Headlines

दो दिन हीटवेव का अनुमान:फलोदी में पारा 49.4°, लगातार तीसरे दिन देश में सबसे गर्म; झांसी में 132 साल बाद सबसे ज्यादा गर्मी

मंगलवार को नौतपा का चौथा दिन है। राजस्थान का फलोदी लगातार तीसरे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां तापमान 49.4° रिकॉर्ड किया गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार आज और कल हीटवेव चलेगी। 30 मई से गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

देश में बढ़ते तापमान के नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। सोमवार को पंजाब में 46 साल का रिकॉर्ड टूटा। पंजाब के बठिंडा में अधिकतम तापमान 48.4 डिग्री दर्ज किया गया। 21 मई 1978 को अमृतसर का तापमान 47.7 डिग्री दर्ज किया गया था।

झांसी में 132 साल बाद सोमवार को 48.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, इससे पहले 20 मई 1892 को यहां पारा 48.1 डिग्री तक गया था। आगरा में गर्मी का 26 साल का रिकॉर्ड टूटा है। यहां पारा 47.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इससे पहले 27 मई 1998 में आगरा का अधिकतम तापमान 48.6 डिग्री तक पहुंचा था।

उत्तर प्रदेश में सोमवार को गर्मी के कारण 10 लोगों की जान चली गई। राजस्थान में पिछले एक हफ्ते के दौरान 35 लोगों की मौत हो चुकी है।

उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली समेत 10 राज्यों की 75 जगहों का तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा दर्ज किया गया। रविवार को देश में सिर्फ 37 जगहों का तापमान 45 डिग्री या उससे ज्यादा था।

30 मई के बाद मिल सकती है हीटवेव से राहत, जून में लू वाले दिनों की संख्या ज्यादा रहेगी
IMD के डायरेक्टर मृत्युंजय मोहपात्रा ने सोमवार को बताया कि 30 मई तक देशभर में ऐसे ही हीटवेव चलेगी। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली और हिमाचल के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी रहेगी। हालांकि, उसके बाद राहत मिलने की संभावना है।

30 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। यह हवा का एक सिस्टम है जिसके चलते उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश होगी और मैदानों में तापमान तीन-चार दिन तक कुछ कम होगा। केरल में अगले पांच दिन में मानसून के पहुंचने की स्थिति बनती नजर आ रही है।

राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, चंडीगढ़ में सामान्य बारिश; मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और पूरे दक्षिण भारत में सामान्य से ज्यादा और पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, जून में तापमान फिर से बढ़ेगा। अगले महीने मई से ज्यादा गर्मी पड़ने की आशंका है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हीटवेव वाले दिनों की संख्या ज्यादा रहने का भी अनुमान है।

मई में राजस्थान और गुजरात में नौ से 12 दिन हीटवेव चली है, जिसमें तापमान 45 से 50 के बीच रहा है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब में पांच से सात दिन हीटवेव चली है, जिसमें तापमान 44 डिग्री से 48 डिग्री तक रहा है।

गर्मी का असर

एडवाइजरी जारी: दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने ऐलान किया कि सभी सरकारी अस्पतालों में लू के मरीजों के लिए दो बेड रिजर्व किए जाएंगे।

स्कूलों में छुट्‌टी: हरियाणा के सभी स्कूलों में मंगलवार से गर्मी की छुटि्टयां लागू कर दी गई हैं।

पानी की किल्लत: सेंट्रल वॉटर कमीशन के मुताबिक, देश के 150 मुख्य जल स्रोतों में पिछले हफ्ते पानी का स्टॉक कम होकर सिर्फ 24 फीसदी रह गया, जिसके चलते कई राज्यों में पानी की किल्लत हुई और बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ।

बिजली की खपत बढ़ी: देश की बिजली की डिमांड बढ़कर 239.96 गीगावॉट हो गई है, जो इस सीजन में अब तक सबसे ज्यादा है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में पावर डिमांड बढ़कर पिछले साल के ऑल टाइम हाई 243.27 GW को पार कर जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024