राहुल गांधी कल गुजरात आएंगे:राजकोट गेम जोन और मोरबी ब्रिज हादसे के पीड़ितों के परिवार से मिलेंगे
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कल यानी कि शनिवार को गुजरात का दौरा करेंगे। इस दौरान वे राजकोट गेम जोन में हाल ही में हुई आग की घटना और मोरबी में ब्रिज हादसे के पीड़ितों के परिवार से बातचीत करेंगे। राहुल गांधी का यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब हाल ही में उन्होंने लोकसभा में प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती दी थी कि कांग्रेस अगले गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी को हराएगी।
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे
संसद में हिंदू धर्म पर बयान देने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने अहमदाबाद में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर हमला कर दिया था। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। झड़प में कई कांग्रेसी कार्यकर्ता घायल हो गए थे। राहुल गांधी इन कार्यकर्ताओं से भी मिलेंगे।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शक्ति सिंह गोहिल ने बताया कि कार्यकर्ताओं पर हमले के बाद हमने राहुल गांधी से गुजरात आने की अपील की थी। इससे पूरी पार्टी में मजबूत संदेश जाएगा और कार्यकर्ताओं को भरोसा मिलेगा कि बीजेपी के खिलाफ लड़ाई में शीर्ष नेतृत्व उनके साथ है। राहुल गांधी को कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे।
हादसों के पीड़ितों से मुलाकात
पार्टी पदाधिकारियों के अनुसार गुजरात में कांग्रेस पार्टी 25 मई, 2024 को राजकोट गेमिंग जोन में आग लगने की घटना के पीड़ितों के लिए न्याय की मांग कर रही है, जिसमें 33 लोगों की मौत हो गई थी और इससे पहले 30 अक्टूबर, 2022 को मोरबी में मच्छू नदी पर सस्पेंशन ब्रिज गिरने की घटना में 141 लोगों की मौत हो गई थी। कांग्रेसी नेताओं ने इन परिवारों से संपर्क करना शुरू कर दिया है। जो भी राहुल गांधी से मिलना चाहेंगे, उन्हें अहमदाबाद लाने की व्यवस्था की जाएगी।
जगन्नाथ मंदिर में रथ की पूजा करेंगे
हर साल भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के एक दिन पहले गुजरात कांग्रेस के नेता रथ की पूजा करते हैं। रथयात्रा रविवार यानी कि 7 जुलाई को निकलेगी। ऐसे में राहुल गांधी रथ की पूजा करने के लिए जगन्नाथ मंदिर जाएंगे। इसके अलावा पांच कांग्रेसी कार्यकर्ता एलिसब्रिज पुलिस की हिरासत में हैं। राहुल गांधी पुलिस स्टेशन में उनसे भी मुलाकात कर सकते हैं।
