संगरूर में AAP उम्मीदवार गुरमीत सिंह मीत हेयर की जीत डिक्लेयर होते ही समर्थकों ने उन्हें कंधों पर उठा लिया।
पंजाब और चंडीगढ़ की 14 लोकसभा सीटों पर मतगणना जारी है। संगरूर से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार गुरमीत सिंह मीत हेयर जीत गए हैं। उन्होंने इस सीट से मौजूदा सांसद शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान को करीब 1.68 लाख वोटों से हराया।
जालंधर में कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी भी जीत गए हैं। उन्होंने भाजपा के सुशील कुमार रिंकू को करीब 1.76 लाख वोटों से हराया है।
वहीं खडूर साहिब से निर्दलीय अमृतपाल सिंह और फरीदकोट सर्बजीत सिंह खालसा आगे चल रहे हैं। इसके अलावा, फिरोजपुर और पटियाला सीट पर कड़ी टक्कर चल रही है।
मतगणना के लिए हर सीट पर 9 सेंटर बनाए गए हैं। जिनमें 15000 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। किसी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए 12 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
