Headlines

PM की ‘मन की बात’:मोदी बोले- 15 अगस्त को स्पीच दूंगा, टॉपिक पर सुझाव भेजें; आजादी के पर्व पर हैंडलूम के कपड़े जरूर खरीदें

PM की ‘मन की बात’:मोदी बोले- 15 अगस्त को स्पीच दूंगा, टॉपिक पर सुझाव भेजें; आजादी के पर्व पर हैंडलूम के कपड़े जरूर खरीदें

नई दिल्ली35 मिनट पहले
मन की बात का पहला एपिसोड 3 अक्‍टूबर 2014 को प्रसारित हुआ था।

बजट के बाद आज पहली बार ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 112वां एपिसोड प्रसारित हुआ। पीएम मोदी ने पेरिस ओलिंपिक, मैथ्स ओलंपियाड, असम मोइदम, टाइगर डे, वनों के संरक्षण और स्वतंत्रता दिवस पर बात की।

साथ ही उन्होंने हैंडलूम पर भी चर्चा की। हर साल 7 अगस्त को नेशनल हैंडलूम डे मनाया जाता है। पीएम ने कहा- आजादी के पर्व पर एक कपड़ा खादी का जरूर लें। साथ ही प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त की स्पीच में शामिल विषयों पर सुझाव मांगे।

मन की बात कार्यक्रम में पीएम की 5 बड़ी बातें…

1. मैथ्स ओलंपियाड विजेताओं से बात की, भारत ने 4 गोल्ड जीते
मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने मैथ्स ओलंपियाड विजेताओं से बात की। इस साल इंग्लैंड के बाथ में 65वें इंटरनेशनल मैथ्स ओलंपियाड का आयोजन किया गया था। इसमें भारत के 6 स्टूडेंट्स ने हिस्सा लिया था। भारत ने इस ओलंपियाड में 4 गोल्ड और 1 सिल्वर मेडल जीते। मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में चार स्टूडेंट से बात की।

2. असम मोइदम का जिक्र किया, यह यूनेस्को की वर्ल्ड हैरिटेज लिस्ट में शामिल
असम मोइदम में अहोम राजवंश के टीले वाले कब्रस्तान को 26 जुलाई को यूनेस्को की वर्ल्ड हैरिटेज लिस्ट में शामिल कर लिया गया। कल्चरल कैटेगरी में शुमार मोइदम भारत की 43वीं हैरिटेज साइट है। मोइदम, अहोम राजाओं, रानियों और रईसों की कब्रें हैं। मोदी ने कहा- आपके मन में यह सवाल जरूर आ रहा होगा कि आखिर ये क्या है। इसका नाम है पहाड़ी पर एक चमकता शहर। यह अहोम साम्राज्य का है। हेरिटेज साइट बनने के बाद यहां और अधिक पर्यटक आएंगे। भविष्य में आप भी यहां जरूर आएं। अपनी संस्कृति पर गौरव करते ही कोई देश आगे बढ़ सकता है।

3. टाइगर डे पर बोले- राजस्थान में संरक्षण के लिए कई अभियान
पीएम ने बाघों के संरक्षण पर भी बात की। पीएम ने कहा- कल दुनिया भर में टाइगर डे मनाया जाएगा। भारत में बाघ हमारी संस्कृति का हिस्सा रहा है। हमने किस्से-कहानियां सुनी हैं। जंगल के आसपास के लोग बाघ के साथ रहते हैं। बाघों के संरक्षण के अभूतपूर्व प्रयास हो रहा है। राजस्थान में कुल्हाड़ी बंद पंचायत अभियान काफी काम कर रहा है। स्थानीय लोगों ने शपथ ली है कि कुल्हाड़ी के साथ नहीं जाएंगे, कोई पेड़ नहीं काटेंगे। इससे बाघों के लिए वातावरण तैयार हो रहा है। दुनिया के करीब 70% बाघ हमारे देश में हैं।

4. पीएम बोले- खादी पर गर्व करें, इसका कारोबार 400 प्रतिशत तक बढ़ा
हैंडलूम को लेकर दुनिया आकर्षित हो रही है। कई कंपनियां तो AI के माध्यम से इसे प्रमोट कर रही है। हैंडलूम की बात हो और खादी की चर्चा न हो, ये संभव नहीं है। खादी का कारोबार 400 प्रतिशत तक बढ़कर डेढ़ लाख करोड़ रुपए का हो गया है। आपके पास बहुत सारे कपड़े होंगे। आजादी के पर्व पर एक कपड़ा खादी का जरूर लें

5. मोदी बोले- 15 अगस्त पर हर घर तिरंगा अभियान तेजी से बढ़ रहा
पीएम ने कहा- 15 अगस्त आने वाला है। हर घर तिरंगा अभियान इससे जुड़ा है। पिछले कुछ सालों से इस अभियान से अमीर-गरीब सब जुड़े हैं। लोग तिरंगे के साथ सेल्फी पोस्ट कर रहे हैं। इसमें अब तरह-तरह के इनोवेशन होने लगे हैं। अब कार, दफ्तर में तिरंगे लगाए जाते हैं। पहले की तरह इस साल भी आप हर घर तिरंगा डॉट कॉम पर तिरंग के साथ सेल्फी अपलोड करें। आप इस साल भी मुझे अपने सुझाव भेजिए। मैं ज्यादा से ज्यादा सुझावों को 15 अगस्त के संबोधन में कवर करूँगा।

11 विदेशी भाषाओं में भी होता है मन की बात का ब्रॉडकॉस्ट
मन की बात को 22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा 11 विदेशी भाषाओं में भी ब्रॉडकॉस्ट किया जाता है। इनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तू, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। मन की बात की ब्रॉडकास्टिंग आकाशवाणी के 500 से अधिक ब्रॉडकास्टिंग सेंटर द्वारा किया जाता है।

2014 में पहला मन की बात एपिसोड प्रसारित हुआ था
मन की बात का पहला एपिसोड 3 अक्‍टूबर 2014 को प्रसारित हुआ था। पहले एपिसोड की टाइम लिमिट 14 मिनट थी। जून 2015 में इसे बढ़ाकर 30 मिनट कर दिया गया था। 30 अप्रैल 2023 को मन की बात का 100वां एपिसोड प्रसारित किया गया था। मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण 23 भाषाओं और 29 बोलियों में होता है। फ्रेंच, पश्‍तो, चाइनीज समेत इसका ब्रॉडकास्‍ट 11 विदेशी भाषाओं में भी किया जाता है।

110वें एपिसोड में PM ने नारी-शक्ति के योगदान पर बात की थी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेडियो प्रोग्राम मन की बात के 110वें एपिसोड में नारी-शक्ति के योगदान को नमन किया था। पीएम ने कहा था कि महाकवि भारतियार जी ने कहा है कि विश्व तभी समृद्ध होगा, जब महिलाओं को समान अवसर मिलेंगे। आज भारत की नारी-शक्ति हर क्षेत्र में प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रही है।

उन्होंने एपिसोड में ड्रोन दीदी से बात की। पीएम ने कहा था कि कुछ साल पहले तक किसने सोचा था कि हमारे देश में, गांव में रहने वाली महिलाएं भी ड्रोन उड़ाएंगी! लेकिन आज ये संभव हो रहा है। आज तो गांव-गांव में ड्रोन दीदी की इतनी चर्चा हो रही है, हर किसी की जुबान पर नमो ड्रोन दीदी, नमो ड्रोन दीदी ये चल पड़ा है। हर कोई इनके विषय में चर्चा कर रहा है। पूरी खबर पढ़ें …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024