संभल डीएम ने प्राइमरी स्कूल के टीचर को स्कूल में कैंडी क्रश गेम खेलते पकड़ लिया। मोबाइल की हिस्ट्री चेक की तो हैरान रह गए। मास्टर साहब करीब 3 घंटे से मोबाइल में व्यस्त थे। करीब डेढ़ घंटे से तो गेम खेल रहे थे। इस दौरान यूट्यूब-फेसबुक और इंस्टाग्राम भी चलाया।
डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने टीचर प्रियम गोयल को जमकर फटकार लगाई। फिर बच्चों की कॉपियां चेक कीं। 1 पेज में 30 गलतियां मिलीं। यह देखकर डीएम नाराज हो गए। उन्होंने प्रियम गोयल को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए। पूरा मामला गांव शरीफपुर के प्राइमरी स्कूल का है।
अचानक निरीक्षण के लिए स्कूल पहुंचे थे डीएम
डीएम राजेंद्र पैंसिया बुधवार को निरीक्षण के लिए शरीफपुर के प्राइमरी स्कूल पहुंच गए। स्कूल में 5 सहायक टीचर, 2 महिला शिक्षामित्र हैं। अचानक स्कूल में डीएम को देखकर टीचर्स में अफरा-तफरी मच गई। डीएम ने टीचर्स से एक-एक करके डिटेल में पूछताछ की। रसोई से लेकर क्लास रूम तक का निरीक्षण किया। प्रिंसिपल के रजिस्टर को चेक किया। बच्चों से बातचीत भी की।
3 घंटे से मोबाइल में व्यस्त थे टीचर
डीएम ने बताया- मैंने सहायक टीचर प्रियम से डिजिटल अटेंडेंस दिखाने के लिए कहा, तो वह आनाकानी करने लगे। इस पर उनका मोबाइल लेकर चेक किया। देखा तो कैंडी क्रश सागा गेम खेल रहे थे। फिर उनका फोन चेक करवाया तो टीचर 3 घंटे से मोबाइल ही चला रहे थे। मैंने इसकी जानकारी BSA अलका शर्मा को दी।
1 पेज में 30 से ज्यादा गलतियां मिलीं
डीएम ने कहा- मैंने शिक्षकों की जांची हुई कॉपियां चेक कीं। इसमें 10 से ज्यादा गलतियां मिलीं। एक छात्र की कॉपी में एक पेज में 30 गलतियां मिलीं। टीचरों का काम बच्चों का होमवर्क चेक करना होता है। ऐसे में एक पेज में इतनी गलतियां बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। मैंने अध्यापकों से काम में सुधार लाने को कहा है।
डीएम ने बताया- 2 महिला टीचरों का काम बेहतर मिला। वो बच्चों को अच्छे तरीके से पढ़ा रही थीं। हम यही चाहते हैं कि सभी स्कूलों के शिक्षक अच्छे से पढ़ाएं।
टीचर बोला- मैं स्कूल में नहीं, बस में कैंडी क्रश खेला
दैनिक भास्कर ने इस मामले में टीचर प्रियम गोयल से बात की। उन्होंने कहा- मैं रात को एक शादी में गया था। वहां से बस से आया था। बस में मैंने कैंडी क्रश खेला था। स्कूल में कैंडी क्रश नहीं खेल रहा था। रात को 12 बजे के बाद समय शुरू होता है। जब डीएम सर आए तो उन्होंने मेरा मोबाइल मांगा। मैंने अपना मोबाइल दिया।
मोबाइल में डिटेल 12 बजे के बाद की शो होती है। समय पर मैं स्कूल पहुंच गया था। मेरा मोबाइल अभी स्क्रीन पर लगा है और मैं आपसे बात कर रहा हूं तो यह भी रिकॉर्ड हो रहा है कि मैंने इतने टाइम पर आपसे बात की। इसलिए ज्यादा समय में आपसे बात नहीं कर सकता हूं। टीचर की पहली पोस्टिंग दिसंबर-2020 में गांव शरीफपुर के प्राइमरी स्कूल में हुई थी।
