Headlines

कांग्रेस की जन आक्रोश रैली के बाद फायरिंग:दतिया में पुलिस ने रायफल के साथ एक शख्स को पकड़ा

दतिया में गुरुवार को कांग्रेस की जन आक्रोश रैली के बाद फायरिंग से हड़कंप मच गया। मौके पर खून के निशान और कुछ गाड़ियों के कांच टूटे हुए नजर आए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने एक संदिग्ध को पकड़ा है। उसके पास से रायफल बरामद हुई है। इसके अलावा 2-3 लोगों को भी पकड़ा है। पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।

बताया जा रहा है कि शाम करीब पौने 5 बजे तीन राउंड गोली चली। फायरिंग दतिया एसपी दफ्तर के सामने हुई। इस दौरान रैली में शामिल सैड़कों लोग सड़क पर मौजूद थे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिस में साफ तौर पर फायर की आवाज सुनाई दे रही है।

कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद फायरिंग होने से मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई।

कांग्रेस ने किया कचहरी का घेराव

दरअसल, अघोषित बिजली कटौती, महंगाई, बेरोजगारी, पानी और किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर जनआक्रोश रैली का आयोजन किया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी इसमें शामिल हुए थे।

जन आक्रोश रैली दोपहर में किला चौक से होते हुए पुरानी कचहरी पहुंची। जहां घेराव किया गया। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। शाम को रैली के समापन के बाद प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत अन्य बड़े नेता वहां से रवाना हो गए।

गोली चलने की आवाज से मचा हड़कंप

बड़े नेताओं के जाते ही कुछ लोगों के बीच बहस हुई और गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली चलते ही अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया और उसे थाने ले जाया गया।

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राघवेंद्र गुर्जर ने दावा किया हमला उन्हें टारगेट कर किया गया।

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष बोले- मुझ पर हमला किया

युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राघवेंद्र गुर्जर उर्फ रामू गुर्जर ने कहा कि हजारों लोगों के सामने मुझ पर जानलेवा हमला किया गया। ये मेरी जान लेना चाहते हैं। मेरे राजनीतिक विरोधियों ने उन्हें आगे किया हुआ है।

मेरे भाई ने बचाव में गोली चलाई, पुलिस उसे ही ले गई

कांग्रेस नेता राघवेंद्र गुर्जर ने कहा- बचाव में जब मेरा भाई हथियार लेकर गाड़ी से बाहर निकला तो उस पर गोली चला दी। गनीमत रही कि मेरा भाई मेरे साथ था, वरना मुझे तो इन्होंने गोली मार ही दी थी। पुलिस वाले जिसे लेकर गए वो तो मेरा भाई है, उसने बचाव में गोली चलाई थी। उसे गोली भी लगी है।

पुलिस ने तीन से चार लोगों को हिरासत में लिया

पुलिस ने अब तक इस मामले में कुछ भी नहीं बताया है। वहीं, मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रैली में सभी लोग शामिल थे। अलग-अलग गुट यहां आए थे। इनमें से एक गुट ने शक्ति प्रदर्शन किया, जिसका दूसरे गुट ने विरोध किया। इसके बाद दो फायर हुए। युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रामू गुर्जर के चचेरे भाई पर गोली चलाने का आरोप है। पुलिस ने रामू गुर्जर के साथ ही तीन चार संदिग्ध लोगों को थाने पर पूछताछ के लिए बैठाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024