LIVE
कानपुर के गोदाम में गले तक भरा बारिश का पानी:मथुरा में एंबुलेंस और स्कूल बस आधी डूबी; कल 55 जिलों में बारिश का अलर्ट
यूपी में मानसून ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया। कानपुर में हुई बारिश से कल्याणपुर के महर्षि दयानंद विहार के एक गोदाम में कई फीट पानी भर गया। दोपहर बाद पहुंचे कर्मचारियों ने शटर उठाया तो पूरा गोदाम पानी में डूबा मिला। सामान निकालने पहुंचे कर्मचारियों के गले तक पानी भरा था।
वहीं, गुरुवार को लखनऊ, अयोध्या समेत 15 जिलों में बारिश हुई। मथुरा में इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर पानी भर गया। नए बस स्टैंड के पास जलभराव में स्कूल बस और एंबुलेंस फंस गईं।
बच्चों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर निकला गया। फिर बुलडोजर बुलाकर एंबुलेंस को खींचकर निकाला। कानपुर के मंधना इलाके में बारिश से सड़कों पर एक फीट तक पानी भर गया।
मौसम विभाग ने कल (5 जुलाई) 55 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 9 जिलों में ऑरेंज और 13 जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। वेस्ट यूपी और दक्षिणी यूपी के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट नहीं है।
पहाड़ों और प्रदेश में हो रही लगातार बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ गया। अयोध्या में सरयू का वाटर लेवल बढ़ा है। यहां घाट किनारों पर फ्लोटिंग जेटी लगा दी गई है, ताकि लोग गहरे पानी में न जाएं।
मथुरा में जलभराव की तस्वीरें…
कल 16.9 मिमी बारिश, सबसे ज्यादा सुल्तानपुर में
बुधवार को यूपी में 16.9 मिलीमीटर बारिश हुई। सबसे ज्यादा 126 mm सुल्तानपुर में बरसात हुई। बलिया सबसे सबसे गर्म जिला रहा। यहां का का तापमान 34 डिग्री के पार चला गया। भदोही का तापमान सबसे कम रहा। यहां पारा 23 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम: आने वाले 10 दिनों तक पूरे प्रदेश में बारिश हो सकती है। कई जिलों में बिजली भी गिर सकती है। पारा 4-5 डिग्री तक नीचे गिर सकता है।
