भारत-बांग्लादेश बॉर्डर के पास बुधवार को घुसपैठ कर रहे करीब 500 बांग्लादेशियों को BSF के जवानों ने जलपाईगुड़ी के पास रोक दिया। नॉर्थ बंगाल फ्रंटियर के मुताबिक ये लोग बांग्लादेश में प्रदर्शनकारियों के हमलों के डर से इकट्ठा हुए थे।
BSF और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश ने इन लोगों से बात की, जिसके बाद ये सभी लौट गए। बांग्लादेश से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF हाई अलर्ट पर है। वहीं सोमवार (5 अगस्त) को बांग्लादेश छोड़कर भारत आईं शेख हसीना अपने साथ जरूरत का सामान और कपड़े नहीं ला पाई थीं। उन्हें देश छोड़ने के लिए सिर्फ 45 मिनट मिला था।
सोमवार को हिंडन एयरफोर्स स्टेशन पहुंचकर हसीना ने वहां बने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स से कपड़े और जरूरी सामान खरीदा था। दूसरी तरफ, बांग्लादेश में बाद आज अंतरिम सरकार का गठन होगा। 15 सदस्यीय इस सरकार का नेतृत्व नोबेल प्राइज विजेता मोहम्मद यूनुस करेंगे।
यूनुस आज दोपहर ढाई बजे ढाका पहुंच गए हैं। रात 8 बजकर 30 मिनट पर सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक, शपथ समारोह में करीब 400 लोग शामिल होंगे।
