ताजमहल में घुसकर महिला ने मुख्य गुबंद पर भगवा लहराया:सावन सोमवार पर गंगा जल चढ़ाया; CISF ने दौड़ाकर पकड़ा
आगरा के ताजमहल में सावन के सोमवार पर महिला ने मुख्य गुंबद के ऊपर जल चढ़ाया। उसने भगवा कपड़ा भी लहराया। महिला ने दावा किया कि वह बोतल में गंगाजल लेकर गई थी।
सूचना मिलते ही CISF के जवान पहुंचे, उन्हें देखते ही महिला भागने लगी। जवानों ने महिला को दौड़ाकर पकड़ लिया। महिला की पहचान अखिल भारत हिंदू महासभा की आगरा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर के रूप में हुई है।
3 तस्वीरें देखिए…
7 दिन पहले भी कांवड़ लेकर जल चढ़ाने पहुंची थी
युवा हिंदू महासभा प्रदेश अध्यक्ष बृजेश भदौरिया ने कहा- पिछले सोमवार को मीरा कासगंज के सोरो से कांवड़ लेकर पहुंची थीं। मगर, पुलिस ने उन्हें पश्चिमी गेट पर ही रोक दिया था। 2 घंटे तक गेट पर खड़ी थीं। इसके बाद प्रशासन ने जल को राजेश्वर मंदिर पर चढ़वा दिया था। मीरा ने कुछ गंगाजल बचा लिया था। उसी गंगा जल से आज तेजोमहालय के अंदर जलाभिषेक किया।
2 दिन पहले युवकों ने ताजमहल में चढ़ाया था गंगाजल
2 दिन पहले यानी 3 अगस्त को 2 युवकों ने मुख्य मकबरे पर ऊपर से जल चढ़ाया था। युवकों ने दावा किया था कि वे बोतल में गंगाजल लेकर गए थे। आगरा पुलिस ने दोनों युवक को जेल भेज दिया। आरोपियों की पहचान अखिल भारत हिंदू महासभा के सदस्य श्याम और वीनेश कुंतल के रूप में हुई थी।
ताजमहल के सेंटर पॉइंट पर बना है मुख्य गुंबद
आगरा में ताजमहल के सेंटर पॉइंट पर एक मुख्य गुंबद बना है। इसी गुंबद के नीचे एक बड़ा तहखाना है, जिसमें मुमताज और शाहजहां का मकबरा है। यह पूरे साल बंद रहता है, सिर्फ शाहजहां के उर्स पर खोला जाता है। इस दौरान तीन दिन तक ताजमहल में फ्री एंट्री रहती है। यह बेसमेंट में बना हुआ है, नीचे जाने के लिए सीढ़ियां हैं।
