Headlines

मोदी बोले- योगीजी अच्छे-अच्छों की गर्मी निकालने में एक्सपर्ट:देवरिया में कहा- माफिया के महल की जगह गरीबों के घर बन रहे; यूपी में माहौल बदला

पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को मिर्जापुर, मऊ और देवरिया में चुनावी रैली को संबोधित किया। देवरिया में पीएम ने सीएम योगी की तारीफ करते हुए कहा- सपा के जंगलराज को आपने देखा। कैसे बहू-बेटियों का बाहर निकलना मुश्किल था। व्यापारियों से रंगदारी वसूली जाती थी।

किसी के प्लॉट पर कब्जा करके गुंडे-माफियाओं के महल खड़े हो जाते थे। जब से योगीजी आए हैं, माहौल और मौसम बदला हुआ है। योगीजी तो अच्छे अच्छों की गर्मी उतारने में एक्सपर्ट हैं। अब माफियाओं के महल की जगह गरीबों के घर बन रहे हैं।

मिर्जापुर में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल और राबर्ट्सगंज से अपना दल (एस) प्रत्याशी रिंकी कोल ने पीएम को मोमेंटो भेंट किया।

इससे पहले मिर्जापुर में मोदी ने कहा- मैं कप-प्लेट धोते और चाय पिलाते बड़ा हुआ हूं। जैसे ही विजय का सूरज उगता है, कमल भी खिलता है। उसी समय कप-प्लेट की याद आती है। चाय की चुस्की लेने का मन करता है। मोदी और चाय का नाता इतना तगड़ा है।

उन्होंने कहा- सपा सरकार ने मिर्जापुर को बदनाम कर दिया था। पूर्वांचल को माफिया का सुरक्षित ठिकाना बना दिया था। जीवन या जमीन कब छिन जाए, कोई नहीं जानता था। सपा सरकार में पहले जनता थर-थर कांपती थी, अब योगी राज में माफिया कांप रहे हैं।

मऊ में पीएम ने कहा- मोदी जब खुलकर इनकी (इंडी गठबंधन) पोल खोलता है तो मोदी की कब्र खोदने के नारे लगाते हैं। वोट जिहाद के फतवे निकालते हैं। लेकिन मोदी के पास माताओं-बहनों का कवच है। मोदी का कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

उन्होंने कहा- इंडी गठबंधन वालों ने आपके घरों में आग लगाई, जिन्होंने आपकी जमीनों पर कब्जा किया, जो माफिया के लिए आंसू बहाते हैं। ऐसे लोगों को अब पूर्वांचल में पैर नहीं रखने देना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Budget 2024