आंध्र प्रदेश में तीसरी की छात्रा से गैंगरेप, हत्या:आरोपी उसी के स्कूल के 6वीं-7वीं के छात्र, सबूत मिटाने के लिए नहर में फेंका शव
आंध्र प्रदेश के नंद्याल जिले में तीसरी क्लास में पढ़ने वाली बच्ची से गैंगरेप और मर्डर का मामला सामने आया है। पुलिस ने बच्ची के स्कूल के तीन नाबालिग छात्रों को आरोपी बनाया गया है। छात्रों ने गैंगरेप के बाद बच्ची की हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया। शव अभी नहीं मिला है।
बच्ची की उम्र 8 साल थी। वहीं, आरोपी दो लड़कों की उम्र 12 साल है। दोनों छठी क्लास में पढ़ते हैं। तीसरे आरोपी की उम्र 13 साल है, वह सातवीं क्लास में पढ़ता है।
खेलने के बहाने बच्ची को ले गए
पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार (7 जुलाई) शाम की बताई जा रही है। घटना के वक्त बच्ची पगडियाला स्थित एक पार्क में खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी छात्र उसे खेलने के बहाने सुनसान जगह ले गए और वारदात को अंजाम दिया। बच्ची घटना के बारे में अपने माता-पिता को न बता दे, इस डर से आरोपी बच्चों ने उसकी हत्या कर दी और शव को पास की नहर में फेंककर मौके से भाग निकले।
स्निफर डॉग की मदद से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
इधर, जब देर तक बच्ची घर नहीं पहुंची तो पिता ने रविवार को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की, लेकिन लड़की के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका। बाद में पुलिस स्निफर डॉग की मदद से तीनों आरोपियों तक पहुंची।
शुरुआती जांच के बाद लड़कों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी बच्चों ने गैंगरेप और मर्डर की बात स्वीकार कर ली।
