Headlines

अमरनाथ यात्रा भारी बारिश के कारण रोकी गई:उत्तराखंड में रेड अलर्ट, ऋषिकेश से बद्रीनाथ जाने वाला हाईवे बंद; असम में अबतक 62 की मौत

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण अमरनाथ यात्रा शनिवार (6 जुलाई) को रोक दी गई है। पवित्र गुफा तक जाने वाले पहलगाम और बालटाल, दोनों रूट पर कल रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। यात्रियों को वापस उनके बेस कैंप भेजा जा रहा है। मौसम में सुधार के बाद यात्रा फिर से शुरू होगी।

29 जून से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा 19 अगस्त को खत्म होगी। 3,800 मीटर ऊंचे गुफा मंदिर में अब तक 1.50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। हालांकि, अमरनाथ यात्रा शुरू होने के सातवें दिन यानी 5 जुलाई को ही बाबा बर्फानी अदृश्य हो गए है। ऐसा पहली बार हुआ है। अब यहां आने वाले श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा के ही दर्शन होंगे।

उत्तराखंड में भारी बारिश और लैंडस्लाइड के कारण डोलिया देवी (फाटा) में रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड और ऋषिकेश से बद्रीनाथ जाने वाला नेशनल हाईवे 107 और 58 ब्लॉक हो गया है। सड़क पर जगह-जगह मलबा जमा है, जिसके कारण आवागमन बाधित है।

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में आज भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। राज्य में 6-7 जुलाई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है। इस दौरान 64.5-115.5 mm से 115.5-204.4 mm तक बारिश हो सकती है।

असम में बारिश-बाढ़ से अब तक 62 की मौत, 3 लापता
असम में बारिश, बाढ़, तूफान और लैंडस्लाइड में जान गंवाने वालों का आंकड़ा 62 पहुंच गया है। 3 लापता हैं। बाढ़ के कारण 29 जिलों में 22 लाख लोग प्रभावित हैं। नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ के कारण 77 जानवरों की मौत हो चुकी है। 94 जानवरों का अब तक रेस्क्यू किया गया है।

आज 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने शनिवार (6 जुलाई) के लिए 28 राज्यों- उत्तराखंड, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, असम, महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, ओडिशा, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, राजस्थान, केरल, नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में आज से अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा है कि आज देश के 15 राज्यों में तेज बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में 24X7 बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए
मौसम विभाग ने शनिवार को दिल्ली में बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। यहां गरज के साथ बारिश हो सकती है। बिजली गिरने के भी आसार हैं। अगले 4-5 दिन दिनों में राजधानी में भारी बारिश का अनुमान है।​​​​​​​

दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज ने शुक्रवार को कहा कि यमुना के जलस्तर पर निगरानी रखी जा रही है। बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए 24X7 बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। जो हथिनी कुंड बैराज के जलस्तर पर नजर बनाए रखेगा। जैसे ही बैराज से एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जाएगा, बाढ़ नियंत्रण विभाग सहित सभी एजेंसियां ​​सक्रिय हो जाएंगी।

बाढ़ नियंत्रण कक्ष में दिल्ली नगर निगम, दिल्ली विकास प्राधिकरण और नई दिल्ली नगर परिषद (NDMC) समेत अन्य एजेंसियों के अधिकारी तैनात रहेंगे। दिल्ली में पिछले साल यमुना अपने 70 साल के सबसे हाई लेवल पर पहुंच गई थी। इसके कारण यहां कई इलाके बाढ़ के पानी में डूब गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024