़ा गया

कोलकाता2 मिनट पहले
कोलकाता पुलिस ने आरोपी संजय को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 14 दिन न्यायिक हिरासत में भेजा।

कोलकाता के RG कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर का आरोपी संजय रॉय 14 दिन की पुलिस कस्टडी में है। उसे 9 अगस्त को ही गिरफ्तार कर लिया गया था।

संजय हॉस्पिटल में पुलिस की मदद के लिए सिविक वॉलंटियर के तौर पर काम करता था। वह हॉस्पिटल के ज्यादातर डिपार्टमेंट में आसानी से आता-जाता था। उसके फोन की जांच की तो उसमें पोर्न वीडियो भी मिले।

पुलिस ने बताया कि ट्रेनी डॉक्टर की बॉडी 9 अगस्त को सुबह हॉस्पिटल के सेमिनार हॉल में मिली थी। क्राइम सीन पर एक ब्लूटूथ ईयरफोन भी मिला था। CCTV फुटेज में आरोपी संजय सुबह 4 बजे सेमिनार हॉल में अंदर जाते दिखाई दिया।

इस दौरान उसने कानों में ईयरफोन लगाया हुआ था। कुछ देर बाद जब वह हॉल से बाहर आया तो उसके पास ईयरफोन नहीं था। इसके बाद संजय समेत कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए बुलाया गया।

पुलिस ने क्राइम सीन पर मिले ईयरफोन को सभी संदिग्धों के फोन से कनेक्ट करने की कोशिश की। ईयरफोन संजय के फोन से कनेक्ट हो गया। पूछताछ के दौरान संजय ने रेप और मर्डर की बात कबूली।

कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की घटना पर डॉक्टरों ने न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

ट्रेनी डॉक्टर के प्राइवेट पार्ट, आंख से खून बह रहा था, 7 पॉइंट में समझिए पूरा घटनाक्रम

  • 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर रात को 2 बजे अपने 2 जूनियर्स के साथ डिनर करने के बाद हॉस्पिटल के सेमिनार हॉल गई थी। सुबह 6 बजे उसकी अर्धनग्न बॉडी मिली।
  • पुलिस ने बताया ट्रेनी डॉक्टर का रेप के बाद मर्डर किया गया। घटना सुबह 3 बजे से 6 बजे के बीच हुई। CCTV में आरोपी संजय 4 बजे सेमिनार हॉल में जाते दिखा।
  • ऑटोप्सी रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेनी डॉक्टर के प्राइवेट पार्ट, आंखों और मुंह से खून बह रहा था। चेहरे और नाखून पर चोट के निशान थे।
  • उसके पेट, बाएं पैर, गर्दन, दाहिने हाथ और होठों पर भी चोट के निशान थे। उसकी गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई पाई गई थी।
  • पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के सेक्शन 103 (1) हत्या और सेक्शन 64 (बलात्कार) के तहत केस दर्ज किया और माना कि यह रेप और हत्या का मामला है।
  • स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई है। हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने भी 3 मेंबर्स की जांच पैनल बनाई।
  • घटना के बाद मेडिकल स्टूडेंट्स, भाजपा, कांग्रेस और वाम दलों ने अस्पताल के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने CBI जांच की मांग की है।
ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर के खिलाफ प्रदर्शन करते नील रतन मेडिकल कॉलेज के स्टूडेंट्स।

IMA ने जांच पूरी करने के लिए दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम
वहीं, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने शनिवार को जांच पूरी करने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि अगर इस बीच अपराधियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

सीएम ममता ने कहा- सीबीआई जांच को तैयार
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति जैसा है। रेजिडेंट डॉक्टरों का गुस्सा और मांग जायज है। मैं इसका समर्थन करती हूं। पुलिस ने भी उनकी मांगें मान ली हैं। ममता ने कहा है कि हमें CBI जांच में कोई परेशानी नहीं है।

उन्होंने कहा कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। मैंने इस मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में ले जाने का निर्देश दिया है। जरूरत पड़ी तो आरोपियों को फांसी दी जाएगी, हालांकि मैं फांसी की सजा की समर्थक नहीं हूं, लेकिन उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

आरोपी की मां ने बोली- क्या हुआ है यह मुझे नहीं पता
घटना को लेकर आरोपी की मां ने कहा कि कोई कह रहा दुष्कर्म किया, कोई कह रहा हत्या की, किसी ने कहा पैसे लिए, आखिर क्या हुआ है यह मुझे नहीं पता है। मैं कुछ नहीं कह सकती, मुझे कुछ भी नहीं पता है।

सरकारी अधिकारी बोले- 2 दिन में रिपोर्ट आएगी
मेडिकल एजुकेशन डॉयरेक्टर डॉ. कौस्तव नायक ने बताया कि नेचुरल डेथ नहीं है। जांच चल रही है। 1-2 दिन के भीतर डिटेल्ड रिपोर्ट आएगी। उसके बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।

अमित मालवीय ने ममता सरकार पर मामले को दबाने का आरोप लगाया
भाजपा IT सेल के प्रमुख और पश्चिम बंगाल भाजपा के सह प्रभारी अमित मालवीय ने ममता बनर्जी सरकार पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में एक महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या की घटना हुई।

ममता बनर्जी सरकार कोलकाता पुलिस का इस्तेमाल मामले को दबाने के लिए कर रहा है, जबकि अस्पताल के अधिकारियों ने चोट के निशान की पुष्टि की है। बंगाल महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर कब तक आंखें मूंदे रहेगा। वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मृतक महिला के माता-पिता से फोन पर बात की। उन्हें दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

नर्सों के विरोध-प्रदर्शन को विपक्षी पार्टियों का साथ

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने के लिए शनिवार को प्रदर्शन किया।

ट्रेनी डॉक्टर रेप-हत्या मामले में जल्द न्याय की मांग करते हुए नर्सों ने आज शनिवार को कोलकाता में विरोध-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं भी प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस नेता ने कहा- मामले की जांच कमेटी में कांग्रेस का प्रतिनिधित्व भी होना चाहिए ताकि निष्पक्ष न्याय हो। वहीं वाम दल SFI और DYFI ने मामले के विरोध में पूरे पश्चिम बंगाल में चक्का जाम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024