अयोध्या रेप पीड़िता की मां से योगी ने की मुलाकात:विधानसभा में कहा था-सपा सांसद का करीबी है आरोपी, बच्ची से दुष्कर्म किया
अयोध्या में नाबालिग से रेप का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को लखनऊ में योगी ने सीएम आवास पर बच्ची की मां से मुलाकात की। पूरा घटनाक्रम पूछा। बच्ची की हालत के बारे में जाना। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बच्ची अभी अयोध्या में महिला अस्पताल में भर्ती है
बच्ची से रेप मामले में अयोध्या पुलिस ने भदरसा से सपा नगर अध्यक्ष मोइन खान और उसके नौकर राजू को गिरफ्तार किया था। आरोप था कि बच्ची का वीडियो बनाया और ब्लैकमेल करके उसके साथ रेप किया। बीकापुर के भाजपा विधायक अमित सिंह पीड़ित की मां को लेकर लखनऊ आए थे।
गुरुवार को सीएम योगी ने विधानसभा में इस घटना का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था- अयोध्या में पिछड़ी जाति की बच्ची से रेप हुआ है। आरोपी सपा का है। वो सपा सांसद (अवधेश प्रसाद) के साथ उठता-बैठता, खाता-चलता है। लेकिन पार्टी के नेताओं के मुंह में दही जमा है। सपा ने उसके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया। ऐसे अपराधियों को गोली नहीं मारी जाएगी तो क्या उन्हें माला पहनाई जाएगी।
पीड़िता की मां बोलीं- सीएम से कहा है…आरोपियों को फांसी की सजा हो
सीएम से मुलाकात के बाद गैंगरेप पीड़िता की मां ने मीडिया से बात की। कहा- आज सीएम योगी ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाएंगे। आरोपियों के अवैध कब्जों पर बुलडोजर की कार्रवाई करेंगे। सीएम से हमने आरोपियों के लिए फांसी की संजा की मांग की।
पूरा मामला क्या है?
अयोध्या के पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में 12 साल की बच्ची से रेप की घटना हुई थी। आरोपियों ने बच्ची का अश्लील वीडियो बना लिया। फिर लंबे समय तक उसे ब्लैकमेल करके घिनौनी हरकत करते रहे। इस मामले का खुलासा 29 जुलाई को तब हुआ जब पीड़ित बच्ची 2 महीने की गर्भवती हो गई।
बच्ची की मां ने मोइन खान और उनके नौकर राजू के खिलाफ एप्लिकेशन दी। आरोप है कि पुलिस ने कोई एक्शन नहीं लिया गया। इसके बाद विहिप, बजरंग दल के साथ निषाद पार्टी के लोगों ने इस मामले पर आक्रोश जताया तो पुलिस ने मोइन खान और उसके नौकर को गिरफ्तार किया।
खेत से लौट रही थी किशोरी…
12 वर्षीय बच्ची 4 बहनों में सबसे छोटी है। पिता की 2 साल पहले ही मौत हो गई है। घर का गुजारा उसकी मां और बहनों की ओर मजदूरी से मिले पैसे से चलता है। आरोप है कि लगभग ढाई महीने पहले पीड़िता खेत से मजदूरी करके लौट रही थी। तभी रास्ते में उसे राजू नामक एक शख्स मिला जिसने कहा कि बेकरी मालिक मोइन खान उसे बुला रहा है।
आरोप है कि मोइन ने उसके साथ बलात्कार किया और राजू ने इसका वीडियो बना लिया। फिर राजू ने भी बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। लंबे समय तक दोनों वीडियो के आधार पर ब्लैकमेल करके उसके साथ गंदा काम करते रहे।
बच्ची जब 2 महीने की गर्भवती हो गई तब मामला खुला। पीड़िता की मां ने बताया- जब हम शिकायत लेकर चौकी पर गए तो दरोगा ने हमसे कहा कि राजू का नाम रखिए, लेकिन दूसरा नाम हटा दीजिए। फिर एसपी के दखल के बाद हमारा मामला लिखा गया। हमें आरोपियों के लिए फांसी की सजा चाहिए।
प्रमोद कृष्णम् बोले- राम मंदिर नहीं जाओगे, लेकिन पीड़ित बच्ची से मिलने चले जाओ
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने X पर लिखा- सेक्यूलरिज्म के ‘सूरमाओं’ तुम राम मंदिर तो नहीं जाओगे, मगर एक बार 12 साल की उस ‘बच्ची’ से मिलने ‘अयोध्या’ तो चले जाओ, जिसके साथ ‘गैंग-रेप’ तुम्हारी पार्टी के नेता ने ही किया है।
पीड़िता से मिलने पहुंचे अभय सिंह, बोले- कहां है PDA
सपा के बागी विधायक अभय सिंह रेप पीड़ित से मिलने अस्पताल पहुंचे। कहा- आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है। CM ने भी सदन में यह बात कही है। जिला प्रशासन पता करे कि आरोपी सपा नेता मोइन खान के पास कितनी अवैध प्रॉपर्टी है।
पता चला है कि यह पहली लड़की नहीं है। आरोपियों ने पहले भी कई लड़कियों के साथ दुष्कर्म किया। मामले का दबा दिया गया। सांसद अवधेश प्रसाद के करीबी आरोपी सपा नेता के सवाल पर अभय ने कहा- क्या निषाद समुदाय PDA में नहीं आता है? PDA का नारा लगाने वाले कहां हैं?
भूपेंद्र चौधरी बोले- सरकार ऐसा एक्शन लेगी, जो नजीर बन सके
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा- रेप की घटना में सपा का पदाधिकारी शामिल है। इस मसले पर वहां के सांसद और अखिलेश यादव ने अब तक कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। सपा हमेशा इस तरह के अराजकतत्वों के साथ खड़ी रही है। सरकार ऐसी कार्रवाई करेगी, जो नजीर बन सके।
राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की सदस्य ने पीड़िता का हालचाल जाना
यूपी राज्य बाल संरक्षण आयोग की सदस्य अनीता अग्रवाल पीड़िता से मिलने अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने बच्ची का हाल-चाल जाना। कहा- आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना से सपा का चरित्र सामने आया।
दोनों आरोपी सांसद अवधेश प्रसाद के करीबी हैं। उनके साथ फोटो वायरल हो रही है। पीड़िता की मदद सरकार और बाल अधिकार संरक्षण आयोग करेगी। ऐसे घिनौने कृत्य को सरकार माफ नहीं करेगी।
